scorecardresearch
 

Pahadi Kheera Raita Recipe: 1 कप दही से पहाड़ी स्टाइल में बनाएं खीरे का रायता, जखिया से स्वाद होगा दोगुना, बनाने में भी बेहद आसान

Pahadi Kheera Raita Recipe: बिरयानी हो या फिर दाल-चावल, रोटी-सब्जी ही क्यों ना हो. सबके साथ रायते का मजा ही अलग होता है. कई बार तो बोरिंग से बोरिंग खाना भी रायते के साथ मजेदार लगने लगता है. आइए हम आपको पहाड़ों का फेमस खीरे का रायते की रेसिपी बताते हैं, जिसे बिल्कुल आसान तरीके से आप घर पर तैयार कर सकते हैं.

Advertisement
X
खीरा गर्मियों में लोग खूब खाते हैं. (PHOTO:AI)
खीरा गर्मियों में लोग खूब खाते हैं. (PHOTO:AI)

Pahadi Kheera Raita Recipe: खाने के साथ रायता मिल जाए तो साधारण खाना भी स्वादिष्ट लगने लगता है. घरों में प्याज, बूंदी, लौकी और खीरे का रायता अक्सर बनाया जाता है. लेकिन उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बनने वाले खीरे के रायते का स्वाद थोड़ा अलग होता है. इसमें धनिया, हरी मिर्च और लहसुन से तैयार हरा नमक डाला जाता है, साथ ही भूना जखिया और जीरा इसके स्वाद को और बढ़ा देता है.

अगर आप रोज के खाने में कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं तो एक बार पहाड़ी स्टाइल का खीरे का रायता जरूर ट्राई करें. इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता और इसकी खास खुशबू और स्वाद खाने का मजा बढ़ा देते हैं. आप इसे रोटी-सब्जी, दाल-चावल, पराठे या छोले के साथ भी परोस सकते हैं.

खीरे का रायता बनाने के लिए सामग्री

  • 1 खीरा
  • 1 कटोरी दही
  • थोड़े धनिया पत्ते
  • 1-2 हरी मिर्च
  • 2-3 लहसुन की कलियां
  • अदरक का छोटा टुकड़ा
  • 1 छोटा चम्मच जीरा
  • आधा छोटा चम्मच जखिया
  • नमक स्वादानुसार
  • एक चुटकी हल्दी

पहाड़ी स्टाइल खीरे का रायता बनाने का तरीका

  1. सबसे पहले खीरे को छीलकर अच्छी तरह धो लें. अब इसे कद्दूकस कर लें. अगर खीरे में ज्यादा पानी है तो हल्का सा निचोड़कर अलग रख दें.
  2. अब हरे नमक का मिश्रण तैयार करें. इसके लिए मिक्सी में धनिया पत्ते, हरी मिर्च, लहसुन, अदरक, थोड़ा जीरा और नमक डालकर दरदरा पीस लें. इसे बहुत बारीक पेस्ट करने की जरूरत नहीं है.
  3. इसके बाद एक बड़े कटोरे में दही को अच्छी तरह फेंट लें. इसमें कद्दूकस किया हुआ खीरा डालकर मिला दें. अब तैयार किया हुआ हरे नमक का मिश्रण इसमें डालें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें.
  4. रायते में एक चुटकी हल्दी डालकर फिर से मिला दें. अब आती है इस रायते को पहाड़ी स्वाद देने वाली खास तैयारी. इसके लिए तवे को हल्का गर्म करें और उस पर जीरा और जखिया डालकर कुछ देर भून लें. ध्यान रखें कि इन्हें जलाना नहीं है.
  5. आखिर में भुने हुए जीरे और जखिया को हल्का दरदरा पीस लें और तैयार रायते में डालकर मिला दें.

किसके साथ सर्व करें पहाड़ी खीरे का रायता

Advertisement

पहाड़ी स्टाइल खीरे के रायता खाने में बहुत मजेदार लगता है और इसे लोग रोटी के साथ मजे से खाते हैं. इसे आप लंच या डिनर में रोटी-सब्जी और दाल-चावल के साथ में साइड डिश की तरह सर्व कर सकते हैं. पहाड़ों में कई होटलों में तो खीरे का रायता खास छोले की सब्जी के ऊपर डालकर दिया जाता है. 

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement