उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में शनिवार को पुलिस और मेरठ एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी कुख्यात बदमाश विपुल उर्फ 'खूनी' को मुठभेड़ में मार गिराया. लंबे समय से फरार चल रहा विपुल सुशील मूंछ गैंग का सक्रिय सदस्य और शार्प शूटर माना जाता था. उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर समेत 38 संगीन मुकदमे दर्ज थे.
पुलिस के मुताबिक, विपुल उर्फ खूनी लंबे समय से कानून से बचता फिर रहा था. उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था. पुलिस और एसटीएफ को उसकी लोकेशन मिलने के बाद संयुक्त टीम ने घेराबंदी की, जिसके बाद मुठभेड़ हुई.
यह भी पढ़ें: खतरा आते ही मचेगा शोर... Key Chain Alarm बनेगा महिलाओं का सुरक्षा कवच, बागपत DM की अनोखी पहल
एनकाउंटर के बाद मौके से दो पिस्टल, कई जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की गई है. पुलिस ने बरामद हथियारों और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है.
पुलिस को देखते ही शुरू कर दी फायरिंग
यह मुठभेड़ बागपत जिले के सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के सैड़भर इलाके में हुई. पुलिस के अनुसार जैसे ही संयुक्त टीम बदमाश के करीब पहुंची, विपुल ने खुद को घिरा देख पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.
पुलिस और एसटीएफ ने भी जवाबी कार्रवाई की. दोनों तरफ से हुई फायरिंग के दौरान विपुल गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी.
हत्या से लेकर रंगदारी तक, अपराध की लंबी फेहरिस्त
पुलिस के मुताबिक, विपुल उर्फ खूनी का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा रहा है. उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 38 मुकदमे दर्ज थे. वह सुशील मूंछ गैंग के लिए शार्प शूटर के तौर पर काम करता था.
जांच में सामने आया कि वर्ष 2014 में शामली जिले के एलम क्षेत्र में उसने अपनी एक महिला मित्र को घर बुलाकर लोहे की रॉड से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी थी. इसके बाद वर्ष 2017 में उसने सहारनपुर में गाड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया.
इतना ही नहीं, पुलिस के अनुसार उसने मानपुर गांव की वर्तमान महिला प्रधान की पुलिस मुखबिरी के शक में घर में घुसकर निर्मम हत्या कर दी थी. वर्ष 2014 में ही उसने एक अन्य हत्या की वारदात को भी अंजाम दिया था. उसके खिलाफ कई जिलों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे.
एसपी बोले- दो पिस्टल और कारतूस बरामद
बागपत के एसपी सूरज राय ने बताया कि 25 जुलाई 2026 को सुशील मूंछ गैंग का सक्रिय सदस्य और 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश विपुल उर्फ खूनी पुलिस और मेरठ एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ में घायल हुआ.
उन्होंने बताया कि घायल बदमाश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. उसके कब्जे से दो पिस्टल और कई कारतूस बरामद किए गए हैं. बरामद हथियारों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है और पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
विपुल उर्फ खूनी के एनकाउंटर को बागपत पुलिस और मेरठ एसटीएफ की बड़ी सफलता माना जा रहा है. पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क पर भी बड़ा असर पड़ेगा.