scorecardresearch
 

हर मूड का अलग नाम, हर आदत की पहचान… क्या है Gen Z की माइक्रो-लेबलिंग?

जेन जी के बीच अपनी पसंद, आदतों और फीलिंग्स को अलग-अलग नाम देने का चलन बढ़ रहा है. इंट्रोवर्ट, ओवरथिंकर और पीपल प्लीजर जैसे शब्द लोगों को खुद को समझने में हेल्प करते हैं. लेकिन क्या हर आदत को एक नाम देना जरूरी है? जानिए, कैसे माइक्रो-लेबलिंग खुद को समझने का तरीका होने के साथ पहचान को सीमित भी कर सकती है.

Advertisement
X
जेन जी हर छोटी आदत को क्यों दे देती हैं नाम?
जेन जी हर छोटी आदत को क्यों दे देती हैं नाम?

कभी किसी को अपनी पसंद बताने के लिए खुद को ‘इंट्रोवर्ट’ कहना पड़ता है, तो कभी अकेले वक्त बिताना पसंद हो तो ‘सोलो डेटिंग’ जैसे शब्द काम आते हैं. आजकल हर पसंद, आदत और मूड के लिए कोई न कोई नाम मौजूद है. जेन जी की इसी आदत को माइक्रो-लेबलिंग कहा जा सकता है.

सोशल मीडिया पर ऐसे कई शब्द देखने को मिलते हैं, जो लोगों को अपनी पसंद और व्यवहार समझाने में मदद करते हैं. जैसे इंट्रोवर्ट यानी कम लोगों से मिलना पसंद करने वाला, ओवरथिंकर यानी छोटी-छोटी बातों पर ज्यादा सोचना और पीपल प्लीजर यानी दूसरों को खुश रखने के लिए अपनी जरूरतों को पीछे रखना. इसी तरह कोई खुद को होमबॉडी कहता है, तो कोई सोशल बटरफ्लाई.

माइक्रो लेबलिंग क्या है?

माइक्रो-लेबलिंग का मतलब है अपने मूड, पसंद, आदतों या पर्सनैलिटी को बताने के लिए छोटे-छोटे खास नामों या लेबल का इस्तेमाल करना.

जैसे खुद को इंट्रोवर्ट, ओवरथिंकर या होपलैस रोमांटिक कहना, ताकि दूसरों को समझा सकें कि हम कैसा महसूस करते हैं या हमारी पर्सनैलिटी कैसी है.

1. इंट्रोवर्ट: ऐसे लोगों को अकेले वक्त बिताना या कुछ करीबी लोगों के साथ रहना ज्यादा पसंद होता है. वे हर जगह खुलकर बात करने के बजाय पहले लोगों को समझना पसंद कर सकते हैं. इसका मतलब ये नहीं कि वे शर्मीले होते हैं या उन्हें लोगों से मिलना पसंद नहीं है.

Advertisement

2. ओवरथिंकर: ऐसे लोग छोटी-छोटी बातों के बारे में भी बार-बार सोचते रहते हैं. अक्सर सोचते हैं कि किसी ने क्या कहा, ऐसा क्यों कहा या आगे क्या हो सकता है. कई बार जरूरत से ज्यादा सोचने की वजह से वे परेशान हो जाते हैं और फैसला लेने में मुश्किल महसूस करते हैं.

3. होमबॉडी: ऐसे लोगों को बाहर घूमने के बजाय घर पर वक्त बिताना ज्यादा पसंद होता है. वे घर पर फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, खाना बनाना या आराम करना पसंद कर सकते हैं. इसका मतलब ये नहीं कि वे लोगों से मिलना नहीं चाहते, बल्कि घर पर उन्हें ज्यादा सुकून मिलता है.

4. सोशल बटरफ्लाई: ऐसे लोग लोगों से मिलना-जुलना, बातचीत करना और नए दोस्त बनाना पसंद करते हैं. वे पार्टियों, सोशल इवेंट्स और दोस्तों के साथ वक्त बिताने में सहज महसूस कर सकते हैं. उन्हें नए लोगों से जुड़ना अच्छा लगता है और वे अक्सर अपने मिलनसार स्वभाव के लिए पहचाने जाते हैं.

5. पीपल प्लीजर: ऐसे लोग दूसरों को खुश रखने और उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने की बहुत कोशिश करते हैं. कई बार वे किसी को बुरा लगने के डर से अपनी मर्जी के खिलाफ भी हां कह देते हैं. इस आदत में वे अपनी जरूरतों और फीलिंग्स को पीछे रख सकते हैं, जिससे उन्हें स्ट्रेस महसूस हो सकता है.

Advertisement

आखिर हर चीज को नाम देने की जरूरत क्यों पड़ रही है?

इसका एक कारण अपनी बात आसानी से समझा पाना है. हर किसी के लिए अपनी फीलिंग्स को शब्दों में बताना आसान नहीं होता. ऐसे में कोई लेबल मिल जाने पर व्यक्ति को लगता है कि वो खुद को बेहतर तरीके से समझ पा रहा है. साथ ही, उसे ऐसे लोग भी मिल सकते हैं, जिनकी पसंद और एक्सपीरियंस उससे मिलते-जुलते हैं.

सोशल मीडिया ने भी इस चलन को बढ़ाया है. इंस्टाग्राम और टिकटॉक जैसे प्लेटफॉर्म पर लोग अपने व्यवहार, रिश्तों और रोजमर्रा की आदतों को नए-नए नाम देते हैं. कई बार कोई शब्द इतना पॉपुलर हो जाता है कि लोग उसे अपनी पहचान का हिस्सा बना लेते हैं.

यह भी पढ़ें: "महंगे स्नीकर्स का सस्ता जुगाड़, Gen Z क्यों खरीद रही है फर्स्ट-कॉपी जूते?

क्या हर आदत को नाम देना जरूरी है?

लेबल से खुद को समझना आसान हो सकता है, लेकिन परेशानी तब होती है, जब इंसान खुद को उसी नाम तक सीमित कर लेता है. जैसे कोई खुद को इंट्रोवर्ट मानकर नए लोगों से मिलना ही छोड़ दे या खुद को ओवरथिंकर कहकर अपनी हर टेंशन को अपनी आदत समझने लगे.

व्यक्ति का बिहेवियर हर सिच्युएशन में एक जैसा नहीं होता. जो व्यक्ति आज अकेले रहना पसंद करता है, वो कल दोस्तों के साथ वक्त बिताना भी चाह सकता है. पसंद, फीलिंग्स और आदतें वक्त के साथ बदल सकती हैं.

Advertisement

इसलिए किसी शब्द से खुद को समझने में हेल्प मिल सकती है, लेकिन उसे अपनी पूरी पहचान बना लेना जरूरी नहीं है. आखिरकार, व्यक्ति किसी एक नाम या आदत से कहीं ज्यादा होता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement