
Rashtrapati Bhavan’s Banquet Menu For Vietnam President: भारतीय खाना अब विदेशों में भी अपना जादू बिखेर रहा है, यहां अलग-अलग राज्य में अलग तरह का खाना बनता है, जो वहां की खासियत भी बन जाता है. पहाड़ी, हिमाचली, राजस्थानी,कश्मीरी के अलावा पंजाबी और हरियाणी खाना भी लोग ब़ड़े चाव से खाते हैं. अब तो हरियाणा और पंजाब का जायका राष्ट्रपति भवन तक पहुंच गया है.
हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम के लिए एक शाही दावत रखी थी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई केंद्रीय मंत्री भी शामिल हुए थे.इस खास राजकीय भोज में भारतीय संस्कृति, खेती-किसानी और देसी स्वादों का एक अलग ही कॉम्बिनेशन देखने को मिला, आइए जानते हैं, इस खास भोज में क्या-क्या परोसा गया.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में ऐसा पारंपरिक उत्तर भारतीय भोज आयोजित किया, जिसकी चर्चा अब देशभर में हो रही है. इस खास दावत में पंजाब और हरियाणा के देसी खाने को खास जगह दी गई और मेहमानों को भारत की मिट्टी से जुड़ा असली स्वाद चखने का मौका मिला.
इस स्टेट बैंक्वेट को मशहूर शेफ हरपाल सिंह सोखी ने तैयार किया था. पूरा डाइनिंग हॉल फुलकारी कला से डेकोरेट किया गया था, जो पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दिखाता है. मेहमानों को पारंपरिक थाली में खाना परोसा गया, जिसमें देसी करी, अचार, मक्खन और कई तरह की रोटियां शामिल थीं.
मेन्यू में ऐसी डिशेज शामिल थीं जो आमतौर पर बड़े इंटरनेशनल इवेंट्स में कम देखने को मिलती हैं, स्टार्टर में भरवां विलायती गोभी को हरे टमाटर की मखनी ग्रेवी के साथ परोसा गया. इसके अलावा गाजर, मटर और वड़ियों से बनी पंजाबी डिश ने भी लोगों का ध्यान खींचा.

हरियाणा की मशहूर हिसार बाजरा खिचड़ी, भटिंडे वाले आलू भी इस शाही दावत का खास हिस्सा रहे. साधारण नान के बजाय चुकंदरी चिलगोजा नान और मसूर दाल की रोटी ने मेहमानों को हैरान कर दिया.
मीठे में खास 'गन्ने के रस की खीर'
मिठाइयों में भी देसी स्वाद पूरी तरह छाया रहा, मीठे में विदेशी मेहमानों को बाजरा गुड़ चूरमा डोड़ा को मलाई कुल्फी के साथ परोसा गया. लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा जिस डिश की हुई, वह थी गन्ने दे रस दी खीर. गन्ने के रस से तैयार की गई यह अनोखी खीर पंजीरी के साथ परोसी गई, जिसने पंजाब की पुरानी रसोई की याद दिला दी.
हरियाणा और पंजाब दोनों ही खेती और किसानी के लिए जाने जाते हैं, ऐसे में इस मेन्यू में मेहमानों को ताजे फल भी परोसे गए. इनके अलावा मसाला केसर चाय, पुदीना चाय और कॉफी के टेस्ट ने भी हर किसी का दिल जीत लिया.