मध्य प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में नाबालिग छात्रा से गैंगरेप का मामला सामने आया है. पुलिस ने कार्यवाही करते हुए एक स्थानीय जिप्सी चालक और होटल में काम करने वाले दो युवकों को हिरासत में लिया है. आरोपियों पर पीड़िता के दोस्त को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम देने का आरोप है.
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता पचमढ़ी में पढ़ाई करती है. वह 19 अगस्त की दोपहर करीब 2 बजे उसका एक स्कूल फ्रेंड उससे मिलने पचमढ़ी आया था. बस स्टैंड पर उसकी मुलाकात जिप्सी ड्राइवर हरिओम से हुई. उस समय हरिओम के साथ पवन बंसल और अभिषेक वंशकार भी मौजूद थे. इसके बाद सभी हरिओम की जिप्सी से घूमने निकले. आरोपी उन्हें दक्षिण स्काउट गाइड के पास स्थित जंगल में ले गए. वहां दोनों को डराया-धमकाया और विरोध करने पर छात्रा के दोस्त को जिप्सी से बांध दिया.
इसके बाद छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. वारदात के बाद दोनों को वापस बस स्टैंड पर छोड़ दिया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी.
घटना के बाद डरी हुई पीड़िता घर लौट आई और स्कूल जाना बंद कर दिया. बड़ी बहन ने स्कूल न जाने का कारण पूछा तो पीड़िता ने उसे पूरी घटना बताई.
इसके बाद रविवार रात वह परिजन के साथ पचमढ़ी थाने पहुंची.मामले की गंभीरता को देखते हुए पिपरिया से महिला सब-इंस्पेक्टर (SI) मोनिका सिंह पचमढ़ी पहुंचीं और पीड़िता के बयान दर्ज किए. देखें VIDEO:-
पुलिस ने हरिओम, पवन बंसल और अभिषेक वंशकार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(2), 115(2), 351(3), 3(5) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया.
एडिशनल एसपी अभिषेक राजन ने बताया कि पचमढ़ी में एक नाबालिक के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई है. 19 तारीख का घटनाक्रम है. पीड़िता अपने परिचित के साथ घर लौट रही थी. इसी बीच उसके परिचित का एक मित्र अन्य दो मित्रों के साथ आया और पीड़िता और उसके मित्र को सुनसान जगह पर ले गए और डरा धमका कर पीड़िता के साथ गलत कृत्य किया गया.
23 तारीख को पीड़िता ने पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट पचमढ़ी थाने में दी. इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें एक्टिव हुईं. रिपोर्ट करने के 6 घंटे के अंतराल में ही तीनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया गया है. तीनों आरोपियों ने वारदात को कुबूल कर लिया है. अब उनको अदालत में पेश किया जा रहा है. आरोपी मूल रूप से बनखेड़ी थाना इलाके के रहने वाले हैं और मजदूरी समेत छोटे-मोटे काम करते हैं.