How to strengthen your knees: हमारी पूरी बॉडी का वजन घुटनों पर ही होता है इसलिए उनकी सही केयर करना बहुत जरूरी है. यदि समय रहते ध्यान नहीं देते तो घुटनों का दर्द आपकी रोजमर्रा की लाइफ को मुश्किल बना सकता है. अगर आप भी घुटनों की प्रॉब्लम से परेशान हैं तो माधुरी दीक्षित के पति डॉ. श्रीराम नेने के कुछ आसान टिप्स आपकी काफी मदद कर सकते हैं जिनसे जोड़ों को लंबे समय तक हेल्दी रखा जा सकता है. आइए जानते हैं...
घुटनों के लिए सही एक्सरसाइज
डॉ. नेने ने इंस्टागराम पर बताया, घुटनों को हेल्दी रखने के लिए मसल्स का मजबूत होना बहुत जरूरी है. क्वाड्स, हैमस्ट्रिंग और काफ मसल्स की ट्रेनिंग घुटनों को जरूरी सपोर्ट देती है. फिटनेस एक्सपर्ट्स बताते हैं कि कम इम्पैक्ट वाली एक्सरसाइज जैसे वॉकिंग, स्विमिंग और साइकिलिंग घुटनों के लिए सबसे बेस्ट ऑप्शंस हैं.
हैवी एक्सरसाइज जैसे कि जंप स्क्वॉट्स या बहुत तेज दौड़ना, घुटनों पर ज्यादा जोर डाल सकते हैं इसलिए इनसे बचने की सलाह दी जाती है. रोजाना थोड़ी स्ट्रेचिंग करने से मांसपेशियों में लचीलापन बना रहता है और घुटनों पर दबाव कम पड़ता है.
वजन कम करने से मिलेगा आराम
क्या आप जानते हैं कि शरीर का थोड़ा सा भी एक्स्ट्रा वजन घुटनों पर कितना बुरा असर डालता है? सिर्फ 1 किलो वजन बढ़ने से घुटनों पर 4 किलो तक का एक्स्ट्रा प्रेशर पड़ता है.
अमेरिकन एकेडमी ऑफ ऑर्थोपेडिक सर्जन्स के मुताबिक, अपना वजन सही रखने से घुटनों के जोड़ों पर स्ट्रेस काफी कम हो जाता है और ऑस्टियोआर्थराइटिस का खतरा भी काफी हद तक कम हो जाता है. इसलिए घुटनों के दर्द से बचने के लिए अपने खान-पान पर ध्यान देना और वजन कंट्रोल में रखना बहुत जरूरी है.
R.I.C.E तकनीक से तुरंत राहत
यदि अचानक कभी घुटने में चोट लग जाए या दर्द हो जाए तो R.I.C.E. तकनीक अपनाना काफी काम का साबित होता है. इसमें 'R' का मतलब है रेस्ट यानी घुटनों को पूरा आराम देना. 'I' का मतलब है आइसिंग यानी सूजन कम करने के लिए बर्फ लगाना. 'C' का मतलब है कम्प्रेशन, यानी सूजन रोकने के लिए पट्टी का इस्तेमाल करना. 'E' का मतलब है एलीवेशन यानी घुटने को थोड़ा ऊपर उठाकर रखना.
हेल्थलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, यह तरीका किसी भी छोटी-मोटी चोट के बाद सूजन और दर्द को कम करने के लिए सबसे इफेक्टिव माना जाता है.
सही जूतों का सिलेक्शन
गलत जूते लंबे समय में घुटनों को नुकसान पहुंचा सकते हैं. हमेशा कुशन वाले और आर्च-सपोर्ट वाले जूते ही पहनें. बहुत ऊंची हील्स या घिसे हुए जूते घुटनों के एलाइनमेंट को बिगाड़ सकते हैं जिससे दर्द बढ़ सकता है. आपके पैरों के नीचे का सपोर्ट ही आपकी चाल और घुटनों की हेल्थ तय करता है. यदि आप अपनी डेली रूटीन में सही फुटवियर पहनते हैं तो जोड़ों की कई परेशानियों से बच सकते हैं.