scorecardresearch
 

How To Make Cocopeat: नारियल का छिलका फेंकने से पहले रुकें! घर पर ऐसे बनाएं महंगा कोकोपीट, पौधों की मिट्टी हो जाएगी शानदार

How To Make Cocopeat: बाजार से महंगा कोकोपीट खरीदने की जरूरत नहीं है. घर में बेकार पड़े नारियल के छिलकों की मदद से आप आसानी से कोकोपीट तैयार कर सकते हैं. इसे पौधों की मिट्टी में मिलाने से मिट्टी में नमी बनाए रखने और उसे हल्का व भुरभुरा रखने में मदद मिलती है. जानिए नारियल के छिलके से घर पर कोकोपीट बनाने का आसान तरीका और पौधों के लिए इसके फायदे.

Advertisement
X
कोकोपीट से पौधों की मिट्टी भुरभुरी रहती है. (Photo: ITG)
कोकोपीट से पौधों की मिट्टी भुरभुरी रहती है. (Photo: ITG)

How To Make Cocopeat For Plants: अगर आपके घर में पौधे लगे हैं, तो आपके माली ने कभी ना कभी आपको बाजार से कोकोपीट खरीदने के लिए जरूर कहा होगा. कोकोपीट पौधों के लिए बहुत फायदेमंद होता है. लेकिन बाजार में मिलने वाला कोकेपीट महंगा आता है, जिसे खरीदते वक्त लोग हिचकिचाते हैं. अगर आप भी महंगे के चक्कर में कोकोपीट खरीदने से बचते हैं, तो आपको जानकर हैरानी होगी कि आप घर पर ही कोकोपीट बना सकते हैं.  

नारियल खाने के बाद उसका छिलका अक्सर सीधे कूड़ेदान में चला जाता है. लेकिन अगर आपके घर में पौधे हैं, तो अगली बार नारियल का छिलका फेंकने से पहले जरा रुक जाइए. ये देखने में भले ही बेकार लगे, लेकिन आपके गमलों की मिट्टी के लिए काफी काम का साबित हो सकता है. इसी की मदद से आप घर पर ही कोकोपीट तैयार कर सकते हैं, जिसका इस्तेमाल पौधों की मिट्टी को हल्का और हवादार रखने के लिए किया जाता है. चलिए जानते हैं कैसे आप नारियल के छिलकों से कोकोपीट बना सकते हैं.

गमले की मिट्टी में कोकोपीट डालने की जरूरत क्यों पड़ती है?
पौधों की अच्छी ग्रोथ के लिए सिर्फ खाद डालना ही काफी नहीं होता. मिट्टी ऐसी भी होनी चाहिए जिसमें नमी बनी रहे और जड़ों तक हवा आसानी से पहुंच सके. कई बार गमले की मिट्टी पानी देने के बाद कुछ समय में सख्त हो जाती है. ऐसे में कोकोपीट काफी मददगार हो सकती है.

गार्डनिंग एक्सपर्ट के मुताबिक, कोकोपीट खाद नहीं है, यानी इससे पौधे को जरूरी पोषक तत्व नहीं मिलते. इसका मुख्य काम मिट्टी की बनावट और नमी को बेहतर रखना है. ये मिट्टी में पानी को कुछ समय तक रोककर रखती है, जिससे मिट्टी जल्दी सूखती नहीं है. साथ ही मिट्टी को ज्यादा सख्त होने से रोककर उसे भुरभुरा बनाए रखने में मदद करती है.

नारियल के छिलके से ऐसे बनाएं घर पर कोकोपीट

  • इसके लिए आपको सूखे नारियल के छिलके, एक ग्राइंडर और बारीक छन्नी की जरूरत होगी.
  • सबसे पहले सूखे नारियल के छिलके इकट्ठा कर लें. अब इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें.
  • इसके बाद छिलकों को हाथ से रगड़कर उनके बारीक रेशे निकाल सकते हैं. अगर यह काम जल्दी करना है तो छोटे टुकड़ों को ग्राइंडर में डालकर पीस लें.
  • अब पिसे हुए नारियल के छिलके को बारीक छन्नी से छान लें. जो मोटे टुकड़े बच जाएं, उन्हें अलग कर दें. छन्नी से निकला बारीक रेशा और पाउडर ही पौधों के लिए कोकोपीट की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है.

बीज से पौधा उगाने में भी आएगी काम
अगर आप बीज से पौधे तैयार करते हैं तो कोकोपीट आपके लिए और भी उपयोगी हो सकती है. शुरुआत में बीज को लगातार नमी की जरूरत होती है. कोकोपीट नमी को बनाए रखने में मदद करती है, जिससे बीज के अंकुरित होने के लिए बेहतर माहौल मिल सकता है.

Advertisement

जब छोटा पौधा थोड़ा बड़ा हो जाए तो उसे ऐसी मिट्टी में शिफ्ट किया जा सकता है जिसमें कंपोस्ट या वर्मीकंपोस्ट जैसे पोषक तत्व मौजूद हों.

कितनी मात्रा में मिलाएं कोकोपीट?
यहां सबसे ज्यादा ध्यान मात्रा पर देना जरूरी है. गमले या ग्रो बैग की मिट्टी तैयार करते समय नॉर्मल मिट्टी में करीब 30 से 50 प्रतिशत तक कोकोपीट मिलाई जा सकती है. जरूरत से ज्यादा कोकोपीट डालने से मिट्टी में पौधे के लिए जरूरी पोषक तत्वों की मात्रा कम पड़ सकती है, क्योंकि कोकोपीट खुद खाद नहीं है. इसलिए इसके साथ कंपोस्ट या वर्मीकंपोस्ट जैसी खाद भी इस्तेमाल करनी चाहिए.

यानी कूड़े का छिलका बनेगा गमले का काम का सामान
अगली बार नारियल इस्तेमाल करने के बाद उसके छिलके को सीधे कूड़ेदान में डालने से पहले एक बार जरूर सोचें. थोड़ी मेहनत से यही बेकार छिलका आपके गार्डनिंग के खर्च को कम कर सकता है. इससे एक तरफ नारियल के छिलके का दोबारा इस्तेमाल होगा, वहीं पौधों की मिट्टी में नमी और भुरभुरापन बनाए रखने में भी मदद मिल सकती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement