Chaitra Navratri 2026 Colors Day Wise List: चैत्र नवरात्रि 2026 का पावन पर्व आज यानी 19 मार्च 2026, गुरुवार से शुरू हो रहा है. ये पर्व 27 मार्च, शुक्रवार को समाप्त होगा. चैत्र नवरात्र नौ दिवसीय त्यौहार होता है, जो माता दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा का समय है. हर स्वरूप अलग शक्ति और ऊर्जा का प्रतीक है, जो भक्तों पर विशेष कृपा बनाती है.
हिंदू धर्म-ग्रंथों के मुताबिक, जब भी पृथ्वी पर अंधकार और बुराई बढ़ती है, देवी दुर्गा शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंधमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री के रूपों में प्रकट होकर भक्तों और दुनिया की रक्षा करती हैं. यही कारण है कि नवरात्र में अलग-अलग दिन माता के इन नौ स्वरूपों की विशेष पूजा की जाती है. भक्त मां की कृपा पाने के लिए मंत्रों का जाप, उपवास और भजन-कीर्तन करते हैं. इसके अलावा, नवरात्रि में हर दिन अलग रंग के कपड़े पहनना भी शुभ माना जाता है. ये न केवल त्योहारी माहौल बढ़ाता है, बल्कि देवी के आशीर्वाद को आकर्षित करने का एक आसान तरीका भी है.
क्या आपको पता है कि नवरात्र के किन दिन कौन से रंग के कपड़े पहनना शुभ होता है? अगर नहीं तो चलिए बिना देर किए जानते हैं.
19 मार्च 2026, गुरुवार, चैत्र नवरात्र पहला दिन: पीला (Navratri First Day Color- Yellow)
चैत्र नवरात्र 2026 के पहले दिन माता शैलपुत्री की पूजा की जाती है. मां शैलपुत्री, हिमालय की पुत्री हैं और शक्ति, बुद्धि और सकारात्मकता की प्रतीक मानी जाती हैं. उनका प्रिय रंग पीला है. इसलिए इस दिन पीले रंग के कपड़े पहनना शुभ माना जाता है. ऐसा करने से भक्त मां से बुद्धि, ऊर्जा और सकारात्मकता प्राप्त कर सकते हैं और उनका आशीर्वाद पा सकते हैं.
20 मार्च 2026, शुक्रवार, चैत्र नवरात्र दूसरा दिन: हरा (Navratri Second Day Color- Green)
नवरात्र के दूसरे दिन माता के ब्रह्मचारिणी स्वरूप की पूजा की जाती है. ब्रह्मचारिणी माता जीवन में विकास और सफलता देती हैं. उनकी पूजा के दौरान हरा रंग पहनना शुभ माना जाता है.
21 मार्च 2026, शनिवार, चैत्र नवरात्र तीसरा दिन: ग्रे/भूरा (Navratri Third Day Color- Grey/Brown)
नवरात्र के तीसरे दिन देवी चंद्रघंटा की पूजा की जाती है. माता चंद्रघंटा की उपासना करने से लोगों को संतुष्टि और कल्याण मिलता है. इस दिन ग्रे या भूरे रंग के कपड़े पहनना शुभ होता है.
22 मार्च 2026, रविवार, चैत्र नवरात्र चौथा दिन: नारंगी (Navratri Fourth Day Color- Orange)
चौथे दिन विधी-विधान से मां कूष्मांडा की पूजा की जाती है. ये देवी लोगों के जीवन से भय और नकारात्मक ऊर्जा को दूर करती हैं. इस दिन नारंगी रंग के कपड़े पहनना सबसे अच्छे माना जाता है.
23 मार्च 2026, सोमवार, चैत्र नवरात्र पांचवा दिन: नारंगी (Navratri Fifth Day Color- White)
नवरात्र के पांचवे दिन मां स्कंधमाता की आराधना होती है. ये देवी शक्ति और सुरक्षा का प्रतीक हैं. मां स्कंदमाता को सफेद रंग बहुत प्रिय होता है. ऐसे में इस दिन लोगों के लिए सफेद रंग के कपड़े पहनना शुभ माना जाता है.
24 मार्च 2026, मंगलवार, चैत्र नवरात्र छठा दिन: लाल (Navratri Sixth Day Color- Red)
छठे दिन मां कात्यायनी की पूजा की जाती है. ये देवी शरीर को निरोगी रखने, स्वास्थ्य को सही रखने, साहस और शक्ति की दाता हैं. इनकी पूजा अर्चना के लिए लाल रंग के कपड़े पहनना शुभ होता है.
25 मार्च 2026, बुधवार, चैत्र नवरात्र सातवां दिन: नीला (Navratri Seventh Day Color- Blue)
नवरात्र के सातवें दिन माता दुर्गा के कालरात्रि स्वरूप की पूजा की जाती है. माता के ये स्वरूप समय और शक्ति का प्रतीक हैं. कालरात्रि माता का प्रिय रंग नीला है. ऐसे में भक्तों को नीले रंग के कपड़े पहनकर देवी की आराधना करनी चाहिए.
26 मार्च 2026, गुरुवार, चैत्र नवरात्र आठवां दिन: गुलाबी (Navratri Eight Day Color- Red)
नवरात्रि के आठवें दिन माता महागौरी की पूजा की जाती है. माता का ये स्वरूप मुक्ति, पवित्रता और सौंदर्य देता है. माता महागौरी को गुलाबी रंग अति प्रिय है. इस दिन गुलाबी रंग के कपड़े पहनना शुभ होता है.
27 मार्च 2026, शुक्रवार, चैत्र नवरात्र नवां दिन: बैंगनी (Navratri Ninth Day Color- Purple)
नवरात्रि के अंतिम दिन देवी सिद्धिदात्री की पूजा होती है. ये देवी सिद्धियों और समृद्धि की दाता हैं. उन्हें बैंगनी रंग के कपड़े पहनना पसंद है. इस दिन बैंगनी रंग पहनना शुभ माना जाता है.