आदित्य धर की फिल्म धुरंधर हिंदी सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी फिल्म है. इसका बॉक्स ऑफिस कलेक्शन, दोनों फिल्मों को मिलाकर 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा रहा. रणवीर सिंह समेत फिल्म के सभी एक्टर्स बॉलीवुड के बड़े स्टार्स बन गए. लेकिन अक्षय खन्ना का स्टारडम अचानक कई गुना बढ़ गया.
दिसंबर 2025 में आई धुरंधर में अक्षय खन्ना, रहमान डकैत बनकर लोगों के दिलों पर छा गए थे. पिक्चर के मेन विलेन होने के बावजूद उन्हें जनता ने काफी प्यार दिया. हर तरफ सिर्फ उनका जलवा दिखा, सोशल मीडिया पर सभी उनके फैन बन गए. मगर अक्षय इस स्टारडम के आसपास भी नजर नहीं आए, बल्कि वो चुपचाप अपना काम करते रहे.
धुरंधर के बाद अक्षय की 'इक्का'
जब धुरंधर रिलीज हुई थी, तब अक्षय खन्ना सनी देओल के साथ मिलकर अपनी फिल्म इक्का शूट कर रहे थे. हाल ही में इस फिल्म के डायरेक्टर सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने स्क्रीन को बताया कि धुरंधर की सक्सेस के बीच अक्षय का सेट पर क्या बर्ताव था. साथ ही उनपर एक्टर के साथ काम करने का कितना दबाव था.
सिद्धार्थ ने कहा- जब हम लोग इक्का की तैयारी में जुटे थे, तब धुरंधर की शूटिंग जारी थी. जब हम शूटिंग शुरू कर रहे थे, तब इसकी रिलीज करीब आ रही थी, हमारी शूटिंग के दौरान ही धुरंधर रिलीज हुई. मुझे लगता है कि ये सब कुछ एक साथ ही हुआ. अक्षय ऐसे इंसान हैं जो ना सफलता को सिर पर चढ़ाते हैं और ना ही असफलता को दिल पर लेते हैं.
'केवल इसलिए कि वो इंटरव्यू नहीं देते या ज्यादा बात नहीं करते, इसका मतलब ये नहीं कि वो ऐसे नहीं हैं. वो बहुत जमीन से जुड़े हुए इंसान हैं. अब मैं उन्हें दोस्त की तरह जानता हूं. और वो बहुत साफ-साफ जानते हैं कि उन्हें क्या चाहिए. वो असल में डायरेक्टर या फिल्ममेकर्स के लिए काम करने में सबसे आसान एक्टर हैं. क्योंकि जो वो बोलते हैं, उसका मतलब बिल्कुल वही होता है. उनकी जिंदगी में कोई उलझन नहीं है.'
धुरंधर की सक्सेस पर क्या था अक्षय का रिएक्शन
सिद्धार्थ ने आगे अक्षय खन्ना का धुरंधर की सक्सेस पर रिएक्शन भी शेयर किया. उन्होंने कहा- उन्हें ये भी पता था कि ये सिर्फ एक बार की बात है. धुरंधर की रिलीज के बाद उन्होंने मुझसे कहा था कि मैंने अपना काम एक एक्टर के रूप में कर दिया. ये फैनडम किसी तरह आया है, और ये भी चला जाएगा. अक्षय सफलता से अंधे नहीं हुए हैं. उन्होंने मुझे बताया कि कोई प्रेशर मत लो. तुम बस अपनी फिल्म बनाओ. बस ये ध्यान रखना कि वो अच्छी हो.
'इसलिए मैंने कोई प्रेशर नहीं लिया. इसके अलावा, आदित्य (धर) मेरा बहुत अच्छा दोस्त है. मैं आदित्य को तब से जानता हूं जब वो राइटर के तौर पर आया था. वो धर्मा प्रोडक्शन्स में एक फिल्म बनाने की कोशिश कर रहा था. मेरा उसकी तरफ थोड़ा झुकाव है क्योंकि मुझे सच में लगता है कि वो बहुत अच्छा इंसान है. इसलिए जो भी आदित्य करे, मुझे बस यही चाहिये कि उसकी फिल्म अच्छा करे, बाकी किसी बात से ज्यादा.'
बात करें फिल्म इक्का की, तो इसमें सनी देओल और अक्षय खन्ना के अलावा दीया मिर्जा, तिलोत्तमा शोम, आकांक्षा रंजन कपूर और संजीदा शेख जैसी एक्ट्रेसेस भी शामिल हैं. ये नेटफ्लिक्स पर 10 जुलाई को रिलीज होगी.