scorecardresearch
 

Kachhe Aloo ka Paratha Recipe: बिना आलू उबाले मिनटों में बनाएं आलू का क्रिस्पी पराठा, स्वाद ऐसा कि हर कोई पूछेगा रेसिपी

Kachhe Aloo ka Paratha Recipe: नाश्ते में अगर कुछ टेस्टी और पेट भरने वाला खाने का मन हो तो कच्चे आलू का पराठा एक बेहतरीन ऑप्शन है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए आलू को उबालने की जरूरत नहीं पड़ती, जिससे समय की भी बचत होती है. आज हम आपको घर पर आसानी से कच्चे आलू से टेस्टी और कुरकुरा आलू पराठा बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे.

Advertisement
X
कच्चे आलू से मिनटों में बनाएं कुरकुरा पराठा (Photo-ITG)
कच्चे आलू से मिनटों में बनाएं कुरकुरा पराठा (Photo-ITG)

Kachhe Aloo ka Paratha Recipe: भारतीय नाश्ते में पराठा सबसे ज्यादा खाए जाने वाले ब्रेकफास्ट में से एक है. वैसे तो पराठे कई तरह के बनाए जाते हैं लेकिन आलू का पराठा सबसे अधिक पसंद किया जाता है. हालांकि, इसे बनाने के लिए पहले आलू को उबालने पड़ते हैं, जिसके कारण कई लोग इसे बनाने से बचते हैं. अगर आप भी इसी वजह से आलू का  पराठा नहीं बना पाते हैं तो अब चिंता करने की जरूरत नहीं है. आज हम आपको कच्चे आलू से टेस्टी पराठा बनाना बताएंगे, जिसके लिए आपको आलू उबालने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

बस कच्चे आलू को कद्दूकस कर आसानू से टेस्टी आलू पराठा बना सकते हैं. बाहर से कुरकुरा और अंदर से मसालों के स्वाद से भरपूर यह पराठा खाने में काफी टेस्टी लगता है.  इसे आप सुबह के नाश्ते, बच्चों के टिफिन या रात के खाने के लिए आसानी से बना सकते हैं. तो आइए जानते हैं घर पर फटाफट कच्चे आलू का पराठा कैसे बना सकते हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होगी.

इंग्रेडिएंट्स  (2 लोगों के लिए)

2 बड़े आलू
2 कप गेहूं का आटा
4-5 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
2 टेबलस्पून बेसन
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1 छोटा चम्मच कसूरी मेथी
1/2 छोटा चम्मच सौंफ
स्वादानुसार नमक
पराठा सेंकने के लिए तेल या घी

कच्चे आलू से पराठा कैसे बनाते हैं?

  1. कच्चे आलू से पराठा बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बाउल में गेहूं का आटा लें. इसमें बेसन, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें.
  2. अब आलू को धोकर छीलकर कद्दूकस कर लें. आटे में कद्दूकस किए हुए आलू, बारीक कटी हरी मिर्च, सौंफ और कसूरी मेथी डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें.
  3. इसके बाद इस मिश्रण में थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सॉफ्ट आटा गूंथ लें. ध्यान रखें कि आलू भी पानी छोड़ते हैं, इसलिए पानी जरूरत के अनुसार ही डालें.
  4. आटा गूंथने के बाद उस पर थोड़ा तेल लगाकर 5-10 मिनट के लिए ढककर रख दें. फिर आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें.
  5. अब एक लोई लें और सूखे आटे की मदद से गोल आकार में बेल लें.
  6. तवा गर्म करें और बेला हुआ पराठा तवे पर डालें. दोनों तरफ हल्का सेंकने के बाद तेल या घी लगाकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें.
  7. गरमा-गरम कच्चे आलू के पराठे को टमाटर की चटनी, हरी मिर्च की चटनी, अचार या दही के साथ परोसें.
---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement