How To Grow Tej Patta In Pots: तेज पत्ता हमारी रसोई में इस्तेमाल होने वाले आम मसालों में से एक है. पुलाव, बिरयानी, सब्जी से लेकर कई दूसरी डिशेज में इसकी पत्तियां स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए डाली जाती हैं. आमतौर पर लोग तेज पत्ता बाजार से खरीदकर घर में रखते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसका पौधा घर के गमले में भी उगाया जा सकता है?
अगर आपके घर में बालकनी, छत या छोटा-सा किचन गार्डन है, तो आप वहां तेज पत्ते का पौधा आसानी से लगा सकते हैं. सही देखभाल मिलने पर पौधा धीरे-धीरे बड़ा हो जाता है और जरूरत पड़ने पर आप इसकी ताजी पत्तियां तोड़कर खाने में इस्तेमाल कर सकते हैं. यानी हर बार बाजार से तेज पत्ता खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी. खास बात ये है कि इसे उगाने के लिए बहुत ज्यादा जगह की भी जरूरत नहीं होती. चलिए जानते हैं तेज पत्ता उगाने का आसान तरीका.
गमले में भी आसानी से उगता है तेज पत्ता
तेज पत्ता देने वाले पौधे को घर में गमले में लगाया जा सकता है. इसके लिए बहुत बड़ी जगह की जरूरत नहीं होती है. घर में इस्तेमाल के लिए एक-दो गमले में तेज पत्ते का पौधा लगाना ही काफी है. इसे समय-समय पर छंटाई करके अपनी जरूरत के हिसाब से छोटा और घना भी रखा जा सकता है. इससे पौधा देखने में भी अच्छा लगता है और रसोई के लिए ताजे पत्ते भी मिलते रहते हैं.
कहां से मिलेगा पौधा?
तेज पत्ते का पौधा आपको आसपास की नर्सरी में आसानी से मिल सकता है. आमतौर पर एक से तीन फीट तक का पौधा नर्सरी में मौजूद रहता है. इसकी कीमत जगह और पौधे के साइज के हिसाब से अलग-अलग हो सकती है. अगर आपने इससे पहले कभी मसालों का पौधा नहीं लगाया है, तो नर्सरी से हेल्दी पौधा खरीदकर लगाना ही आसान तरीका है.
तेज पत्ते के लिए कैसी होनी चाहिए मिट्टी?
गमले में तेज पत्ता लगाते समय सबसे ज्यादा ध्यान मिट्टी पर देना जरूरी है. ऐसी मिट्टी रखें जिसमें पानी जमा न हो. यानी मिट्टी अच्छी तरह से पानी सोखने और बाहर निकालने वाली होनी चाहिए.
पॉट मिक्स तैयार करने के लिए मिट्टी में रेत या बालू, कोकोपीट और अच्छी गुणवत्ता वाली वर्मी कंपोस्ट मिलाई जा सकती है. अगर मिट्टी बहुत ज्यादा पानी रोकती है तो उसमें रेत या दूसरे ड्रेनेज इंग्रेडिएंट्स मिलाना बेहतर रहेगा.
गमले में नीचे ड्रेनेज होल जरूर होने चाहिए, ताकि एक्स्ट्रा पानी बाहर निकल सके. तेज पत्ते के पौधे को लगातार गीली मिट्टी पसंद नहीं होती और पानी रुकने से जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है.
12 से 15 इंच का गमला रहेगा सही
घर में तेज पत्ता उगाने के लिए शुरुआत में करीब 12 इंच का गमला लिया जा सकता है. पौधे के साइज के हिसाब से बाद में 15 इंच या उससे बड़ा गमला भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
पौधे को गमले में लगाते समय पहले पॉट मिक्स की एक लेयर डालें. इसके बाद पौधे को नर्सरी बैग से ध्यान से निकालकर गमले के बीच में रखें. ध्यान रखें कि पौधे की जड़ों को ज्यादा नुकसान न पहुंचे. अब चारों तरफ से मिट्टी डालकर हल्के हाथ से दबा दें और जरूरत के हिसाब से पानी दें.
तेज धूप में तेजी से बढ़ेगा पौधा
तेज पत्ते के पौधे को अच्छी रोशनी और धूप पसंद होती है. इसलिए इसे ऐसी जगह रखना चाहिए जहां पर्याप्त धूप आती हो. बालकनी, छत या घर का ऐसा हिस्सा जहां कई घंटे अच्छी रोशनी मिलती हो, इसके लिए बेहतर हो सकता है.
अगर आपके इलाके में सर्दियों के दौरान बहुत ज्यादा ठंड पड़ती है तो गमले को ऐसी जगह रखा जा सकता है जहां पौधा तेज ठंड से बचा रहे. बहुत ज्यादा ठंड वाले समय में इसकी ग्रोथ कुछ धीमी हो सकती है.
कब तोड़ें तेज पत्ते?
पौधा बड़ा होने के बाद सबसे जरूरी बात आती है कि इसकी पत्तियां कब तोड़ी जाएं. इसके लिए पत्ते का रंग देखें. जो पत्ते गहरे हरे रंग की हों और पूरी तरह ग्रो हो चुके हों, उन्हें तोड़ा जा सकता है. हल्के हरे और नई ग्रोथ वाले पत्तों को पौधे पर ही रहने दें.
पत्तियां तोड़ने के लिए हाथ से खींचने के बजाय कैंची का इस्तेमाल करना सही रहता है. इससे टहनी को नुकसान नहीं पहुंचता और पौधा स्वस्थ रहता है.
धूप में नहीं, छांव में सुखाएं पत्ते
अगर आप तेज पत्ते को लंबे समय तक स्टोर करना चाहते हैं तो पत्तियों को तोड़ने के बाद साफ करके अच्छी तरह सुखाएं. इन्हें तेज धूप में सुखाने के बजाय छांव वाली जगह पर सुखाना बेहतर माना जाता है, ताकि उनकी खुशबू और स्वाद बरकरार रहे.
जब पत्तियां पूरी तरह सूख जाएं तो इन्हें एयरटाइट डिब्बे में रखकर किचन में स्टोर किया जा सकता है. इस तरह घर में उगाया गया तेज पत्ता जरूरत पड़ने पर सीधे इस्तेमाल किया जा सकता है.