scorecardresearch
 

AC tips: 'AC की गैस खत्म हो गई है सर', इलेक्ट्रीशियन कर रहे खेल, लगा रहे हजारों का चूना, ऐसे बचें

AC की सर्विसिंग के दौरान क्या टेक्नीशियन ने भी आपसे गैस खत्म होने की बात कही है? अगर हां, तो तुरंत सावधान हो जाएं क्योंकि हो सकता है वो आपको चूना लगा रहा हो. आज हम आपको 'फैंटम गैस लीक' का ये पूरा खेल बताने वाले हैं. इसके साथ ही बताएंगे कि आप कैसे घर बैठे खुद गैस लीक के बारे में चेक कर सकते हैं.

Advertisement
X
एसी की गैस लीक बताकर आज कल टेक्नीशियंस लोगों को 1000-1500 रुपये ठग लेते हैं. (Photo: ITG)
एसी की गैस लीक बताकर आज कल टेक्नीशियंस लोगों को 1000-1500 रुपये ठग लेते हैं. (Photo: ITG)

गर्मी शुरू होते ही लोगों को AC उनका बेस्ट फ्रेंड लगने लगता है. बाहर की चिलचिलाती गर्मी और तपते घर में एसी ही सहारा बनता है. ऐसे में गर्मियां शुरू होते ही लाखों लोग अपने AC की सर्विस करवाते हैं. लोग AC की सर्विस कराने के लिए टेक्नीशियन बुलाते हैं, जो अक्सर उन्हें सर्विस के दौरान अचानक कह देते हैं कि 'आपके AC की गैस खत्म हो गई है'. ये कहकर टेक्नीशियंस आपसे 1000 से 1500 रुपये मांग लेते हैं. आप भी बिना कुछ सोचे-समझे गर्मी की मार झेलने से बचने के लिए तुरंत पैसे निकालकर दे देते हैं.  

लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि लोग आप से यूं पैसे ऐंठ तो नहीं रहे हैं? दरअसल, सोशल मीडिया और ऑनलाइन फोरम्स पर इन दिनों कई लोग दावा कर रहे हैं कि कुछ AC टेक्नीशियन ग्राहकों को फर्जी गैस लीक का डर दिखाकर पैसे ऐंठ रहे हैं. कई लोगों का कहना है कि उनका एसी सर्विस से पहले ठीक-ठाक चल रहा था, लेकिन टेक्नीशियन के आने के कुछ ही मिनट बाद उन्हें बताया गया कि गैस खत्म हो गई है और तुरंत रिफिल करानी पड़ेगी. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या एसी की गैस सच में इतनी जल्दी खत्म हो जाती है, या फिर कुछ लोग इसे कमाई का जरिया बना रहे हैं? अगर आप भी एसी सर्विस कराने वाले हैं, तो इस खेल को समझना आपके लिए जरूरी है. इस खबर में हम ये भी जानेंगे कि कैसे आप घर में आसानी से AC में गैस खत्म है कि नहीं वो चेक कर सकते हैं.

कैसे लगाया जाता है 'फैंटम गैस लीक' का चूना?
AC सर्विसिंग के दौरान कुछ टेक्नीशियन बिना अच्छे से टेस्टिंग के दावा कर देते हैं कि AC की गैस लीक हो गई है और तुरंत रिफिल कराने की जरूरत है. इसे 'फैंटम लीक' यानी नकली गैस लीक का खेल कहा जाता है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, एसी का रेफ्रिजरेंट (गैस) अपने आप खत्म नहीं होता. आमतौर पर गैस तभी कम होती है जब पाइप, कॉइल या किसी हिस्से में असली लीकेज हो. अगर कोई टेक्नीशियन बिना लीक टेस्ट किए सीधे गैस भरवाने की सलाह दे रहा है, तो सावधान हो जाने की जरूरत है.

गैस निकालकर भी बनाया जा सकता है शिकार
कुछ मामलों में ग्राहकों ने आरोप लगाया है कि टेक्नीशियन खुद ही AC की थोड़ी गैस निकाल देते हैं और फिर मशीन में कम प्रेशर दिखाकर गैस रिफिल कराने का दबाव बनाते हैं. इसके बाद ग्राहक से 1000 से 1500 रुपये या उससे ज्यादा वसूले जाते हैं. हालांकि, हर टेक्नीशियन ऐसा नहीं करता, लेकिन सर्विसिंग के दौरान सावधान रहना जरूरी है.

PSI रीडिंग देखकर समझें सच
अगर टेक्नीशियन कहता है कि गैस कम है, तो उससे प्रेशर रीडिंग दिखाने को कहें. R32 और R410 गैस वाले एसी में मशीन चलने के दौरान प्रेशर आमतौर पर 130 से 140 PSI के आसपास होना चाहिए. R22 गैस वाले पुराने एसी में ये रीडिंग लगभग 60 से 65 PSI रहती है. अगर रीडिंग नॉर्मल है, तो गैस रिफिल की जरूरत नहीं होनी चाहिए.

हर साल गैस भरवाने की जरूरत नहीं पड़ती
कई लोग मान लेते हैं कि AC में हर साल गैस भरवाना बहुत ही नॉर्मल बात है, जबकि ऐसा नहीं है. AC कंपनियों और एक्सपर्ट्स के अनुसार, अगर उसमें किसी तरह की कोई लीकेज नहीं है तो रेफ्रिजरेंट 10 से 15 साल तक भी चल सकता है. इसलिए ये बात दिमाग से बिल्कुल निकाल दें कि हर AC में गैस रिफिल कराना जरूरी है. 

लोगों ने बताई अपनी आपबीती
टेक्नीशियंस किस तरह लोगों को अपने 'गैस खत्म' होने वाले जाल में फंसा रहे हैं उसकी आपबीती कुछ लोगों ने बयां की है.  दिल्ली के एक Reddit यूजर ने बताया कि उनका Daikin एसी सिर्फ दो साल पुराना था. सर्विस के लिए टेक्नीशियन आया और जैसे ही वो कुछ मिनट के लिए सीढ़ी लेने गया, टेक्नीशियन ने कहा कि AC की गैस खत्म हो चुकी है. यूजर को शक हुआ क्योंकि टेक्नीशियन के आने से पहले AC सही काम कर रहा था.

Advertisement

एक अन्य यूजर ने लिखा, 'एसी को गैस रिफिल की जरूरत तभी पड़ती है जब कहीं लीकेज हो.'

कई लोगों ने दावा किया कि कुछ टेक्नीशियन जानबूझकर गैस वाले वाल्व से छेड़छाड़ कर देते हैं और फिर कम प्रेशर दिखाकर गैस भरवाने की सलाह देते हैं. एक यूजर ने लिखा, 'अब मैं सर्विस के दौरान टेक्नीशियन को अकेला नहीं छोड़ता.' वहीं एक अन्य व्यक्ति ने कहा, 'गैस भरना इन लोगों के लिए आसान कमाई का जरिया बन गया है.'

घर पर ऐसे चेक करें कि गैस लीक हुई है या नहीं

1. एसी की कूलिंग पर ध्यान दें: अगर AC 16-18 डिग्री पर चलाने के बावजूद कमरा ठंडा नहीं कर पा रहा है तो गैस कम होने की संभावना हो सकती है.

2. इंडोर यूनिट पर बर्फ जमना: अगर AC के कॉइल या कॉपर पाइप पर बर्फ जमने लगे तो समझ जाएं कि ये कम गैस का संकेत हो सकता है.

3. बिजली की खपत बढ़ना: गैस कम होने पर AC को कमरा ठंडा करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और लंबे समय तक AC चलाना पड़ता है, जिससे बिजली का बिल बढ़ सकता है.

4. हिसिंग की आवाज: अगर कहीं से गैस लीक हो रही है तो हल्की सी फुसफुसाहट या हिसिंग जैसी आवाज सुनाई दे सकती है.

Advertisement

5. टेक्नीशियन से लीक टेस्ट की मांग करें: सिर्फ 'गैस कम है' सुनकर पैसे न दें. टेक्नीशियन से नाइट्रोजन लीक टेस्ट या साबुन वाले पानी से लीकेज चेक करने को कहें. अगर लीक नहीं है तो गैस भरने की जरूरत नहीं होनी चाहिए.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement