scorecardresearch
 

Phool Gobhi Chilla Recipe: सर्दियों में गोभी से नाश्ते में बनाएं टेस्टी चीला, हरी चटनी के साथ लगेगा लाजवाब

Phool Gobhi Chilla Recipe: अगर आप रोजाना एक जैसा नाश्ता खाकर बोर हो गए हैं और कुछ नया और टेस्टी ट्राई करना चाहते हैं तो फूलगोभी का चीला बना सकते हैं. यह खाने में टेस्टी होता है और इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता.

Advertisement
X
नाश्ते में बनाएं टेस्टी गोभी चीला (Photo- ITG)
नाश्ते में बनाएं टेस्टी गोभी चीला (Photo- ITG)

Phool Gobhi Chilla Recipe: सर्दियों के मौसम में बाजार में ताजी फूलगोभी खूब मिलती है. इस मौसम में गोभी से कई तरह की टेस्टी डिश बनाई जाती हैं. आपने अब तक फूलगोभी के पकौड़े और सब्जी तो खूब खाई होगी लेकिन क्या कभी इसका टेस्टी चीला ट्राई किया है. अगर नहीं तो आज हम आपको फूलगोभी का टेस्टी चीला बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे. फूलगोभी और बेसन से तैयार यह चीला खाने में टेस्टी होने के साथ बनाने में भी आसान है.

इसमें प्याज, हरी मिर्च और मसालों का स्वाद इसे और खास बना देता है. आप इसे सुबह के नाश्ते में हरी चटनी या दही के साथ सर्व कर सकते हैं. तो आइए जानते हैं फूलगोभी का चीला बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होगी और इसे बनाने का आसान तरीका क्या है.

इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)

1 कप बेसन

1 कप कद्दूकस की हुई फूलगोभी

2 बड़े चम्मच चावल का आटा

1 प्याज बारीक कटा हुआ

1 हरी मिर्च बारीक कटी हुई

2 बड़े चम्मच धनिया पत्ती बारीक कटी हुई

आधा छोटा चम्मच हल्दी

आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर

1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर

आधा छोटा चम्मच जीरा

स्वादानुसार नमक

जरूरत के अनुसार तेल

जरूरत के अनुसार पानी

फूलगोभी का चीला बनाएं कैसे?

  1. गोभी चीला बनाने के लिए सबसे पहले फूलगोभी को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें. अब इसे कद्दूकस करके एक बड़े बर्तन में निकाल लें. इसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च और धनिया पत्ती डालें. इसके बाद जीरा, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर मिला दें.
  2. अब इसमें बेसन और चावल का आटा डालें. स्वादानुसार नमक मिलाकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें. थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए इसका घोल तैयार करें. ध्यान रखें कि घोल न ज्यादा गाढ़ा हो और न ही बहुत पतला.
  3. इसके बाद गैस पर तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा तेल लगाएं. अब एक बड़े चम्मच की मदद से घोल तवे पर डालें और गोल आकार में फैला दें. ऊपर से थोड़ा तेल डालकर चीले को मध्यम आंच पर पकाएं. जब एक तरफ से चीला सुनहरा और कुरकुरा हो जाए, तो इसे पलट दें. दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह सेंक लें.
  4. इसी तरह बाकी घोल से भी चीले तैयार कर लें. आपका गरमा-गरम गोभी चीला तैयार है. इसे हरी चटनी, दही या टमाटर सॉस के साथ सर्व करें.
---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement