भारत में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हीटवेव से निपटने के लिए एयर कंडीशनिंग (AC) का इस्तेमाल न करने और अपने साथ एक प्याज़ रखने का सुझाव दिया है. उन्होंने इसके लिए अपनी 'चंबल की त्वचा' और पारंपरिक उपायों का हवाला दिया. कई राज्यों में तापमान 40-46°C के बीच पहुंच गया है और लू चलने की चेतावनी जारी की गई है, तो वहीं सिंधिया की यह सलाह उनकी आदत और सदियों पुरानी प्रथाओं का मिला-जुला रूप दिखाती है.
सिंदिया की यह सलाह पारंपरिक राहत के तरीकों और भीषण लू की बढ़ती हुई असलियत के बीच के अंतर को भी उजागर करती है. जब भारत के बड़े हिस्से झुलसा देने वाले तापमान का सामना करने के लिए तैयार हैं, तब केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक अनोखी सलाह दी है. उन्होंने कहा कि गर्मी से बचने के लिए AC का इस्तेमाल न करें और अपने साथ एक प्याज़ रखें.
रविवार को मध्य प्रदेश के शिवपुरी में एक पब्लिक मीटिंग में बोलते हुए, सिंधिया ने कहा कि जब तापमान 50 डिग्री से ऊपर चला जाता है, तो गर्मी से निपटने के लिए मैं अपनी 'चंबल की त्वचा' पर भरोसा करता हूं. उनका यह बयान ऐसे वक्त में आया है, जब भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कई राज्यों में लू चलने की नई चेतावनी जारी की है.
उन्होंने आगे कहा, "अपनी जेब में एक प्याज़ रखें, आपको कुछ नहीं होगा. आज के ज़माने में हर कोई डिब्बे लेकर घूम रहा है. संचार मंत्री प्याज़ लेकर घूम रहे हैं. ये पुरानी बातें हैं और जैसे-जैसे आयुर्वेद आगे बढ़ रहा है, हमें इन बातों को भूलना नहीं चाहिए."
पूरे भारत में लू का प्रकोप!
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, ज्यादातर इलाकों में इस वक्त अधिकतम तापमान 40 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है. कुछ इलाकों में तापमान पहले ही चरम स्तर पर पहुंच चुका है, जहां अकोला में 46.9 डिग्री सेल्सियस का उच्च तापमान दर्ज किया गया है. मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के कुछ अलग-अलग हिस्सों में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति की चेतावनी दी है. इसके साथ ही, वीकेंड में जम्मू-कश्मीर में भी लू चलने की संभावना जताई गई है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और गुजरात जैसे सूबों में भी ऐसी ही स्थितियों का सामना करने की उम्मीद है, जबकि छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में 28 अप्रैल तक लू की स्थिति बनी रह सकती है.