scorecardresearch
 

नाखूनों के आस-पास से उखड़ रही है चिट और होता है तेज दर्द? बिना ₹1 खर्च किए घर की इन 6 चीजों से पाएं राहत

नाखूनों के किनारों से छोटी-छोटी खाल या चिट निकलने पर दर्द, जलन और परेशानी हो सकती है. कई बार लोग इसे खींचकर निकाल देते हैं, जिससे स्किन छिल सकती है और घाव भी हो सकता है. ऐसे में दूध-शहद, ओट्स, नारियल तेल और एलोवेरा जैसी घर में मौजूद 6 चीजों की मदद से त्वचा को मुलायम रखने और रूखापन कम करने में मदद मिल सकती है.

Advertisement
X
नाखूनों की चिट उखड़ने से दर्द और जलन हो सकती है. (Photo: ITG)
नाखूनों की चिट उखड़ने से दर्द और जलन हो सकती है. (Photo: ITG)

नाखूनों पर नेल पेंट लगाना हो या उन्हें नया शेप देना, उनकी खूबसूरती पर तो लोग खूब ध्यान देते हैं, लेकिन उनके आसपास की स्किन को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है. कई बार नाखूनों के किनारों से छोटी-छोटी खाल (चिट) निकलने लगती है. इसे देखकर कुछ लोग खींचकर निकाल देते हैं, लेकिन ये दर्द और जलन पैदा करता है. खासकर मौसम बदलने पर या बार-बार हाथ धोने के कारण ये समस्या ज्यादा परेशान कर सकती है.

नाखूनों के आसपास की इस स्किन को क्यूटिकल्स कहा जाता है. ये नाखूनों की जड़ों को बाहरी गंदगी और कीटाणुओं से बचाने में मदद करती है. ऐसे में इसका ख्याल रखना भी जरूरी है. अगर आपके नाखूनों के किनारों की चिट भी रूखी होकर छिलने लगी है, तो कुछ आसान तरीकों से इसकी देखभाल कर सकते हैं. इसके लिए आपको बाजार से कुछ महंगा या खास खरीदने की जरूरत नहीं होगी. घर पर रखी कुछ आम चीजों से आप आसानी से नाखूनों की चिट निकलने की समस्या ने निजात पा सकते हैं.

नाखूनों के आसपास की खाल क्यों छिलती है?
नाखूनों के किनारों की स्किन छिलने की सबसे आम वजह रूखापन है. जब स्किन में नमी कम हो जाती है, तो वो फटने और उखड़ने लगती है. इसके अलावा कई दूसरी वजहें भी हो सकती हैं.

Advertisement
  • बार-बार हाथ धोना या सैनिटाइजर का ज्यादा इस्तेमाल करना.
  • ठंडा और शुष्क मौसम.
  • साबुन, डिटर्जेंट या सफाई वाले केमिकल से होने वाली जलन.
  • त्वचा पर एलर्जी या एक्जिमा जैसी समस्या.
  • नाखूनों के आसपास की त्वचा को काटना या खींचकर निकालना.

अगर यह परेशानी बार-बार होती है, तो सिर्फ रूखेपन को इसकी वजह न मानें. कुछ मामलों में त्वचा की बीमारी या पोषण से जुड़ी समस्या भी इसका कारण हो सकती है.

1. दूध और शहद से रखें स्किन को मुलायम: दूध और शहद का इस्तेमाल स्किन की देखभाल के लिए किया जाता है. शहद स्किन में नमी बनाए रखने में मदद कर सकता है, जबकि दूध स्किन को मुलायम महसूस कराने में मदद करता है.

कैसे करें इस्तेमाल?
दो चम्मच दूध में एक चम्मच शहद मिलाएं. इस मिश्रण को नाखूनों के आसपास की सही-सलामत स्किन पर लगाएं. करीब 10 मिनट बाद पानी से धो लें और हाथों पर मॉइस्चराइजर लगा लें. अगर स्किन फटी हुई है या वहां जलन हो रही है, तो इस मिश्रण को लगाने से बचें.

2. ओट्स से करें रूखी त्वचा की देखभाल: अगर हाथों की स्किन रूखी और खुरदरी हो गई है, तो ओट्स का इस्तेमाल कर सकते हैं. ओट्स स्किन को आराम देने में मदद कर सकता है. हालांकि, इसे स्किन पर जोर से रगड़ना सही नहीं होता है.

Advertisement

कैसे करें इस्तेमाल?
एक कटोरी गुनगुने पानी में थोड़े से बारीक पिसे हुए ओट्स मिलाएं. इसमें हाथों को 5-10 मिनट तक भिगोकर रखें. इसके बाद हाथों को साफ पानी से धोकर धीरे-धीरे सुखाएं और मॉइस्चराइजर लगा लें. अगर स्किन पर घाव या गहरी दरारें हैं, तो ये तरीका न अपनाएं.

3. खीरे से पाएं ठंडक: खीरे में पानी भरपूर मात्रा में होता है. इसे स्किन पर लगाने से ठंडक महसूस हो सकती है. अगर नाखूनों के आसपास की स्किन रूखी है, तो खीरे का इस्तेमाल एक आसान घरेलू ऑप्शन हो सकता है.

कैसे करें इस्तेमाल?
खीरे को कद्दूकस करके उसका पेस्ट बना लें. इसे नाखूनों के आसपास की स्किन पर लगाएं और करीब 10 मिनट बाद पानी से धो लें. इसके बाद मॉइस्चराइजर लगाएं. ध्यान रखें कि खीरा लगाने से स्किन का रूखापन पूरी तरह ठीक होने की गारंटी नहीं है.

4. एलोवेरा जेल से दूर करें रूखापन: एलोवेरा जेल का इस्तेमाल स्किन को नमी देने और उसे आराम पहुंचाने के लिए किया जाता है. नाखूनों के किनारों की स्किन रूखी होने पर भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है.

कैसे करें इस्तेमाल?
थोड़ा सा शुद्ध एलोवेरा जेल लें और नाखूनों के आसपास की स्किन पर लगाएं. इसे कुछ देर लगा रहने दें. जरूरत पड़ने पर पानी से धो लें और फिर मॉइस्चराइजर लगाएं. इसका इस्तेमाल करने से पहले त्वचा के छोटे हिस्से पर लगाकर चेक कर लें. अगर खुजली या जलन हो, तो इसे तुरंत धो दें.

Advertisement

5. पके केले से करें स्किन को मुलायम: पका केला त्वचा पर लगाने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक घरेलू ऑप्शन है. इसका गूदा स्किन को कुछ समय के लिए मुलायम महसूस करा सकता है.  

कैसे करें इस्तेमाल?
आधे पके केले को अच्छी तरह मैश कर लें. इसकी थोड़ी सी मात्रा नाखूनों के आसपास की स्किन पर लगाएं. करीब 5 मिनट बाद पानी से धो लें और मॉइस्चराइजर लगा लें. अगर स्किन पर कट या घाव है, तो इसका इस्तेमाल न करें.

6. नारियल तेल से करें नाखूनों के किनारों की देखभाल: नारियल तेल स्किन को मुलायम रखने में मदद कर सकता है. अगर नाखूनों के आसपास की स्किन रूखी है, तो इसकी थोड़ी सी मात्रा लगाई जा सकती है. हालांकि, अगर स्किन में एलर्जी या जलन होती है, तो इसका इस्तेमाल न करें.

कैसे करें इस्तेमाल?
नारियल तेल की एक-दो बूंदें लेकर नाखूनों के किनारों पर हल्के हाथों से लगाएं. इसे रात में सोने से पहले लगा सकते हैं. नियमित रूप से मॉइस्चराइजर लगाना भी जरूरी है, खासकर हाथ धोने के बाद.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement