scorecardresearch
 

मनी प्लांट का सूखना ना कर दे गरीब! पत्तियों को देखकर समझ जाएं दिक्कत और तुरंत सुधारें गलती

मनी प्लांट की पत्तियां पीली, भूरी या मुड़ी हुई नजर आ रही हैं? इन्हें नजरअंदाज न करें, क्योंकि पौधा पूरी तरह खराब होने से पहले अपनी परेशानी के कई संकेत देता है. कभी पानी की कमी, तो कभी ज्यादा धूप या फंगल इन्फेक्शन इसकी वजह हो सकता है. जानें मनी प्लांट की पत्तियों के 6 बड़े संकेत, उनके पीछे की वजह और पौधे को फिर से हरा-भरा बनाए रखने के आसान गार्डनिंग टिप्स.

Advertisement
X
मनी प्लांट की पत्तियां अगर झुलसी हुई लग रही हैं तो उसे छांव चाहिए होती है. (Photo: ITG)
मनी प्लांट की पत्तियां अगर झुलसी हुई लग रही हैं तो उसे छांव चाहिए होती है. (Photo: ITG)

Money Plant Leaves: अगर किसी को जरा भी बागवानी का शौक है, तो उसने अपने घर में मनी प्लांट जरूर लगाया होगा. घर में मनी प्लांट लगाना लगभग हर किसी को पसंद होता है. माना जाता है कि ये घर में सुख, समृद्धि और पॉजिटिव एनर्जी लाता है. इसकी देखभाल करना भी आसान होता है. हालांकि, कई बार अच्छी देखभाल करने के बाद भी अचानक मनी प्लांट की पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं, मुड़ने लगती हैं या उन पर धब्बे आ जाते हैं.

पत्तियों का ये हाल देखकर अक्सर लोग सोचते हैं कि पौधा खराब हो रहा है. कई बार तो लोग इसे सूखा समझकर उसकी देखभाल करना ही छोड़ देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि पौधे की पत्तियां खराब होने से पहले ही आपको उसकी परेशानी का इशारा देने लगती हैं? दरअसल, मनी प्लांट की पत्तियों का रंग, आकार और बनावट उसकी सेहत के बारे में काफी कुछ बता सकते हैं. कभी पत्तियां पानी की कमी का संकेत देती हैं, तो कभी ज्यादा पानी या तेज धूप की वजह से परेशान होती हैं. यानी पौधे को बचाने के लिए बस उसकी पत्तियों को ध्यान से देखना जरूरी है. आइए जानते हैं मनी प्लांट की पत्तियों के ऐसे 6 संकेत, जिन्हें पहचानकर आप समय रहते अपने पौधे की देखभाल कर सकते हैं.

1. सूखी और मुड़ी हुई पत्तियां (पौधा प्यासा है): अगर आपके मनी प्लांट की पत्तियों के किनारे भूरे, कड़क और मुड़े हुए नजर आ रहे हैं, तो इसका सीधा सा मतलब है कि पौधा पानी मांग रहा है. मिट्टी में नमी खत्म हो चुकी है और पौधे को तुरंत पानी की जरूरत है. हालांकि ध्यान रखें कि गमले में पानी जमा न हो, केवल मिट्टी को नम करें.

2. झुलसे हुए भूरे पैच (छांव की है तलाश): जब पत्ती पर बड़े भूरे और जले हुए जैसे धब्बे दिखने लगें, तो समझ जाइए कि पौधे को धूप की वजह से 'सनबर्न' हो गया है. पौधा आपसे कह रहा है कि उसे छायादार जगह चाहिए. मनी प्लांट को सीधी और कड़क धूप से बचाकर ऐसी जगह रखें जहां छनकर रोशनी आती हो.

3. पत्तियों का फीका और हल्का पड़ना (थोड़ी और धूप चाहिए): अगर मनी प्लांट की पत्तियां अपनी डार्क ग्रीन चमक खोकर एकदम हल्की या फीकी दिखने लगें, तो ये रोशनी की कमी का संकेत हो सकता है. बहुत ज्यादा अंधेरे में रखने से पौधे में क्लोरोफिल कम बनने लगता है. इसे ऐसी जगह रखें जहां धूप की रोशनी अच्छी तरह से आती हो.

Advertisement

4. पत्ती का पीला पड़ना (ज्यादा पानी देने की बड़ी गलती): अक्सर लोग पौधे को प्यार-प्यार में जरूरत से ज्यादा पानी दे देते हैं. अगर पत्ती पूरी तरह पीली पड़ रही है या गलने जैसी लग रही है, तो समझ जाएं कि पौधा कह रहा है कि मुझे कम पानी दो. ओवर-वॉटरिंग से जड़ें सड़ने का खतरा रहता है. जब तक गमले की ऊपरी मिट्टी सूख न जाए, दोबारा पानी न दें.

5. पत्तियों पर गोल काले-भूरे धब्बे (फंगस का हमला): अगर पत्तियों पर पीले घेरे के साथ भूरे या काले रंग के धब्बे बन रहे हैं, तो ये आपको समझने की जरूरत है कि आपको मनी प्लांट को फंगल इन्फेक्शन हो चुका है. ज्यादा नमी या पत्तियों पर पानी ठहरे रहने से फंगस पनपती है. ऐसी इंफेक्टेड पत्तियों को तुरंत काट दें और पौधे पर नीम के तेल या एंटी-फंगल स्प्रे छिड़क दें.

6. पत्तियों में छेद और कटे-फटे निशान (कीड़ों का हमला): अगर मनी प्लांट की पत्तियों के बीच में छोटे-छोटे छेद दिखें या किनारे कुतरे हुए लगें, तो आपके पौधे पर कीड़ों या पेस्ट्स का हमला हो चुका है. इसके लिए पत्तियों को साफ पानी से धोएं और किसी ऑर्गेनिक कीटनाशक का इस्तेमाल कर पौधे को कीड़ों से बचा सकते हैं.

पौधे को बचाने का आसान तरीका है उसके इशारों को समझना
मनी प्लांट की पत्तियां सिर्फ घर की खूबसूरती नहीं बढ़ातीं, बल्कि पौधे की सेहत का संकेत भी देती हैं. इसलिए पत्तियों का रंग या आकार बदलते ही घबराने के बजाय पहले ये समझने की कोशिश करें कि पौधे को पानी, रोशनी या किसी दूसरी देखभाल की जरूरत तो नहीं है. समय रहते इन छोटे-छोटे संकेतों को पहचान लिया जाए, तो पौधे की हालत ज्यादा बिगड़ने से पहले उसकी देखभाल की जा सकती है और आपका मनी प्लांट लंबे समय तक हरा-भरा बना रह सकता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement