scorecardresearch
 

स्टील नहीं, रसोई में लगवाएं इस मटेरियल की सिंक, पानी के धब्बे और उंगलियों के निशान नहीं आएंगे नजर

स्टील की सिंक पर पानी सूखने के बाद सफेद धब्बे और उंगलियों के निशान दिखने लगते हैं, जिससे वह बार-बार गंदी लगती है. अगर आप इस परेशानी से बचना चाहते हैं, तो किचन में ग्रेनाइट या क्वार्ट्ज कंपोजिट सिंक लगवा सकते हैं. इन पर पानी के धब्बे और निशान कम नजर आते हैं. साथ ही, इनमें बर्तन धोते समय पानी और बर्तनों की आवाज भी कम हो सकती है.

Advertisement
X
स्टील की सिंक पर अक्सर पानी के धब्बे जमे जाते हैं. (Photo: ITG)
स्टील की सिंक पर अक्सर पानी के धब्बे जमे जाते हैं. (Photo: ITG)

रसोई में खाना बनाने से लेकर बर्तन धोने तक, सिंक का इस्तेमाल दिन में कई बार होता है. ऐसे में इसे साफ रखना किसी चैलेंज से कम नहीं है. कई बार सिंक को अच्छी तरह धोने और कपड़े से पोंछने के बाद भी उस पर पानी के धब्बे जम जाते हैं. इसके साथ ही सिंक पर साबुन के निशान और उंगलियों के निशान नजर आने लगते हैं. खासकर स्टेनलेस स्टील की सिंक पर पानी सूखने के बाद ऐसे दाग साफ दिखाई देते हैं. इससे बार-बार सफाई करनी पड़ती है और सिंक कुछ ही देर में गंदी दिखने लगती है.

लेकिन क्या आप जानते हैं कि स्टील के अलावा भी सिंक के कई ऐसे ऑप्शन हैं, जो आपकी रसोई को मॉडर्न लुक देने के साथ पानी के धब्बों को कम दिखाने में मदद कर सकते हैं? अगर आप भी बार-बार सिंक साफ करने की झंझट से बचना चाहते हैं, तो ग्रेनाइट कंपोजिट या क्वार्ट्ज कंपोजिट सिंक लगवा सकते हैं. इनका मैट फिनिश सिंक पर लगे निशानों को कम उभारता है और रसोई को स्टाइलिश लुक देता है. चलिए जानते हैं सिंक के ये ऑप्शंस कैसे आपको बार-बार सफाई के झंझट से बचा सकते हैं.

स्टील की जगह क्यों लगवाएं ग्रेनाइट या क्वार्ट्ज कंपोजिट सिंक?
ग्रेनाइट और क्वार्ट्ज कंपोजिट सिंक पत्थर के बारीक कणों और रेजिन जैसे कंपाउंड्स को मिलाकर बनाई जाती हैं. ये आमतौर पर स्टील की तरह चमकदार नहीं होती, बल्कि मैट और पत्थर जैसी दिखती है. यही वजह है कि इन पर पानी की बूंदों, उंगलियों के निशानों और साबुन के हल्के धब्बों की चमक कम नजर आती है.

Advertisement

हालांकि, इसका मतलब ये नहीं है कि इन पर दाग लगते ही नहीं हैं. खासकर हार्ड वॉटर यानी मिनरल्स वाले पानी से इन पर भी सफेद निशान जम सकते हैं. लेकिन इनका ऐसा रंग और फिनिश चुना जा सकता है, जिससे ये निशान कम दिखाई देते हैं.

1. पानी के धब्बे और उंगलियों के निशान कम आएंगे नजर
स्टील की सिंक पर पानी की बूंदें सूखने के बाद सफेद निशान छोड़ सकती हैं. वहीं, इसकी चमकदार सतह पर उंगलियों के निशान और साबुन के दाग भी जल्दी नजर आने लगते हैं. ऐसे में बार-बार सिंक साफ करने की जरूरत पड़ती है.

ग्रेनाइट और क्वार्ट्ज कंपोजिट सिंक की मैट फिनिश वाले होते हैं जिस पर ये निशान उतने उभरकर नहीं दिखते. इससे सिंक लंबे समय तक साफ-सुथरी नजर आ सकती है. हालांकि, इसे भी समय-समय पर साफ करना जरूरी है.

2. रोजाना इस्तेमाल के लिए होती हैं मजबूत
रसोई की सिंक में दिनभर बर्तन धोए जाते हैं. कई बार भारी कड़ाही, कुकर और दूसरी चीजें भी इसमें रखी जाती हैं. इसलिए सिंक ऐसी होनी चाहिए, जो रोजाना के इस्तेमाल को आसानी से झेल सके.

ग्रेनाइट और क्वार्ट्ज कंपोजिट सिंक आमतौर पर स्क्रैच और रोजाना के हल्के झटकों को झेलने में अच्छी होती हैं. हालांकि, भारी बर्तन जोर से गिरने पर इनमें भी नुकसान हो सकता है. इसी तरह, इनकी गर्मी सहने की क्षमता ब्रांड और मॉडल पर निर्भर करती है. इसलिए बहुत गर्म बर्तन सीधे सिंक में रखने से पहले इंस्ट्रक्शंस जरूर पढ़ें.

Advertisement

3. बर्तन धोते समय नहीं आएगी स्टील जैसी तेज आवाज
स्टील की सिंक में बर्तन रखते या धोते समय कई बार तेज खटखट की आवाज आती है. खासकर जब रसोई खुली हो या घर में शांति हो, तो ये आवाज परेशान कर सकती है.

कंपोजिट सिंक का मटेरियल मोटा और मजबूत होता है, इसलिए इसमें पानी गिरने और बर्तन टकराने की आवाज स्टील की सिंक के मुकाबले कम आती है.

4. रसोई के हिसाब से चुन सकते हैं मनपसंद रंग
स्टील की सिंक आमतौर पर सिल्वर कलर में आती है, लेकिन कंपोजिट सिंक में आपको कई कलर्स के ऑप्शन मिल जाते हैं. इनमें काला, ग्रे, भूरा, बेज और सफेद जैसे कलर्स शामिल हैं.

अगर आपकी रसोई में काले या गहरे रंग का काउंटरटॉप है, तो ब्लैक या चारकोल कलर की सिंक अच्छा लुक दे सकती है. वहीं, सफेद, क्रीम या लकड़ी के रंग वाली कैबिनेट के साथ बेज और ग्रे सिंक भी अच्छी लग सकती है. इस तरह आप सिंक को रसोई के बाकी हिस्सों के साथ मैच कर सकते हैं.

ध्यान रखें कि गहरे रंग की सिंक पर हार्ड वॉटर के सफेद निशान ज्यादा नजर आ सकते हैं. इसलिए कलर चुनते समय ये भी ध्यान रखें कि आपकी रसोई में पानी कैसा आता है.

Advertisement

5. साफ करने के लिए नहीं करनी पड़ेगी ज्यादा मेहनत
कंपोजिट सिंक की सफाई के लिए किसी खास या महंगे क्लीनर की जरूरत आमतौर पर नहीं होती. रोजाना इस्तेमाल के बाद इसे हल्के साबुन, पानी और मुलायम स्पंज से साफ किया जा सकता है.

सिंक पर पानी जमा छोड़ने के बजाय उसे कपड़े से पोंछ दें. इससे पानी के निशान और मिनरल्स की लेयर जमने की आशंका कम हो सकती है. सफाई के लिए स्टील वूल, बहुत खुरदरे स्क्रबर या तेज केमिकल वाले क्लीनर इस्तेमाल करने से बचें, क्योंकि इनसे सिंक की सतह खराब हो सकती है.

ग्रेनाइट या क्वार्ट्ज, कौन सी सिंक है बेहतर?
दोनों तरह की सिंक मॉडर्न रसोई के लिए अच्छे ऑप्शन हो सकती हैं. ग्रेनाइट कंपोजिट सिंक में ग्रेनाइट या दूसरे पत्थरों के कणों का इस्तेमाल किया जाता है, जबकि क्वार्ट्ज कंपोजिट सिंक में क्वार्ट्ज के कण मिलाए जाते हैं. दोनों में मजबूती और मैट फिनिश जैसे फायदे मिल सकते हैं.

हालांकि, इनकी गुणवत्ता, कीमत, रंग और गर्मी सहने की क्षमता अलग-अलग ब्रांड और मॉडल के हिसाब से बदल सकती है. इसलिए खरीदने से पहले मटेरियल, वारंटी, सफाई के इंस्ट्रक्शंस और सिंक के आकार की जानकारी जरूर लें.

क्या स्टील की सिंक को छोड़ देना चाहिए?
ऐसा बिल्कुल नहीं है. स्टील की सिंक भी मजबूत होती है. इसके साथ ही ये आसानी से उपलब्ध होती है और कई बार बजट के लिहाज से बेहतर ऑप्शन होती है. लेकिन अगर आपकी सबसे बड़ी परेशानी पानी के धब्बे और बार-बार सफाई करना है, तो ग्रेनाइट या क्वार्ट्ज कंपोजिट सिंक लगवाने के बारे में सोच सकते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement