How To Protect Shoes Form Mud In Rain: बारिश जहां गर्मी से राहत देती हैं, वहीं अपने साथ कई छोटी-बड़ी परेशानियां भी लेकर आती हैं. इनमें से एक बड़ी समस्या होती है जूतों को साफ-सुथरा रखना. बारिश के मौसम में बाहर निकलते ही जूतों पर कीचड़ लग जाती है. इसके साथ ही गंदा पानी और नमी भी जूतों पर बुरा असर दिखाने लगती है. कई बार तो हालात इतने बिगड़ जाते हैं कि पसंदीदा और महंगे जूते कुछ ही दिनों में फीके, बदबूदार और पुराने नजर आने लगते हैं. अगर समय रहते उनकी सही तरह से देखभाल न की जाए, तो जूते कितने भी महंगे और कितनी भी बड़ी कंपनी के हों वो कुछ ही दिन में फट जाते हैं.
लेकिन परेशान होने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान उपाय अपनाकर आप अपने जूतों को पूरे मॉनसून में साफ, सूखा और नया जैसा बनाए रख सकते हैं. चलिए जानते हैं ऐसे 7 आसान तरीके, जो बारिश के मौसम में आपके जूते-चप्पलों को गंदगी, नमी और खराब होने से बचाने में मदद करेंगे.
1. बारिश के मौसम के हिसाब से जूते चुनें: बारिश के मौसम में बाहर निकलने और जूते पहनने से पहले थोड़ा सोचने की जरूरत है. इस मौसम में ऐसे जूते पहनना बेहतर होता है जो पानी जल्दी ना सोख पाएं. बरसात में रबर, पीवीसी या वाटर-रेसिस्टेंट मटेरियल वाले जूते-चप्पल अच्छे माने जाते हैं. वहीं सुएड और कैनवास के जूते जल्दी खराब हो सकते हैं.
2. जूतों पर वॉटरप्रूफ सुरक्षा की परत लगाएं: अगर आप अपने पसंदीदा जूतों को बारिश में भी पहनना चाहते हैं, तो उन पर वॉटरप्रूफ स्प्रे या वॉटर-रेपेलेंट कोटिंग जरूर लगाना चाहिए. इससे पानी सीधे जूते के अंदर नहीं पहुंचता और जूते गंदे होने से भी बच जाते हैं.
3. शू कवर का इस्तेमाल करें: भारी बारिश या पानी भरी सड़कों पर निकलते समय शू कवर काफी काम आते हैं. ये जूतों को कीचड़ और पानी दोनों से बचाने में मदद करते हैं. आजकल सिलिकॉन और प्लास्टिक दोनों ही तरह के शू कवर बाजार में आसानी से मिल जाते हैं.
4. भीगने के बाद जूतों को सही तरीके से सुखाएं: अगर जूते भीग जाएं तो उन्हें घर जाते ही किसी कोने में फेंककर न छोड़ें. सबसे पहले जूतों का इनसोल और फीते निकाल लें. फिर जूतों के अंदर अखबार भर दें ताकि नमी जल्दी सोख ली जाए. इसके बाद जूतों को पंखे की हवा में सूखने दें, लेकिन हेयर ड्रायर को तेल गर्म हवा या तेज धूप का इस्तेमाल न करें क्योंकि इससे जूते खराब हो सकते हैं.
5. कीचड़ जमने का इंतजार न करें: बारिश में जूतों पर कीचड़ लगना बहुत ही आम बात है. जैसे ही घर पहुंचें, गंदगी को साफ कर लें. अगर गलती से भी कीचड़ सूख गया है तो मुलायम ब्रश से हटाएं और जरूरत पड़ने पर हल्के साबुन से सफाई करें. लेकिन कभी भी तेज केमिकल वाले क्लीनर का इस्तेमाल ना करें. ये जूतों के कपड़े और रंग को नुकसान पहुंचा सकते हैं.
6. बदबू और फंगस से बचाएं: बारिश में गीले हुए जूतों में नमी बढ़ने के कारण बदबू और फंगस की समस्या हो सकती है. इसके लिए जूतों के अंदर बेकिंग सोडा छिड़क सकते हैं. कुछ लोग एंटी-फंगल स्प्रे या टी ट्री ऑयल का भी इस्तेमाल करते हैं. इससे जूते लंबे समय तक फ्रेश बने रहते हैं.
7. एक ही जोड़ी रोज न पहनें: मॉनसून में एक ही जूते रोज पहनने से वे पूरी तरह सूख नहीं पाते. इसलिए कम से कम दो या तीन जोड़ी जूतों को बारी-बारी से पहनें. इससे हर जोड़ी को सूखने का समय मिलेगा और बदबू या फंगस की संभावना कम होगी.