How to Fix Fridge cooling: गर्मियों का मौसम आते ही घर के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर लोड बढ़ जाता है, खासकर हमारे रेफ्रिजरेटर पर. कई बार ऐसा होता है कि फ्रिज का कंप्रेसर चल रहा है, अंदर की लाइट भी जल रही है लेकिन जैसी कूलिंग होनी चाहिए, वैसी नहीं हो रही. फ्रिज के अंदर रखा दूध फट जाता है और सब्जियां सड़ने लगती हैं.
इस स्थिति में हम अक्सर घबराकर तुरंत मैकेनिक को फोन घुमा देते हैं जिससे जेब पर मोटा खर्च आ जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि कई बार यह समस्या किसी तकनीकी खराबी के कारण नहीं बल्कि हमारी छोटी-छोटी लापरवाहियों या मेंटेनेंस की कमी से होती है.
कूलिंग बढ़ाने की आसान ट्रिक्स
आइए जानते हैं कुछ ऐसे कमाल के और आसान घरेलू ट्रिक्स जिनकी मदद से आप घर बैठे ही अपने फ्रिज की कूलिंग को फिर से पहले जैसा दमदार बना सकते हैं.
कंडेंसर कॉइल्स की सफाई करें
फ्रिज के पीछे या नीचे की तरफ लगी कंडेंसर कॉइल्स पर अक्सर धूल की मोटी परत जम जाती है. इसके कारण कंप्रेसर की गर्मी बाहर नहीं निकल पाती और फ्रिज कूलिंग करना कम कर देता है. साल में कम से कम दो बार वैक्यूम क्लीनर या ब्रश से इसकी सफाई जरूर करें.
डोर गैस्केट (रबर सील) की जांच
फ्रिज के दरवाजे पर लगी रबर की सील (गैस्केट) ढीली या कटी-फटी होने पर अंदर की ठंडी हवा बाहर निकलने लगती है. इसे चेक करने के लिए दरवाजे के बीच में एक कागज का टुकड़ा फंसाएं. अगर कागज आसानी से बाहर खिंच आता है तो समझें रबर बदलने का समय आ गया है.
फ्रिज को दीवार से सटाकर न रखें
कई लोग जगह बचाने के चक्कर में फ्रिज को दीवार से एकदम सटाकर रख देते हैं. ऐसा करने से वेंटिलेशन रुक जाता है और कंप्रेसर ओवरहीट होने लगता है. फ्रिज और दीवार के बीच हमेशा कम से कम 6 से 8 इंच की दूरी बनाए रखें.
थर्मोस्टेट की सेटिंग चेक करें
अनजाने में कई बार फ्रिज का तापमान (थर्मोस्टेट) कम पर सेट हो जाता है. गर्मियों के दिनों में फ्रिज के टेम्परेचर को मौसम के अनुसार हाई या सिल्वर मोड पर सेट करें ताकि कंप्रेसर पूरी क्षमता से काम कर सके.
ओवरलोडिंग से बचें और वेंट्स को रखें साफ
फ्रिज के अंदर क्षमता से अधिक सामान ठूंस-ठूंस कर भरने से अंदरूनी हवा का सर्कुलेशन ब्लॉक हो जाता है. इसलिए ऐसा ना करें. साथ ही यह भी ध्यान रखें कि जहां से ठंडी हवा निकलती है (कूलिंग वेंट्स), उनके ठीक आगे कोई बड़ा बर्तन या डिब्बा न रखा हो.