मध्य प्रदेश के ग्वालियर की सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और खुद को ‘इंस्टाग्राम क्वीन’ कहने वाली पलक रजक की संदिग्ध मौत ने पूरे मध्य प्रदेश को झकझोर दिया है. महज 21 साल की उम्र में हुई इस मौत के बाद अब उसकी सोशल मीडिया रील्स, आखिरी फोन कॉल और शादीशुदा जिंदगी को लेकर किए गए पोस्ट पुलिस जांच के केंद्र में आ गए हैं.
पलक रजक की इंस्टाग्राम प्रोफाइल अब पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन गई है. उनकी मौत से ठीक पहले की कुछ रील्स ने सबको चौंका दिया है.
दरअसल, 24 अप्रैल 2026 को अपनी पहली मैरिज एनिवर्सरी पर पलक ने 'मैं यहां भी गई, मैं वहां भी गई...' गाने पर रील पोस्ट की थी.
इसमें कैप्शन लिखा, ''सत्यानाश होने वाले जितने रास्ते थे, मैं सब में VIP एंट्री लेकर घुस गई...'' यह पोस्ट उनकी टूटती शादीशुदा जिंदगी की तरफ इशारा करती है. देखें VIDEO:-
मौत से महज दो दिन पहले यानी 10 मई को पलक ने एक रील पोस्ट की थी जिसमें Panic Attack, Anxiety, Depression, Sleepless Nights और लगातार रोने जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया था. देखें VIDEO:-
ससुराल पक्ष का दावा- गांजे और शराब की आदी थी पलक
गिरफ्तार किए गए आरोपी पति अमित रजक ने पुलिस पूछताछ में दावा किया कि पलक गांजे और शराब की आदी थी. वहीं, खुद को पलक की ननद बताने वाली लता रजक ने थाने पहुंचकर गंभीर आरोप लगाए:
लता का आरोप है कि पलक बियर और गांजा पीती थी और लड़कों के साथ घूमती थी. ननद ने दावा किया कि पलक ब्लेड से हाथ काट लेती थी और मायके में भी जान देने की कोशिश कर चुकी थी.
लता ने यह भी कहा कि उनके पास पलक के कुछ अश्लील वीडियो हैं, जिन्हें वे बाद में वायरल करेंगी. उन्होंने आरोप लगाया कि औरतों के कानून का गलत फायदा उठाकर उनके परिवार को फंसाया जा रहा है.
पिता का पलटवार- मेरी मृत बेटी को बदनाम मत करो
पलक के पिता मोहर सिंह ने पति और ननद के इन आरोपों पर कड़ी आपत्ति जताई है. उन्होंने भड़कते हुए कहा, "अगर सबूत है तो सामने रखो, मेरी मृत बेटी को बदनाम मत करो." परिजनों का कहना है कि यह सुसाइड नहीं, बल्कि हत्या है. आरोप है कि ससुराल वाले कार और सोने की चेन की मांग को लेकर पलक को प्रताड़ित कर रहे थे.
पलक का वो आखिरी कॉल
मौत से महज 20 मिनट पहले पलक ने पिता को फोन कर अपनी पीड़ा बताई थी. भाई प्रिंस उसे लेने जाने वाला था, लेकिन उससे पहले ही मौत की खबर आ गई.

पुलिस का एक्शन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, पलक की मौत की वजह 'हैंगिंग' यानी फांसी लगने से दम घुटना है. शरीर पर किसी बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं.
CSP अतुल सोनी ने बताया कि परिजनों के आरोपों और साक्ष्यों के आधार पर पति अमित, देवर आकाश और सास मीरा देवी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.
पुलिस ने आरोपी पति अमित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सास और देवर अभी फरार हैं. पुलिस अब कॉल रिकॉर्ड और सोशल मीडिया एक्टिविटी की तकनीकी जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: इंस्टा क्वीन पलक रजक सुसाइड केस: पति का आरोप- शादी के बाद भी था पत्नी का अफेयर
पलक रजक सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थी और उसकी रील्स को हजारों लोग देखते थे. ग्लैमरस वीडियो, ट्रेंडिंग गानों और इमोशनल कैप्शन के जरिए उसने बड़ी फैन फॉलोइंग बनाई थी. लेकिन अब वही रील्स उसकी मौत के बाद रहस्य और सवालों का सबसे बड़ा आधार बन गई हैं.
एक तरफ पोस्टमार्टम रिपोर्ट आत्महत्या की ओर इशारा कर रही है, तो दूसरी ओर परिवार इसे सुनियोजित हत्या बता रहा है. अब सभी की नजर पुलिस जांच और उन डिजिटल सबूतों पर टिकी है, जो पलक रजक की मौत के पीछे की सच्चाई सामने ला सकते हैं.