How To Protect Silk Sarees: भारतीय महिलाएं शादी, त्योहार, पूजा या किसी खास मौके पर साड़ी पहनना पसंद करती हैं. खास मौकों पर पहनी जाने वाली सिल्क साड़ियों को महिलाएं अक्सर आम दिनों में अलमारी में तह लगाकर स्टोर कर देती हैं. महिलाएं अलमारी में स्टोर करने के बाद यही उम्मीद करती हैं कि उनकी पसंदीदा सिल्क साड़ी सालों तक नई जैसी चमकती रहे. लेकिन अक्सर लंबे समय तक अलमारी में एक ही तरह से रखी रहने के कारण सिल्क साड़ी की मोड़ वाली जगह कमजोर पड़ने लगती है और कपड़ा फट जाता है. नमी, गलत तरीके से स्टोर करना या देखभाल में छोटी-सी लापरवाही भी इसकी खूबसूरती को नुकसान पहुंचा सकती है.
क्या आपकी सिल्क साड़ियों को भी जब आप अलमारी से निकालते हैं, तो वो फोल्ड वाली जगह से फटी हुई निकलती हैं? अगर हां, तो परेशान ना हों. अगर आप चाहती हैं कि आपकी कीमती सिल्क साड़ी लंबे समय तक सुंदर और सही बनी रहे, उसकी चमक और मजबूती बनी रहे और वह सालों बाद भी बिल्कुल नई जैसी दिखे, तो आज हम आपको उन्हें स्टोर करने और उनकी देखभाल करने के टिप्स बताने वाले हैं.
1. साड़ी को लंबे समय तक एक ही तरीके से मोड़कर न रखें: अगर सिल्क साड़ी महीनों या सालों तक एक ही फोल्ड में रखी रहती है, तो उसी जगह कपड़ा कमजोर होने लगता है. ऐसे में हर 3 से 6 महीने में साड़ी की तह खोलकर उसे दोबारा अलग तरीके से फोल्ड कर दें. इससे दबाव एक ही जगह नहीं पड़ेगा और कपड़ा जल्दी खराब नहीं होगा.
2. प्लास्टिक कवर की बजाय सूती या मलमल के कपड़े में रखें: ज्यादातर महिलाएं सिल्क की साड़ियों को बाजार में मिलने वाले प्लास्टिक कवर में रखकर स्टोर करती हैं, लेकिन ये सही तरीका नहीं है. प्लास्टिक में नमी फंस जाती है, जिससे रेशे कमजोर हो सकते हैं. इसलिए बेहतर होगा कि साड़ी को साफ सूती या मलमल के कपड़े में लपेटकर रखें. इससे हवा पास होती रहेगी.
3. एक के ऊपर एक बहुत सारी साड़ियां न रखें: अगर अलमारी में सारी सिल्क साड़ियां एक साथ रख देंगे, तो नीचे वाली साड़ियों पर ज्यादा वजन पड़ेगा. इससे उनके फोल्ड जल्दी खराब हो सकते हैं. कोशिश करें कि साड़ियों को छोटे-छोटे ढेर में रखें और भारी साड़ियों के लिए अलग जगह बनाएं.
4. समय-समय पर साड़ी को हवा जरूर लगाएं: सिल्क साड़ी को हमेशा बंद अलमारी में रखने की बजाय कुछ महीनों में एक बार ऐसी जगह पर निकालकर रख दें जहां छांव हो और हवा भी आती हो. इन्हें वहां फैलाना बहुत अच्छा रहता है. इससे नमी और बदबू नहीं होगी और अगर कहीं कपड़ा कमजोर हो रहा है, तो समय रहते पता भी चल जाएगा.
5. तेज धूप से बचाकर रखें: सिल्क की साड़ी को लंबे समय तक सीधी धूप में रखने से उसका रंग फीका पड़ सकता है और कपड़ा भी कमजोर हो सकता है. अगर साड़ी को सुखाना या हवा लगानी हो, तो हमेशा छांव वाली जगह में ही सुखाएं.
6. पहनते और प्रेस करते समय बरतें थोड़ी सावधानी: साड़ी पहनते समय उसे ज्यादा खींचने से बचें. प्रेस करते समय हमेशा कम टेंपरेचर रखें और साड़ी के ऊपर एक पतला सूती कपड़ा बिछाकर प्रेस करें. एक ही फोल्ड पर बार-बार प्रेस करने से भी कपड़ा कमजोर हो सकता है.
7. बार-बार हेयर स्ट्रेटनर का इस्तेमाल न करें: आजकल कई लोग साड़ी की प्लेट्स बनाने के लिए हेयर स्ट्रेटनर का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन इसकी तेज गर्मी सिल्क के रेशों को नुकसान पहुंचा सकती है. बार-बार ऐसा करने से फोल्ड वाली जगह जल्दी कमजोर हो जाती है और साड़ी फटने का खतरा बढ़ जाता है.