
How to Wash Black Jeans: ब्लैक जींस एक ऐसा क्लासिक बॉटम वियर है जो कैजुअल से लेकर फॉर्मल तक, हर लुक में फिट बैठता है. हर लड़की-लड़के के बॉर्डरोब में 1-2 काली जींस होती ही हैं. लेकिन इन जींस की सबसे बड़ी समस्या यह है कि कुछ ही बार धोने के बाद यह सफेद या ग्रे दिखाई देने लगती हैं. अधिकतर लोग काली जींस को आम कपड़ों की तरह ही वॉशिंग मशीन में डाल देते हैं जो इसके रंग को काफी नुकसान पहुंचाता है. मशहूर डेनिम ब्रांड लेवाइस के मुताबिक, काली जींस की उम्र बढ़ाने के लिए उसे धोने और सुखाने के खास तरीके होते हैं. यदि आप भी अपनी जींस का कलर फेड होने से बचाना चाहते हैं तो आइए कुछ ट्रिक्स जान लीजिए जिससे आपकी ब्लैक जींस अपनी चमक नहीं खोएगी.
ऑफिसिअल वेबसाइट के मुताबिक, ब्लैक जींस का कलर फेड होने से बचाने का सबसे पहला नियम है कि उसे धोते समय हमेशा उल्टा करें. ऐसा करने से जींस की बाहरी सतह का वॉशिंग मशीन के ड्रम या दूसरे कपड़ों के साथ घर्षण कम होता है जिससे काले रंग के कण कपड़े से जल्दी बाहर नहीं निकलते और जींस काला ही रहता है.

गर्म पानी जींस के फैब्रिक को ढीला कर देता है और रंग को तेजी से कपड़े से अलग कर देता है. इसलिए हमेशा जींस धोने के लिए ठंडे पानी का ही इस्तेमाल करें. पहली बार यदि आप जींस धो रहे हैं तो पानी में एक कप सफेद सिरका और थोड़ा नमक मिला दें. यह मिश्रण कपड़े में डाई (रंग) को लॉक कर देता है जिससे जींस का रंग पक्का हो जाता है.
एक्सपर्ट्स की मानें तो जींस को हर बार पहनने के बाद धोना जरूरी नहीं है. डेनिम को जितना कम धोया जाए वह उतना ही बेहतर रहता है. यदि जींस पर कोई छोटा-मोटा दाग लग जाए तो पूरी जींस धोने के बजाय सिर्फ उस जगह को गीले कपड़े से साफ कर लें. जींस को महीने में 1 या 2 बार ही वॉश करना उसके फैब्रिक और कलर के लिए सबसे अच्छा होता है.
जींस धोने के लिए हमेशा कलर प्रोटेक्ट वाले माइल्ड डिटर्जेंट का ही इस्तेमाल करें. धोने के बाद कभी भी इसे सीधी तेज धूप में न सुखाएं क्योंकि सूरज की अल्ट्रावॉयलेट किरणें काले रंग को बहुत जल्दी उड़ा देती हैं. जींस को हमेशा छांव में या घर के अंदर हवा में सुखाएं. इन छोटे-छोटे बदलावों से आपकी ब्लैक जींस हमेशा नई जैसी दिखेगी.