scorecardresearch
 

भोपाल: बंसल वन मॉल के बाहर 10 मिनट तक बवाल, लड़कियों के सामने युवकों को कार से खींचकर जमीन पर पटका

भोपाल की सड़कें एक बार फिर हाई-वोल्टेज ड्रामे और नशे में चूर युवाओं की गुंडागर्दी की गवाह बनी हैं. अभी एमपी नगर के पब के बाहर युवतियों की मारपीट का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि हबीबगंज थाना इलाके के बंसल वन मॉल के पास आधी रात को हुई खूनी झड़प ने शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Advertisement
X
भोपाल में GRP थाने से चंद कदम दूर गुंडागर्दी.(Photo:Screengrab)
भोपाल में GRP थाने से चंद कदम दूर गुंडागर्दी.(Photo:Screengrab)

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में देर रात की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर कटघरे में है. बुधवार रात करीब 1:30 बजे बंसल वन मॉल के बाहर नशे में धुत कुछ युवकों ने जमकर उत्पात मचाया. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे 4-5 लड़के एक लाल रंग की कार को घेरते हैं और उसमें बैठे दो युवकों को कॉलर पकड़कर बाहर घसीट लेते हैं.

चश्मदीदों के अनुसार, यह हाई-वोल्टेज ड्रामा करीब 10 मिनट तक चलता रहा. हमलावर युवकों ने कार सवारों को जमीन पर पटककर लात, घूंसों और थप्पड़ों से जमकर पीटा. इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लड़कियां बीच-बचाव करने की कोशिश करती रहीं, लेकिन हमलावर पूरी तरह बेकाबू थे. इस हंगामे की वजह से रात के समय भी सड़क पर 20 मिनट तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही.

विवाद की वजह 
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत पार्किंग को लेकर हुई कहासुनी से हुई थी, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. हमलावरों ने कार सवार युवकों पर छेड़खानी का भी आरोप लगाया है. हालांकि, मारपीट का तरीका इतना बर्बर था कि घायल युवकों को गंभीर चोटें आई हैं.

हैरान करने वाली बात यह है कि जहां यह वारदात हुई, वहां से जीआरपी थाना महज कुछ मीटर की दूरी पर है, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार होने में कामयाब रहे.

Advertisement

पुलिस का पक्ष
स्थानीय पुलिस प्रशासन ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए FIR दर्ज कर ली है. पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है.

भोपाल में बढ़ता 'पब कल्चर' 
बता दें कि हाल ही में एमपी नगर जोन-1 में एक पब के बाहर नशे में धुत युवतियों के बीच मारपीट का वीडियो भी वायरल हुआ था. बार-बार सामने आ रही ऐसी तस्वीरें राजधानी की रात्रिकालीन सुरक्षा और युवाओं में बढ़ते नशे के चलन की ओर इशारा कर रही हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement