scorecardresearch
 

राशन की दुकान में घुसा जंगली हाथी, तहस-नहस कर दिया सामान... फिर बोरियां फाड़कर खाने लगा चावल

सुबह के करीब साढ़े पांच बजे लोग अभी अपने घरों में थे, तभी केरल के इडुक्की जिले में एक जंगली हाथी राशन की दुकान में घुस गया. हाथी ने दुकान का सामान तहस-नहस कर दिया, चावल की बोरियां बाहर खींचीं और आराम से अनाज खाने लगा. लोगों को पता चला तो मौके पर पहुंचे, इसके कुछ देर बाद हाथी जंगल की ओर लौट गया.

Advertisement
X
आसपास के लोगों ने मचाया शोर, तब लौटा हाथी. (Photo: Representational)
आसपास के लोगों ने मचाया शोर, तब लौटा हाथी. (Photo: Representational)

सुबह के साढ़े पांच बजे थे. केरल के इडुक्की में एक जंगली हाथी सीधे दुकान में घुस गया, चावल की बोरियां बाहर खींचीं और उन्हें खाना शुरू कर दिया. जब तक ग्रामीण पहुंचे, तब तक दुकान का सामान बिखर चुका था. यह कहानी केरल के इडुक्की जिले के अनायिरंगल गांव की है. यहां शुक्रवार की सुबह कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला.

एजेंसी के मुताबिक, वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इलाके में अक्सर नजर आने वाला दंतैल हाथी 'चक्काकोम्बन' सुबह करीब 5:30 बजे राशन की दुकान तक पहुंच गया. दुकान में घुसते ही उसने चावल की बोरियां बाहर खींचीं, कुछ बोरियां फाड़ दीं और आराम से अनाज खाने लगा. हाथी की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए. ग्रामीणों ने शोर मचाया तो 'चक्काकोम्बन' जंगल की ओर लौट गया. हालांकि, तब तक दुकान को काफी नुकसान पहुंच चुका था.

यह भी पढ़ें: शहर के अंदर घुस आया जंगली हाथी, दहशत में आ गए लोग... बाहर खदेड़ने में जुटी वन विभाग की टीम

अनायिरंगल की यह राशन दुकान पहले भी कई बार हाथियों के निशाने पर आ चुकी है. इससे पहले 'अरिकोम्बन' नाम का जंगली हाथी यहां पहुंचकर नुकसान कर चुका था. साल 2023 में वन विभाग ने उसे पकड़कर तमिलनाडु के जंगल में शिफ्ट कर दिया था. लेकिन अरिकोम्बन के जाने के बाद अब 'चक्काकोम्बन' यहां आकर नुकसान करने लगा.

Advertisement

वन विभाग का कहना है कि यह राशन की दुकान हाथियों के प्राकृतिक आवास के बिल्कुल करीब है. खास बात यह है कि यहां सुरक्षा के लिए सोलर फेंसिंग नहीं लगी है, जबकि पास के पन्नियार इलाके की राशन दुकान में सोलर फेंसिंग होने की वजह से वहां ऐसी घटनाएं कम होती हैं, लेकिन अनायिरंगल की दुकान अब भी असुरक्षित है. घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का जायजा लिया. लोगों का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए दुकान के आसपास सुरक्षा इंतजाम मजबूत करना जरूरी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement