मध्य प्रदेश के विदिशा में चलती ट्रेन से 10 लाख रुपये से भरा बैग चोरी होने के मामले का जीआरपी ने खुलासा किया है. यात्री को ट्रेन में नींद लग गई थी और उसने रुपयों से भरा बैग सीट के ऊपर लगी रेलिंग पर रख दिया था. जब विदिशा रेलवे स्टेशन पर उसकी नींद खुली तो बैग गायब था. मामले की जांच में पुलिस ने करीब 200 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और आखिरकार एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के पास से 9 लाख 36 हजार रुपये नकद समेत करीब 9.43 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है.
500 के नोटों की 20 गड्डियां लेकर निकला था युवक
पुलिस के मुताबिक, घटना 6 अक्टूबर की है. फरियादी अपने मालिक के निर्देश पर बीना की एक प्लायवुड दुकान से 10 लाख रुपये लेने गया था. रकम मिलने के बाद उसने 500-500 रुपये के नोटों की 20 गड्डियां काले रंग के पिट्ठू बैग में रखीं और बीना से भोपाल जाने वाली मेमो ट्रेन में सवार हो गया.
ट्रेन जब गंजबासौदा रेलवे स्टेशन पहुंची तो डिब्बे में काफी भीड़ हो गई. इस दौरान युवक ने रुपयों से भरा बैग सीट के ऊपर लगी रेलिंग पर रख दिया. कुछ देर बाद उसे नींद लग गई.
विदिशा में खुली नींद तो गायब था बैग
विदिशा रेलवे स्टेशन पर युवक की नींद खुली तो उसने अपना बैग तलाशना शुरू किया, लेकिन बैग वहां नहीं था. 10 लाख रुपये से भरा बैग गायब देखकर उसके होश उड़ गए. उसने तत्काल जीआरपी थाना विदिशा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
करीब 200 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले
10 लाख रुपये की चोरी का मामला होने के कारण पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया. पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल अंकित जायसवाल के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने फरियादी के आने-जाने वाले रास्तों और संबंधित स्थानों पर लगे करीब 200 CCTV कैमरों के फुटेज की जांच की.
पुलिस ने मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की. CCTV फुटेज में मिले संदिग्ध के हुलिए का मिलान रेल इकाई भोपाल के अलग-अलग थानों में पुराने मामलों में शामिल रहे आरोपियों के रिकॉर्ड से किया गया.
आरोपी तक पहुंची पुलिस, 9.36 लाख कैश बरामद
तकनीकी और मैदानी जांच के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान की और दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात करना स्वीकार कर लिया.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर काला बैग, 9 लाख 36 हजार रुपये नकद और फरियादी का मोबाइल चार्जर बरामद किया गया. इसके अलावा चोरी की रकम से खरीदा गया एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है. पुलिस ने कुल करीब 9 लाख 43 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है.
रेल यात्रियों से पुलिस की अपील
मध्य प्रदेश रेल पुलिस ने यात्रियों से ट्रेन में सफर के दौरान नकदी और कीमती सामान को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. पुलिस ने कहा है कि यात्री कीमती सामान को खुला या खुद से दूर न रखें. ट्रेन या रेलवे स्टेशन पर किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल रेलवे पुलिस को इसकी सूचना दें.