scorecardresearch
 

भोपाल में पकड़ा गया नकली नोटों का जखीरा, बंगाल का MBBS डॉक्टर निकला मास्टरमाइंड

भोपाल में नकली नोटों के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस ने पश्चिम बंगाल के एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से 1.40 लाख रुपये के नकली नोट बरामद हुए हैं. खुद को एमबीबीएस डॉक्टर बताने वाला आरोपी इंटरनेशनल नंबर और व्हाट्सएप कॉलिंग के जरिए नेटवर्क चलाता था. पुलिस अब उसके बड़े सिंडिकेट से जुड़े होने की जांच कर रही है.

Advertisement
X
भोपाल में पकड़ा गया नकली नोटों का जखीरा (Photo: itg)
भोपाल में पकड़ा गया नकली नोटों का जखीरा (Photo: itg)

मध्यप्रदेश में भोपाल के कोहेफिजा थाना पुलिस ने नकली नोटों के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए पश्चिम बंगाल निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से 500-500 रुपये के कुल 280 नकली नोट, जिनकी कीमत 1 लाख 40 हजार रुपये है, बरामद किए गए हैं. आरोपी खुद को MBBS डॉक्टर बताता है और भोपाल में लंबे समय से रह रहा था.

पुलिस के अनुसार 25 साल के आरोपी सैफुल इस्लाम को मुखबिर की सूचना पर सेफिया कॉलेज ग्राउंड के पास से गिरफ्तार किया गया. सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक कम दामों में 500 रुपये के नोट बेचने की बात कर रहा है.  इसके बाद कोहेफिजा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया. तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से चार अलग-अलग सीरीज के नकली नोट, 

एक आईफोन, एक एंड्रॉइड मोबाइल और अन्य सामान बरामद हुआ. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पश्चिम बंगाल से नकली नोट लाकर भोपाल सहित अन्य जगहों पर खपाता था. पुलिस का कहना है कि आरोपी का कोई स्थायी रोजगार नहीं था और वह खर्चीला लाइफस्टाइल जीने के लिए नकली नोटों का कारोबार कर रहा था.

 जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए APPLE iPhone में UK +44 सीरीज का इंटरनेशनल नंबर इस्तेमाल करता था और व्हाट्सएप कॉलिंग के जरिए संपर्क करता था. आरोपी का दावा है कि इससे कॉल ट्रैकिंग और रिकॉर्डिंग से बचा जा सकता है. पुलिस को आरोपी के मोबाइल से कुछ संदिग्ध ट्रांजेक्शन भी मिले हैं.

Advertisement

आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी बड़े नकली नोट सप्लाई गिरोह या सिंडिकेट से जुड़ा हो सकता है. पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि आरोपी का किसी विशेष विचारधारा या संगठित नेटवर्क से संबंध तो नहीं है. पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर 7 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है. उससे पूछताछ जारी है और आने वाले दिनों में बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement