गर्मियों के मौसम में किचन में सबसे ज्यादा दिक्कत दूध और दही को सुरक्षित रखने में आती है. तेज तापमान के कारण दूध तो तुरंत फट ही जाता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि सही देखरेख न होने पर दही भी पूरी तरह खराब हो सकता है? अक्सर फ्रिज में रखने के बाद भी दही पानी छोड़ देता है, खट्टा हो जाता है या फिर उसका मलाईदार टेक्सचर गायब हो जाता है. दरअसल, दही के पानी छोड़ने और फटने के पीछे एक खास साइंस काम करती है. यदि आप चाहते हैं कि आपका दही लंबे समय तक बाजार जैसा गाढ़ा और फ्रेश बना रहे तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखें.
पानी क्यों छोड़ देता है दही?
दही का पानी छोड़ना या उसका टेक्सचर खराब होना एक सामान्य केमिकल प्रोसेस है. दरअसल, जब दूध को फर्मेंट किया जाता है तो उसमें मौजूद प्रोटीन जाल जैसा स्ट्रक्चर बना लेते हैं. ये जाल लिक्विड को रोककर रखता है.
कुकिंग और फूड साइंस वेबसाइट ब्रॉड एंड टेलर का कहना है, जब तापमान बहुत ज्यादा होता है या दही लंबे समय तक सेट होता रहता है तो यह प्रोटीन नेटवर्क टूट जाता है. इसके कारण दही में से लिक्विड यानी व्हे (Whey) अलग हो जाता है और दही फटा-फटा या पानी जैसा दिखने लगता है.
चम्मच चलाने का सही तरीका भी जरूरी
क्या आप जानते हैं कि दही के बर्तन में चम्मच कैसे चलाई जाती है इससे भी उसकी लाइफ तय होती है? अमेरिकी लाइफस्टाइल मैगजीन Parade का कहना है, जब दही निकालते हैं तो उसकी ऊपरी सतह असमान हो जाती है जिससे पानी अलग होने की गति बढ़ जाती है. यानी आसान भाषा में समझें तो दही जहां से निकालते हैं, वहां गड्डा हो जाता है तो आसपास का पानी उस गड्डे में जमा होने लगता है.
दही निकालने के बाद चम्मच के पिछले हिस्से से दही की ऊपरी सतह को बिल्कुल प्लेन यानी स्मूथ कर देना चाहिए. ऐसा करने से दही लंबे समय तक फ्रेश रहता है और उसमें से बार-बार पानी अलग नहीं होता.
दही को खराब होने से बचाने के स्मार्ट टिप्स
मिट्टी के बर्तन का करें इस्तेमाल: गर्मियों में दही जमाने या स्टोर करने के लिए मिट्टी के कुल्हड़ या हांडी का उपयोग सबसे बेस्ट माना जाता है. मिट्टी के बर्तन एक्स्ट्रा मॉइश्चर को सोख लेते हैं जिससे दही गाढ़ा और मलाईदार बना रहता है.
एयरटाइट कंटेनर में रखें: अगर आप प्लास्टिक या स्टील के बर्तन में दही रख रहे हैं, तो ध्यान रखें कि वह एयरटाइट हो. खुला रखने से फ्रिज की हवा दही को सुखा देती है या उसे खट्टा कर देती है.
ज्यादा खट्टा जामन न चुनें: दही जमाते वक्त हमेशा फ्रेश और कम खट्टे जामन (स्टार्टर) का इस्तेमाल करें. अगर जामन पहले से ही बहुत खट्टा होगा तो नया दही भी जल्दी पानी छोड़ देगा और खट्टा हो जाएगा.