
दुनिया के सबसे छोटे शादीशुदा कपल के रूप में पहचान बनाने वाले ब्राजील के पाउलो गेब्रियल दा सिल्वा बैरोस (Paulo Gabriel da Silva Barros) और कात्युसिया ली होशिनो (Katyucia Lie Hoshino) की कहानी न सिर्फ इंस्पायरिंग है, बल्कि ये साबित करती है कि प्यार किसी भी रंग-रूप का मोहताज नहीं होता. इस शादीशुदा कपल की हाइट कुल मिलाकर 181.41 सेंटीमीटर है. सालों की मुश्किलों और तमाम चुनौतियों के बावजूद, इस कपल ने अपनी दुनिया खुद बनाई है. इन्होंने अपने घर को इस तरह रिनोवेट कराया है कि वहां हर चीज उनकी हाइट के हिसाब से फिट है, जिससे उन्हें इंडिपेंडेंट रहने में काफी हेल्प मिलती है और घर उनका सेफ प्लेस बन गया है. दोनों की मुलाकात कैसे हुई और दोनों का घर कैसा है, इस बारे में जान लीजिए.
ऑनलाइन हुई थी पहली मुलाकात

पाउलो और कात्युसिया की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. इनकी पहली मुलाकात साल 2006 में ऑर्कुट (Orkut) नामक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हुई थी. पाउलो को पहली नजर में ही कात्युसिया से प्यार हो गया था, लेकिन शुरुआत में कात्युसिया ने उन्हें ब्लॉक कर दिया था.
हालांकि, पाउलो ने हार नहीं मानी और उनकी बातचीत का सिलसिला चलता रहा. आखिरकार दिसंबर 2008 में वे पहली बार मिले और कुछ ही समय बाद दोनों ने डेटिंग शुरू कर दी. 4 साल के लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशनशिप के बाद, कात्युसिया ने 2012 में अपने घर को छोड़कर पाउलो के शहर इटापेवा में बसने का फैसला किया. फिर 3 नवंबर 2016 को दोनों ने शादी कर ली.
घर को बनाया सेफ प्लेस

दुनिया की नजरों में भले ही वे छोटे हों, लेकिन उन्होंने अपने घर को अपनी शर्तों पर बड़ा और आरामदायक बनाया है. इस कपल ने अपने घर को कस्टमाइज कराने के लिए किचन से लेकर बाथरूम तक में बदलाव किए हैं. उन्होंने किचन में पारंपरिक अलमारियों की जगह स्लाइडिंग ड्रॉअर और ओपन शेल्फ लगवाए हैं ताकि उन्हें किसी स्टूल की जरूरत न पड़े.

सबसे खास है उनका कस्टम-मेड सिंक, जिसे उनकी हाइट के हिसाब से नीचे लगाया गया है. पाउलो का कहना है कि यह उनके घर का सबसे पसंदीदा हिस्सा है, क्योंकि अब वे बिना संघर्ष के बर्तन धो सकते हैं. इसके अलावा पूरे घर में लाइट स्विच और डोर हैंडल को भी कम ऊंचाई पर सेट किया गया है, ताकि वे आसानी से उन तक पहुंच सकें.
बाहरी दुनिया की चुनौतियां
भले ही घर के अंदर सब कुछ इन्होंने अपनी सुविधानुसार सेट कर लिया हो, लेकिन घर से बाहर कदम रखते ही आज भी इन्हें काफी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के मुताबिक, पब्लिक प्लेस पर एटीएम मशीनों का ऊंचा होना, खिड़कियां और दरवाजों की ऊंचाई इनके लिए किसी बड़े टास्क से कम नहीं होती.
ये कपल बताता है कि कई बार समाज का नजरिया इनके लिए ज्यादा संवेदनशील नहीं होता, जो थोड़ा परेशान करने वाला है. लेकिन अच्छी बात ये है कि दोनों के बीच का बॉन्ड इतना मजबूत है कि एक-दूसरे का साथ ही इनकी सबसे बड़ी ताकत है.
पाउलो और कात्युसिया का बस एक ही मैसेज है. इंसान की लंबाई से ज्यादा उसके मन और उसकी फीलिंग्स को देखना जरूरी है. इनकी कहानी हमें सिखाती है कि लाइफ में मुश्किलें चाहे कितनी भी हों, अगर 'पार्टनर' का साथ पक्का हो, तो दुनिया का हर कोना अपना सा लगने लगता है.