scorecardresearch
 

'15 साइनाइड बम दिन में फट जाएंगे', इंदौर RTO को धमकी भरे ईमेल, खाली कराया पूरा दफ्तर, मंडला कोर्ट में अफवाह

MP के इंदौर और मंडला में एक के बाद एक मिली बम धमाकों की धमकी ने प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ा दिए हैं. इंदौर RTO में '15 साइनाइड गैस बम' होने के ईमेल के बाद हड़कंप मच गया. हालांकि, तलाशी के बाद यह धमकी फर्जी निकली.

Advertisement
X
इंदौर और मंडला में फर्जी निकले बम के दावे.(Photo: Representational)
इंदौर और मंडला में फर्जी निकले बम के दावे.(Photo: Representational)

मध्य प्रदेश के दो प्रमुख शहरों में बम धमाकों की धमकी मिलने से सनसनी फैल गई. सबसे पहले इंदौर के रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस (RTO) को एक ईमेल मिला, जिसमें दावा किया गया कि परिसर में 15 साइनाइड गैस बम रखे गए हैं, जो दिन के दौरान फट जाएंगे. इसके कुछ ही देर बाद मंडला के जिला अदालत को भी इसी तरह का धमकी भरा संदेश मिला.

इंदौर ARTO अर्चना मिश्रा ने बताया कि RTO के आधिकारिक पते पर एक ईमेल भेजा गया था, जिसमें कहा गया था कि परिसर में 15 साइनाइड गैस बम रखे गए हैं और वे दिन के दौरान फट जाएंगे.

मिश्रा ने कहा, "यह ईमेल तब मिला जब सोमवार को ऑफिस खुला. हमने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसने बम निरोधक दस्ते के साथ मिलकर RTO परिसर को खाली कराया और उसकी अच्छी तरह से तलाशी ली. हालांकि, कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली."

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि साइबर दस्ता ईमेल के स्रोत की जांच कर रहा है. हाल के महीनों में राज्य के तमाम हिस्सों में अदालतों, हवाई अड्डों, बैंक शाखाओं, अस्पतालों और स्कूलों में बम धमाके की धमकी देने वाले ऐसे कई ईमेल मिले हैं. संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं. 

Advertisement

कोर्ट में भी बम की अफवाह
वहीं, मंडला में जिला अदालत को भी रविवार को बम धमाके की धमकी वाला एक ईमेल मिला था, हालांकि परिसर की अच्छी तरह से तलाशी लेने पर कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला.

एसपी रजत सकलेचा ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि अदालत परिसर की पूरी तरह से तलाशी ली गई. कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लोगों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है.

अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और ईमेल के स्रोत का पता लगाने के प्रयास जारी हैं. SDOP पीयूष मिश्रा ने बताया कि इस मामले में आगे की जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement