scorecardresearch
 

Medicine Bottles Reuse: क्या आप भी फेंक देते हैं दवाई की खाली बोतल? ये 5 इस्तेमाल जानकर आज से ही संभाल कर रखने लगेंगे

Medicine Bottles Reuse: दवाई की खाली बोतलों को कूड़ा समझकर फेंकने के बजाय आप इनका दोबारा इस्तेमाल कर सकते हैं. ये घर के एक-दो नहीं बल्कि कई कामों को आसान बना सकती हैं. आप इन्हें रसोई के मसाले रखने से लेकर ट्रैवलिंग और गार्डनिंग तक में इस्तेमाल कर सकते हैं.

Advertisement
X
दवाई की खाली बोतलों को घर के कामों में इस्तेमाल करने से पहले उन्हें अच्छे से साफ करना बहुत जरूरी है. (Photo: ITG)
दवाई की खाली बोतलों को घर के कामों में इस्तेमाल करने से पहले उन्हें अच्छे से साफ करना बहुत जरूरी है. (Photo: ITG)

Medicine Bottles Reuse: घर में जब भी कोई दवाई खत्म होती है, तो ज्यादातर लोग उसकी खाली बोतल को कूड़ा समझकर सीधे कूड़ेदान में फेंक देते हैं. लोगों को लगता है कि इसका कोई काम नहीं बचा है. अगर आप भी ऐसा सोचते हैं तो आप गलत है. सच तो ये है कि ये छोटी-छोटी बोतलों को आप दोबारा इस्तेमाल कर सकते हैं. जी हां, ये आपके घर के कई काम आसान बना सकती हैं. थोड़ी-सी सफाई और कुछ आसान आइडियाज की मदद से इन्हें दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है. अगर आप सोच रहे हैं कि वो काम क्या हैं और आप इन्हें किस तरह से इस्तेमाल कर सकते हैं तो ये खबर आपके लिए है.

अगर आपके घर में भी दवाई की कुछ खाली बोतलें पड़ी हैं, तो उन्हें फेंकने से पहले एक बार जरूर सोचिए. हो सकता है जो चीज आपको बेकार लग रही हो, वही आपके घर की सबसे उपयोगी चीजों में से एक बन जाए. चलिए जानते हैं इन्हें दोबारा इस्तेमाल करने के तरीके.

1. मसाले और छोटे सामान रखने के लिए करें इस्तेमाल: दवाई की खाली बोतलें आपकी रसोई में खूब काम आ सकती हैं. इन्हें रसोई में इस्तेमाल करने के लिए दवाई की बोतलों को अच्छी तरह धोकर सुखा लें. इसके बाद इनमें लौंग, इलायची, काली मिर्च, सौंफ जैसे छोटे मसाले रखे जा सकते हैं. इसके अलावा बटन, सेफ्टी पिन, मोती या सिलाई का सामान रखने के लिए भी ये बोतलें काफी काम आती हैं.

2. ट्रैवल के दौरान रखें जरूरी चीजें: ट्रैवलिंग के दौरान भी ये बोतलें आपके बहुत काम आ सकती हैं. अगर आप कहीं घूमने जा रहे हैं, तो इन छोटी बोतलों में शैंपू, लोशन, हैंड सैनिटाइजर या तेल भरकर ले जा सकते हैं. इससे बड़े पैक साथ ले जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और बैग जगह भी कम घिरती है.

Advertisement

3. पौधों के लिए बनाएं मिनी वॉटरिंग बोतल: पुरानी बोतलों के ढक्कन में छोटे-छोटे छेद कर दें. इसके बाद इनमें पानी भरकर पौधों में आसानी से पानी डाल सकते हैं. ये खासतौर पर छोटे गमलों और इनडोर प्लांट्स को पानी देने के लिए काफी बढ़िया तरीका है.

4. DIY पिगी बैंक बना सकते हैं: आप खाली दवा की बोतल बच्चों के लिए गुल्लक बनाने के लिए भी इस्तेमाल कर सकते हैं. ढक्कन में सिक्के डालने जितनी जगह बनाकर इसे एक छोटे पिगी बैंक की तरह इस्तेमाल करें.  

5. सीड स्टोरेज के लिए है बेहतरीन ऑप्शन: गार्डनिंग का शौक रखने वाले लोग अलग-अलग पौधों के बीज इन बोतलों में रख सकते हैं. बोतल पर बीज का नाम और तारीख लिख दें, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें आसानी से पहचान सकें.

इस्तेमाल से पहले रखें इन बातों का ध्यान
दवाई की बोतलों को दोबारा इस्तेमाल करने से पहले उन्हें अच्छी तरह साफ करना बहुत जरूरी होता है. अगर बोतल में किसी दवाई की बदबू रह गई हो, तो उसे घर के कामों में इस्तेमाल न करें. इसके साथ ही, इनमें खाने-पीने की चीजें रखने से पहले पूरी तरह साफ और सूखा होना जरूरी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement