Dahi Pyaaz Ki Sabzi: रोज की सब्जी से हो गए बोर? गर्मी में ट्राई करें राजस्थानी दही-प्याज की सब्जी, 2 की जगह खाएंगे 4 रोटी!
भयंकर गर्मी में पेट को कूल रखने के लिए आप घर पर राजस्थान की मशहूर 'दही-प्याज की सब्जी' बनाकर खा सकते हैं. सिर्फ 10 मिनट में बनने वाली इस आसान और टेस्टी रेसिपी को आप रोटी और चावल दोनों के साथ मजे खा सकते हैं. यहां जानें इसकी आसान रेसिपी.
Advertisement
X
दही प्याज की सब्जी गर्मी से राहत देती है. (PHOTO:AI)
Rajasthani Dahi Pyaaz Ki Sabzi Recipe: गर्मियों के मौसम में जब तेज धूप और लू के कारण कुछ भारी या मसालेदार खाने का मन नहीं करता, तब कुछ ऐसा चाहिए होता है जो लाइट हो, झटपट बने और पेट को ठंडक भी दे. ऐसे में राजस्थान और मध्य प्रदेश के मालवा क्षेत्र की पारंपरिक 'दही-प्याज की सब्जी' एक बेहतरीन ऑप्शन है. इन राज्यों में गर्मियों के दिनों में प्याज और दही का सेवन सबसे ज्यादा किया जाता है, क्योंकि ये दोनों ही चीजें शरीर के तापमान को कंट्रोल में रखती हैं.
अगर आज आपके घर में कोई हरी सब्जी नहीं है, तो फिक्र मत कीजिए. घर में मौजूद बेसिक चीजों से आप यह लाजवाब सब्जी सिर्फ 10 मिनट में तैयार कर सकते हैं. आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी.
प्याज: 3-4 (मीडियम साइज, लंबे या चौकोर टुकड़ों में कटे हुए)
दही: 1 कप (ज्यादा खट्टा न हो, अच्छे से फेंटा हुआ)
हरी मिर्च: 2 (बारीक कटी हुई)
अदरक-लहसुन का पेस्ट: 1 छोटा चम्मच
राई और जीरा: 1/2 छोटा चम्मच
कलौंजी और सौंफ: 1/4 छोटा चम्मच (राजस्थानी ट्विस्ट के लिए)
मसाले: हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक (स्वादानुसार)
कसूरी मेथी और हरा धनिया: गार्निशिंग के लिए
तेल/घी: 2 बड़े चम्मच
सब्जी बनाने का तरीका
एक कड़ाही में तेल या घी गर्म करें. गर्म होने पर इसमें राई, जीरा, सौंफ और कलौंजी का तड़का लगाएं. इसके बाद इसमें बारीक कटी हरी मिर्च और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर कुछ सेकंड भूनें.
अब कड़ाही में कटे हुए प्याज डालें. ध्यान रहे, प्याज को बहुत ज्यादा नहीं गलाना है, बस उसका कच्चापन दूर होने तक (हल्का गुलाबी होने तक) ही भूनें ताकि सब्जी में प्याज का क्रंच बना रहे.
प्याज भूनने के बाद आंच को धीमा करें और इसमें हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालें. मसालों को प्याज के साथ 1 मिनट के लिए अच्छे से पका लें.
अब गैस को बिल्कुल धीमा कर दें या बंद कर दें. इसके बाद फेंटा हुआ दही कढ़ाई में डालें और लगातार चलाते रहें.
अगर आप चलाना छोड़ देंगे या तेज आंच पर दही डालेंगे, तो दही फट सकता है.
जब दही मसालों के साथ अच्छे से मिक्स हो जाए, तो धीमी आंच पर 1-2 मिनट उबाल आने तक पकाएं.
सब्जी के तेल छोड़ने पर ऊपर से कसूरी मेथी को हाथों से क्रश करके डालें और बारीक कटा हरा धनिया मिक्स करें. आपकी गर्मा-गर्म, मखमली दही-प्याज की सब्जी तैयार है.
इस तरीके से करें सर्व
Advertisement
इस सब्जी का असली मजा राजस्थान के पारंपरिक तरीके से बाजरे की रोटी, मिस्सी रोटी या फिर गर्मा-गर्म परांठे के साथ आता है. इसे दोपहर के लंच में खाएं, यह स्वाद के साथ-साथ आपको दोपहर की लू से भी बचाएगी.