Heavy Rain Home Waterlogging: दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून की दस्तक इतनी जबरदस्त होगी किसी ने सोचा नहीं था. बीते दो दिन इतनी तेज बारिश हुई है कि कई इलाके पूरी तरह से जलमग्न हो गए हैं. ये बारिश कई बार इतनी भारी पड़ जाती है कि देखते ही देखते सड़कों पर ही नहीं बल्कि घर के अंदर भी पानी भर जाता है. ये लोगों के लिए परेशानी का सबब बन जाता है. फर्श पर जमा पानी सिर्फ गंदगी ही नहीं फैलाता, बल्कि फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, लकड़ी के दरवाजों और दीवारों को भी नुकसान पहुंचा सकता है.
ऐसे समय में लोग जल्दी से जल्दी अपने घर से पानी को बाहर निकालने की कोशिश में लग जाते हैं. लेकिन हर किसी के पास मोटर पंप या प्रोफेशनल मदद तुरंत मौजूद नहीं होती है. ऐसे में आज हम आपको कुछ आसान देसी जुगाड़ और घरेलू तरीके बताने वाले हैं, जिनकी मदद से आपको पानी निकालने में आसानी होगी. इतना ही नहीं ये नुकसान को कम करने में काफी मददगार साबित हो सकते हैं. आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ आसान उपाय.
1. झाड़ू और वाइपर की मदद से पानी बाहर निकालें: अगर पानी हद से ज्यादा नहीं भरा है तो किसी चौड़े वाइपर या झाड़ू की मदद से उसे दरवाजे या ड्रेनेज की ओर धकेलें. ये पानी निकालने का सबसे आसान और तेज तरीका है, जिससे कम समय में काफी पानी बाहर निकाला जा सकता है.
2. बाल्टी और मग का इस्तेमाल करें: अगर घर के किसी हिस्से में ज्यादा पानी जमा हो गया है और बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं है, तो बाल्टी और मग की मदद से पानी निकाला जा सकता है. परिवार के लोगों के साथ मिलकर काम करें तो ये प्रोसेस जल्दी पूरा हो सकता है.
3. पोछे और पुराने तौलियों का लें सहारा: पुराने तौलिए, चादर या मोटा पोछा पानी जल्दी सोख लेते हैं. इन्हें पानी में बिछाकर अच्छी तरह भिगो लें और फिर निचोड़कर बाल्टी में पानी इकट्ठा करें. ये तरीका छोटे कमरों और कोनों में जमा पानी हटाने के लिए काफी कारगर है.
4. प्लास्टिक पाइप से साइफन ट्रिक अपनाएं: अगर पानी किसी कमरे या बालकनी में जमा है और बाहर का लेवल नीचे है, तो प्लास्टिक पाइप की मदद से साइफन तकनीक का इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे बिना मोटर के भी धीरे-धीरे पानी बाहर निकलने लगता है.
5. पानी निकालने के लिए हाथ वाला पंप इस्तेमाल करें: अगर घर में हैंड पंप या मैनुअल वॉटर पंप मौजूद है, तो उससे भी जमा पानी बाहर निकाला जा सकता है. अगर बिजली नहीं है, तो उस स्थिति में ये काफी कारगर साबित हो सकता है.
6. ड्रेन का रास्ता तुरंत साफ करें: कई बार पानी इसलिए नहीं निकलता क्योंकि नाली में पत्ते, मिट्टी या प्लास्टिक फंस जाते हैं. डंडे या दस्ताने पहनकर ड्रेन को साफ करें ताकि पानी तेजी से बाहर निकल सके.
7. छोटे स्टूल या ईंटों पर रखें जरूरी सामान: जब तक पानी पूरी तरह बाहर न निकल जाए, तब तक इलेक्ट्रॉनिक सामान, गैस सिलेंडर, जरूरी दस्तावेज और फर्नीचर को ईंटों या स्टूल पर रख दें. इससे नुकसान काफी हद तक कम किया जा सकता है.