scorecardresearch
 

राजस्थान के रणथंभौर टाइगर रिजर्व से खुशखबरी, बाघिन T-93 तीसरी बार बनी मां, बाघों की संख्या 63 पहुंची

Ranthambore Tiger Reserve: रणथंभौर टाइगर रिजर्व के लाहपुर वनक्षेत्र में बाघिन T-93 अपने शावक के साथ नजर आई. वन विभाग के अनुसार रणथंभौर प्रथम में बाघों की संख्या 63 हुई.

Advertisement
X
T-93 के साथ दिखा नन्हा शावक.(Photo:ITG)
T-93 के साथ दिखा नन्हा शावक.(Photo:ITG)

राजस्थान के रणथंभौर टाइगर रिजर्व से वन्यजीव प्रेमियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. यहां बाघिन T-93 अपने एक नन्हे शावक के साथ नजर आई है. बाघिन को सवाई माधोपुर के लाहपुर वनक्षेत्र में विचरण करते हुए देखा गया. वन विभाग के अनुसार, रणथंभौर प्रथम में बाघों की संख्या बढ़कर 63 हो गई है.

रणथंभौर के डीएफओ मानस सिंह ने बताया कि बाघिन T-93 अपने शावक के साथ लाहपुर वनक्षेत्र में दिखाई दी. यह बाघिन का तीसरा लिटर यानी तीसरा प्रसव है. फिलहाल उसके साथ एक शावक दिखाई दिया है, लेकिन शावकों की वास्तविक संख्या इससे अधिक भी हो सकती है.

कैमरा ट्रैप से पता चलेगी शावकों की संख्या

डीएफओ के मुताबिक, शावकों की सही संख्या का पता लगाने के लिए वन विभाग ने क्षेत्र में फोटो ट्रैप कैमरे लगाने की प्रक्रिया शुरू की है. कैमरों में कैद तस्वीरों का विश्लेषण करने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बाघिन ने कुल कितने शावकों को जन्म दिया है.

वन विभाग की टीम बाघिन और उसके शावकों की सुरक्षा के लिए क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही है. फील्ड स्टाफ को विशेष सतर्कता बरतने और बाघिन के प्राकृतिक विचरण में किसी तरह का व्यवधान नहीं होने देने के निर्देश दिए गए हैं.

Advertisement

रणथंभौर में बाघों का कुनबा बढ़ने के संकेत

बाघिन T-93 के साथ शावक की मौजूदगी को रणथंभौर टाइगर रिजर्व में बाघों के प्रजनन और संरक्षण के लिहाज से सकारात्मक संकेत माना जा रहा है. वन विभाग के अनुसार, रणथंभौर प्रथम में बाघों की कुल संख्या अब 63 हो गई है.

बाघिन के शावक के साथ नजर आने की खबर से वन प्रशासन और वन्यजीव प्रेमियों में खुशी है. वन विभाग का कहना है कि रणथंभौर में बाघों के संरक्षण, निगरानी और सुरक्षित वन्यजीव प्रबंधन के प्रयास जारी रहेंगे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement