बॉलीवुड की बेबो यानी करीना कपूर खान का अंदाज ही कुछ ऐसा है कि जहां भी पहुंचती हैं, सबकी नजरें उन पर ठहर जाती हैं. कभी अपने स्टाइल से तो कभी अपनी बेबाक अदाओं से वह हर महफिल में अलग पहचान बना लेती हैं. इस बार भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला. मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की ग्रैंड दिवाली पार्टी में करीना कपूर अपने पति सैफ अली खान के साथ पहुंचीं.
5 नवंबर की रात हुई इस सितारों से सजी पार्टी में बॉलीवुड के कई बड़े चेहरे नजर आए, लेकिन करीना के गोल्डन शिमरी लुक ने खास तौर पर सबका ध्यान खींचा. चमचमाती साड़ी, बोल्ड ब्लाउज, कजरारी आंखें और चेहरे पर वही कॉन्फिडेंस... करीना का अंदाज देखते ही बन रहा था. वहीं, उनके साथ पहुंचे सैफ अली खान ने अपने सादगी भरे नवाबी लुक से पत्नी के ग्लैमरस अंदाज को खूबसूरती से कॉम्प्लिमेंट किया. दोनों की जोड़ी एक बार फिर लाइमलाइट में रही.
गोल्डन शिमरी साड़ी में करीना का 'पू' वाला अंदाज
करीना कपूर खान ने इस पार्टी के लिए गोल्डन सीक्वेंस वर्क वाली शिमरी साड़ी चुनी. पूरी साड़ी पर चमकदार गोल्डन सितारों का काम था, जो लाइट में और भी खूबसूरत नजर आ रहा था. दिवाली पार्टी के लिए उनकी साड़ी ग्लैमरस होने के साथ-साथ काफी स्टाइलिश भी लग रही थी.
करीना ने साड़ी के साथ मैचिंग गोल्डन बैकलेस ब्लाउज पहना था. हॉल्टर नेक डिजाइन और बैकलेस स्टाइल उनके लुक को बोल्ड टच दे रहा था. उनका यह अंदाज देखकर 'पू' की याद आ गई. करीना ने अपने इस आउटफिट को जिस कॉन्फिडेंस के साथ कैरी किया, वह उनके लुक को और खास बना रहा था.
कजरारी आंखों और पिंक लिप्स ने बढ़ाया ग्लैमर
करीना के पूरे लुक में सबसे ज्यादा ध्यान उनके मेकअप ने खींचा. उन्होंने आंखों पर ब्लैक स्मोकी आई मेकअप किया था. गहरा काजल और डार्क आईशैडो उनकी आंखों की खूबसूरती को उभार रहा था. यही वजह थी कि उनके चेहरे पर सबसे पहले नजर उनकी कजरारी आंखों पर जा रही थी.
स्मोकी आई मेकअप के साथ करीना ने पिंक-न्यूड शिमर लिपशेड चुना, जो उनके मेकअप को ग्लैम टच दे रहा था. गालों पर हल्का ब्लश और चेहरे पर ब्रॉन्जर का इस्तेमाल उनके फीचर्स को उभार रहा था. उन्होंने बालों को सॉफ्ट कर्ल्स देकर खुला रखा था.
कम जूलरी और गोल्डन हील्स से पूरा किया लुक
करीना ने अपनी चमचमाती साड़ी के साथ जूलरी को काफी सिंपल रखा. उन्होंने कानों में छोटे गोल्डन स्टड्स पहने थे. वहीं, पैरों में गोल्डन स्लिंकी हील्स पहनकर उन्होंने अपने स्टाइल को पूरा किया. खास बात यह रही कि हैवी सीक्वेंस साड़ी और बोल्ड ब्लाउज के बावजूद उन्होंने एक्सेसरीज को ज्यादा हैवी नहीं रखा. इससे उनका पूरा लुक बैलेंस्ड और क्लासी नजर आया.
नेवी ब्लू कुर्ते में सैफ का नवाबी अंदाज
जहां करीना अपने गोल्डन शिमरी लुक से चमक रही थीं, वहीं उनके पति सैफ अली खान ने सादगी को ही अपना स्टाइल बनाया. सैफ ने इस मौके पर नेवी ब्लू रंग का क्लासिक कुर्ता पहना था, जिसके साथ उन्होंने सफेद पायजामा पेयर किया. उनका यह ट्रेडिशनल लुक काफी रॉयल और एलिगेंट लग रहा था.
सैफ ने अपने लुक को थोड़ा हटकर बनाने के लिए ऑरेंज टिंटेड सनग्लासेस लगाए थे. इसके साथ उन्होंने पैरों में ब्राउन सैंडल पहने थे. उनका अंदाज करीना के ग्लैमरस आउटफिट से बिल्कुल अलग था, लेकिन दोनों की जोड़ी साथ में काफी अच्छी लग रही थी.
पार्टी में सैफ और करीना एक-दूसरे के साथ नजर आए। करीना जहां कैमरे के सामने अपने स्टाइलिश अंदाज में पोज देती दिखीं, वहीं सैफ भी उनके साथ मौजूद रहे. दोनों की साथ में मौजूदगी ने पार्टी की रौनक बढ़ा दी.