scorecardresearch
 

भोपाल बॉक्स मर्डर मिस्ट्री सुलझी, डेटिंग ऐप से शुरू हुआ रिश्ता हत्या पर खत्म

भोपाल में बक्से में मिली युवती की लाश के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया है. जांच में सामने आया कि ऑनलाइन डेटिंग से शुरू हुआ रिश्ता लिव-इन तक पहुंचा और फिर विवाद के बाद हत्या में बदल गया. मुख्य आरोपी समेत परिवार के चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. शव को लोहे की पेटी में बंद कर सेप्टिक टैंक में फेंका गया था.

Advertisement
X
पुलिस के हत्थे चढ़ा हत्या का आरोपी (Photo: Screengrab)
पुलिस के हत्थे चढ़ा हत्या का आरोपी (Photo: Screengrab)

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में बक्से में मिली युवती की लाश के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे में सुलझा लिया है. जांच में सामने आया कि ऑनलाइन डेटिंग से शुरू हुआ रिश्ता विवाद में बदल गया और अंत में युवती की हत्या कर दी गई. इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है.

लिव-इन रिलेशनशिप बनी हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार 7 और 8 फरवरी की रात युवती की गला घोंटकर हत्या की गई थी. हत्या के बाद शव को लोहे की पेटी में बंद कर अगले दिन सेप्टिक टैंक में फेंक दिया गया. मृतका की पहचान 22 साल के मिसबाह के रूप में हुई, जो महाराष्ट्र के गोंदिया की रहने वाली थी.

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और स्थानीय पूछताछ के आधार पर पुलिस कमल नगर निवासी समीर तक पहुंची. हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर समीर ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

पूछताछ में सामने आया कि समीर और मिसबाह की पहचान एक ऑनलाइन डेटिंग एप के जरिए हुई थी. अक्टूबर 2025 से मिसबाह भोपाल में समीर के घर लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी. बताया गया कि समीर उसे दोस्त बताकर घर लेकर आया था. युवती के घर आने के बाद समीर की पत्नी नाराज होकर अपने मायके जबलपुर चली गई थी.

Advertisement

शादी के दबाव और पैसों के विवाद में युवती की हत्या

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था. समीर युवती से छुटकारा पाना चाहता था, जबकि मिसबाह शादी का दबाव बना रही थी. 7-8 फरवरी की रात दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि समीर ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. 

हत्या के बाद आरोपी ने करीब 8 से 10 घंटे तक शव को घर में ही रखा. बाद में उसने अपने भाई, मां और बहन को घटना की जानकारी दी. इसके बाद सभी ने मिलकर शव को लोहे की पेटी में बंद किया और अगले दिन रात में पास के सेप्टिक टैंक में फेंक दिया.

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement