Plastic Bucket-Mug Cleaning Tips: बाथरूम में पूरे दिन पानी का काम होता है. इसकी वजह से बाथरूम में इस्तेमाल होने वाली बाल्टी और मग्गे पर जल्दी ही सफेद निशान पड़ जाते हैं. बाल्टी और मग्गा ना सिर्फ रोजाना पानी के संपर्क में आता है, बल्कि साबुन, शैंपू और गंदगी के कॉन्टैक्ट में भी रहते हैं. इन सभी चीजों की वजह से समय के साथ बाल्टी और मग्गे पर पीले दाग और सफेद परत जमने लगती है. इतना ही नहीं इनमें से बदबू भी आने लगती है. जिन इलाकों में हार्ड वॉटर आता है उनमें रखे ये समस्या और भी ज्यादा देखने को मिलती है.
ये देखने में बहुत ज्यादा बुरे लगते हैं और आसानी से इनके दाग छूटते भी नहीं हैं. इन दागों की वजह से लोग अक्सर इन्हें जल्दी-जल्दी बदलते रहते हैं. लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि आपको ना तो नई बाल्टी खरीजने की जरूरत है और ना ही इन्हें साफ करने के लिए महंगे क्लीनर खरीदने की जरूरत होती है. आज हम आपको रसोई में मौजूद कुछ साधारण सी चीजों की मदद से ही बाल्टी और मग्गे पर जमी सफेद परत और पीले दाल साफ कर सकते हैं. बहुत कम मेहनत में आप इन्हें फिर से नया जैसा चमका सकते हैं.
बेकिंग सोडा और सिरके से करें सफाई
बाल्टी और मग्गे पर जमे जिद्दी दाग हटाने के लिए आप बेकिंग सोडा और सिरके का इस्तेमाल कर सकते हैं. इन दोनों चीजों का कॉम्बिनेशन काफी असरदार साबित हो सकता है. बेकिंग सोडा और सिरके से साफ करने के लिए बाल्टी में 2-3 चम्मच बेकिंग सोडा डालें और ऊपर से थोड़ा सा सिरका डाल दें. दोनों के मिलने से झाग बनेगा, जो गंदगी और दागों को ढीला करने में मदद करता है. इसे 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद ब्रश से हल्का रगड़ें और साफ पानी से धो लें.
नींबू और नमक का कमाल
अगर दाग ज्यादा जिद्दी हैं तो नींबू और नमक का इस्तेमाल करना फायदेमंद साबित हो सकता है. इनसे सफाई करने के लिए एक नींबू को आधा काट लें और उस पर थोड़ा नमक छिड़क दें. अब जहां भी दाग लगे हैं इस पेस्ट को वहां पर रगड़ें और कुछ मिनट बाद पानी से धो लें. नींबू में मौजूद नेचुरल एसिड दाग हटाने में मदद करता है और बाल्टी-मग्गा फ्रेश भी हो जाता है.
ज्यादा गंदगी हो तो करें डिसइन्फेक्ट
अगर बाल्टी या मग्गे पर बहुत ज्यादा दाग जम गए हैं या आप उन्हें डिसइन्फेक्ट करना चाहते है, तो थोड़ी सी ब्लीच या डिसइन्फेक्टेंट का इस्तेमाल किया जा सकता है. पानी में थोड़ी मात्रा में ब्लीच मिलाकर बाल्टी और मग्गे को 15-20 मिनट तक उसमें भिगोकर रख दें. इसके बाद अच्छी तरह धो लें.
हफ्ते में एक बार जरूर करें सफाई
अगर आप चाहते हैं कि बाल्टी या मग्गे पर दाग ना जमें तो आपको नियमित रूप से उनकी सफाई करनी होगी. हफ्ते में एक बार गर्म पानी और थोड़ा-सा बर्तन धोने वाला लिक्विड लेकर बाल्टी और मग्गा धो लें. इससे साबुन की परत, गंदगी और दाग बनने वाली गंदगी पहले ही हट जाएगी.