scorecardresearch
 

दिवाली पर महंगे शोपीस खरीदने की क्या है जरूरत? पुरानी कांच की बोतलों से ऐसे सजाएं अपना पूरा घर

Decorative Items From Old Glass Bottles: इस दिवाली महंगे डेकोरेटिव आइटम्स खरीदने के बजाय घर में रखी पुरानी कांच की बोतलों से आप घर को सजा सकते हैं. कांच की बोतलों में खूबसूरत फेयरी लाइट लगाकर लैंप, स्टाइलिश फ्लावर वास, पेंटेड शोपीस और मिनी प्लांटर्स जैसी चीजें बनाकर आप अपने आशियाने को अनोखा लुक दे सकते हैं.

Advertisement
X
पुरानी कांच की बोतलों से आप लैंप से लेकर प्लांटर्स तक बना सकते हैं. (Photo: ITG)
पुरानी कांच की बोतलों से आप लैंप से लेकर प्लांटर्स तक बना सकते हैं. (Photo: ITG)

How To Reuse Old Glass Bottels: त्योहारों में लोग अपने घरों को साफ करने के साथ ही उन्हें सजाते भी हैं. इसमें दिवाली सबसे खास होती है. दिवाली पर लोग अपने घरों को लाइटों और दीपकों से जगमगाने के साथ ही खूब अच्छे से सजाते हैं. ऐसे में बाजार में मिलने वाले डेकोरेटिव आइटम्स की कीमते बढ़ जाती हैं. लेकिन घर को सजाने के लिए जरूरी नहीं कि आप हर बार बाजार से महंगे शोपीस, लैंप या डेकोरेटिव आइटम्स बाजार से खरीदकर लाएं. घर सजाने के लिए इस बार पुरानी कांच की बोतलों से ही सजावट को खास बना सकते हैं.

अक्सर खाली होने के बाद कांच की बोतलों को फेंक दिया जाता है या कबाड़ी को बेच दिया जाता है, लेकिन थोड़ी-सी क्रिएटिविटी से इन्हें खूबसूरत लाइट, फ्लावर वास और सजावटी शोपीस में बदला जा सकता है. ये चीजें आपके घर के कोनों को नया लुक देने के साथ दिवाली की डेकोरेशन में भी चार चांद लगा सकती हैं. खास बात ये है कि इसके लिए आपको ज्यादा पैसे खर्च करने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी. कुछ आसान चीजों की मदद से पुरानी बोतलों को नया रूप देकर घर को रोशनी और रंगों से सजा सकते हैं. अगर आप इस दिवाली कम खर्च में घर को खूबसूरत और अलग अंदाज देना चाहते हैं, तो पुरानी कांच की बोतलों को फेंकने के बजाय इन 4 तरीकों से इस्तेमाल करें.

1. पुरानी बोतल से बनाएं खूबसूरत लाइट: अगर आपके कमरे में कोई खाली कोना है या बेडसाइड टेबल पर कुछ नया रखना चाहते हैं, तो पुरानी कांच की बोतल आपके काम आ सकती है. इसके लिए एक साफ कांच की बोतल लें और उसमें बैटरी से चलने वाली छोटी एलईडी फेयरी लाइट डाल दें. बोतल के अंदर जलती हुई रोशनी बेहद खूबसूरत दिखेगी और सस्ते में खूबसूरत लैंप भी तैयार हो जाएगा.

आप इस बोतल को बेडरूम, लिविंग रूम, बुकशेल्फ या घर के किसी खाली कोने में रख सकते हैं. शाम के समय इसकी हल्की रोशनी कमरे को एक अलग लुक देगी. अगर बोतल का रंग अच्छा है, तो उससे निकलने वाली रोशनी और भी एट्रेक्टिव लग सकती है.

2. फूलदान बनाने के लिए करें इस्तेमाल: अगर आपको फूलों से घर सजाने का शौक है, तो भी कांच बोतलें आपके काम आ सकती हैं. फूलों से घर सजाने के लिए हर बार नया फ्लावर वास खरीदने की जरूरत नहीं होती है. कांच की बोतल को अच्छे से साफ करके उससे ही फूलदान बनाया जा सकता है. बोतल को साफ करने के बाद अगर उस पर कोई लेबल या स्टिकर लगा है, तो उसे भी हटा दें.

Advertisement

अब बोतल में पानी भरकर ताजे फूल डालें या फिर आर्टिफिशियल फूलों से सजाएं. आप इसे डाइनिंग टेबल, सेंटर टेबल, खिड़की के पास या लिविंग रूम में रख सकते हैं. अलग-अलग आकार की बोतलों में फूल सजाकर रखने से घर को एक नया लुक मिल सकता है.

3. पेंट करके बनाएं स्टाइलिश शोपीस: अगर आपको घर की सजावट में कुछ नया करना पसंद है, तो पुरानी कांच की बोतलों को पेंट करके खूबसूरत शोपीस में बदल सकते हैं. इसके लिए बोतल को अच्छी तरह साफ और सूखा लें. अब अपनी पसंद के कलर्स से उस पर एक्रेलिक पेंट करें.

आप घर की डेकोरेशन के हिसाब से सफेद, गोल्डन, नीला या कोई दूसरा कलर चुन सकते हैं. चाहें तो बोतल पर छोटे-छोटे डिजाइन बनाएं या उसे एक ही कलर में पेंट करके मिनिमल लुक दें. पेंट पूरी तरह सूख जाने के बाद इसे सेंटर टेबल, डाइनिंग टेबल या किसी शेल्फ पर रख दें. इस तरह साधारण-सी दिखने वाली बोतल भी खूबसूरत डेकोरेटिव पीस बन सकती है.  

4. छोटी जगह में उगाएं पौधे: अगर आपको गार्डनिंग का शौक है, तो पुरानी कांच की बोतलों को छोटे पौधों के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए बोतल को अच्छी तरह साफ करें और उसमें ऐसा छोटा पौधा या कटिंग लगाएं, जो उसमें आसानी से उग पाए. 

Advertisement

हालांकि, यहां एक बात का ध्यान रखना जरूरी है. कांच की बोतलों में आमतौर पर पानी निकलने के लिए छेद नहीं होता, इसलिए उनमें मिट्टी भरकर पौधा लगाने पर जरूरत से ज्यादा पानी जमा हो सकता है. इससे पौधों की जड़ें खराब होने का खतरा रहता है. ऐसे में बोतल में सीधे मिट्टी भरने के बजाय उसमें पानी में आसानी से बढ़ने वाली कटिंग लगाना या छोटे पौधे को उसके सही गमले समेत सजाना बेहतर ऑप्शन हो सकता है.

आप इन बोतलों को खिड़की के पास, बालकनी या घर के किसी ऐसे कोने में रख सकते हैं, जहां पौधे को उसकी जरूरत के हिसाब से रोशनी मिल सके.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement