scorecardresearch
 

Jau Upma Recipe: रोज एक जैसे नाश्ते से भर गया है मन! ट्राई करें टेस्टी और हेल्दी जौ का उपमा, रेसिपी है आसान

Jau Upma Recipe: आपने अब तक जौ की रोटियां और पराठे तो खूब खाए होंगे लेकिन क्या कभी इसका उपमा खाया है. आज हम आपको जौ का उपमा बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे, जिसे आप सुबह की जल्दबाजी में भी आसानी से बना सकते हैं.

Advertisement
X
जौ उपमा आसान रेसिपी (Photo-ITG)
जौ उपमा आसान रेसिपी (Photo-ITG)

Jau Ka Upma Recipe: नाश्ता दिन का सबसे जरूरी मील होता है. लेकिन कई बार सुबह की जल्दबाजी में समझ नहीं आता कि क्या बनाया जाए जो हेल्दी और टेस्टी होने के साथ-साथ जल्दी भी बन जाए. ऐसे में जौ का उपमा आपके लिए बेस्ट ऑप्शन हो सकता है. यह खाने में बेहद लाजवाब होता है और इसे सुबह की जल्दी में भी आसानी से बनाया जा सकता है.

जौ सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है. इसमें भरपूर मात्रा में फाइबर होता है, जिससे डाइजेशन बेहतर रहता है और पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है, जिससे वजन कंट्रोल करने में भी मदद मिलती है. इसके अलावा इसमें सेलेनियम, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सीडेंट जैसे कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं जो ओवरऑल हेल्थ को बेहतर बनाए रखने में मदद करते हैं. आज हम आपको सुबह की जल्दबाजी में मिनटों में जौ का उपमा बनाना बताएंगे. इसका स्वाद इतना लाजवाब होगा कि बच्चे से लेकर बड़ों तक सबको पसंद आएगा.

इंग्रेडिएंट्स (ingredients)

1 कप जौ का दलिया
1/2 शिमला मिर्च (बारीक कटी हुई)
1/2 प्याज (बारीक कटा हुआ)
1 गाजर (कटी हुई)
2 चम्मच धनिया पत्ता
1 चम्मच उड़द की दाल
1 चम्मच नींबू रस
एक चुटकी सरसों
1/2 कप मूंगफली (भुनी हुई)
 नमक स्वादानुसार


जौ का उपमा बनाते कैसे हैं?

  1. जौ का उपमा बनाने के लिए सबसे पहले जौ को अच्छी तरह धो लें. फिर इसे  15–20 मिनट के लिए पानी में भिगोकर रख दें.
  2. इसके बाद पानी निकालकर जौ को कुकर में डालें और 2 सीटी आने तक उबाल लें.
  3. अब एक कड़ाही में थोड़ा सा तेल गरम करें और उसमें सरसों डालकर चटकाएं.
  4. फिर इसमें उड़द दाल डालें और हल्का सा भून लें.
  5. इसके बाद बारीक कटी हुई प्याज, शिमला मिर्च और गाजर डालकर कुछ मिनट तक पकाएं.
  6. अब इसमें मूंगफली और नमक डालकर अच्छे से मिला लें.
  7. जब सब्जियां हल्की नरम हो जाएं, तब इसमें उबला हुआ जौ डालें और 2–3 मिनट तक पकाएं, ताकि सभी फ्लेवर अच्छे से मिल जाएं.
  8. अंत में नींबू का रस और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिक्स करें.
  9. अब आपका गरमा-गरम जौ का उपमा तैयार है, जिसे फटाफट दही या चटनी के साथ परोसें.
---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement