Achari Aloo ki Sabji: अगर आप रोज-रोज एक ही तरह की सादी आलू की सब्जी खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ नया व चटपटा ट्राई करना चाहते हैं, तो लहसुनी अचारी आलू आपके लिए एकदम परफेक्ट ऑप्शन है. इस रेसिपी में उबले हुए आलुओं को अचार के खास मसालों के साथ पकाया जाता है और ऊपर से लगाया जाता है लहसुन का एक कड़क छौंक (तड़का). लहसुन और अचारी मसालों का यह जुगलबंदी स्वाद को कई गुना बढ़ा देती है. इसे आप पूरी, पराठे या दाल-चावल के साथ साइड डिश के रूप में सर्व कर सकते हैं. आइए जानते हैं इसे बनाने की बेहद आसान विधि.
अचारी आलू की सामग्री
मुख्य सामग्री: 4-5 उबले हुए आलू (मोटे टुकड़ों में कटे हुए)
मसाला: 1 चम्मच सौंफ, 1/2 चम्मच राई (सरसों के दाने), 1/2 चम्मच जीरा, 1/4 चम्मच मेथी दाना, 1/4 चम्मच कलौंजी (मंगरेल).
छौंक/तड़के के लिए: 2 चम्मच बारीक कटा हुआ लहसुन, 2 सूखी लाल मिर्च, 1/4 चम्मच हींग.
अन्य मसाले: 1/2 चम्मच हल्दी पाउडर, 1 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, 1 चम्मच धनिया पाउडर, 1/2 चम्मच आमचूर पाउडर, 1/4 चम्मच गरम मसाला.
अन्य: 2-3 चम्मच सरसों का तेल, स्वादानुसार नमक, बारीक कटा हरा धनिया.
बनाने का तरीका
सबसे पहले एक कढ़ाई में सूखी राई, जीरा, सौंफ, मेथी दाना और कलौंजी को धीमी आंच पर 1 मिनट के लिए सूखा भून लें. ठंडा होने पर इन्हें दरदरा पीस लें. आपका अचारी मसाला तैयार है.
अब उसी कढ़ाई में सरसों का तेल गर्म करें. तेल से धुआं निकलने पर आंच धीमी करें और इसमें कटे हुए उबले आलू डाल दें. आलुओं को हल्का सुनहरा होने तक 3-4 मिनट के लिए फ्राई कर लें.
फ्राई किए हुए आलुओं में हल्दी, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, आमचूर पाउडर, स्वादानुसार नमक और तैयार किया हुआ दरदरा अचारी मसाला डालें. सभी चीजों को अच्छे से मिलाएं ताकि मसाला आलुओं पर लिपट जाए. इसे ढककर 2 मिनट धीमी आंच पर पकने दें.
अब एक छोटे तड़का पैन में एक चम्मच तेल या घी गर्म करें. इसमें हींग, सूखी लाल मिर्च और बारीक कटा हुआ लहसुन डालें. लहसुन को हल्का सुनहरा और खुशबूदार होने तक भूनें.
इस गरमा-गरम लहसुनी छौंक को कढ़ाई में तैयार अचारी आलुओं के ऊपर डालें और तुरंत ढक दें ताकि लहसुन की खुशबू सब्जी में समा जाए. 1 मिनट बाद गरम मसाला और बारीक कटा हरा धनिया डालकर मिलाएं.
चटपटे लहसुनी अचारी आलू बनकर तैयार हैं. इन्हें गरमा-गरम पूरियों या पराठों के साथ परोसें.