scorecardresearch
 

कर्नाटक MLC चुनाव में NDA की जीत, BJP ने DK शिवकुमार पर कसा तंज

कर्नाटक विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की चार सीटों पर BJP और उसकी सहयोगी JD(S) ने जीत दर्ज की. कांग्रेस चारों सीटें हार गई. इसके बाद बीजेपी की कर्नाटक इकाई ने मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की फरवरी 2023 की एक पुरानी तस्वीर शेयर कर तंज कसा है.

Advertisement
X
डीके शिवकुमार की तस्वीर शेयर कर BJP ने तंज कसा है. (Photo-X/@BJP_Karnataka)
डीके शिवकुमार की तस्वीर शेयर कर BJP ने तंज कसा है. (Photo-X/@BJP_Karnataka)

कर्नाटक विधान परिषद की चार सीटों पर हुए चुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उसकी सहयोगी जनता दल (सेक्युलर) यानी JD(S) ने चारों सीटों पर जीत दर्ज की. इसके बाद बीजेपी की कर्नाटक इकाई ने मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार पर तंज कसा. 

दरअसल, पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शिवकुमार की एक पुरानी तस्वीर शेयर की. ट्वीट करते हुए भाजपा ने लिखा, 'DK, It's done, bro! (डीके, खेल खत्म भाई!) एमएलसी चुनाव में शिक्षकों और स्नातकों की चारों सीटों पर एनडीए ने क्लीन स्वीप किया.'

मालूम हो, इन चुनावों में दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों और दो स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर मतदान हुआ था. BJP ने तीन सीटें जीतीं, जबकि उसकी सहयोगी JD(S) ने बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की. चुनाव 23 अक्टूबर को हुए थे और काउंटिंग के बाद 28 अक्टूबर को सभी चार सीटों के नतीजे सामने आए.

पुरानी फोटो शेयर कर BJP ने क्यों कसा तंज?

बीजेपी ने डीके शिवकुमार की जो तस्वीर शेयर की, वह फरवरी 2023 की है. दरअसल, उस समय शिवकुमार ने विधानसभा परिसर विधान सौधा के अंदर तत्कालीन मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के बजट के विरोध में अलग अंदाज में प्रदर्शन किया था. तस्वीर में उनके सिर पर गेंदे के फूल दिखाई दे रहे हैं.

Advertisement

अब MLC चुनाव में कांग्रेस की चारों सीटों पर हार के बाद बीजेपी ने इसी तस्वीर का इस्तेमाल शिवकुमार पर तंज कसने के लिए किया. पार्टी ने लिखा, 'It's done, bro!' यानी 'हो गया भाई, खेल खत्म'. कांग्रेस के लिए यह नतीजा इसलिए भी झटका है, क्योंकि पार्टी इन चुनावों में अपनी एक सीट बचाने और बाकी सीटों पर बढ़त बनाने की उम्मीद कर रही थी.

वहीं बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में JD(S) उम्मीदवार एपी रंगनाथ ने कांग्रेस के मौजूदा MLC पुट्टन्ना को 908 वोटों से हराया. रंगनाथ को 10,810 वोट मिले, जबकि पुट्टन्ना को 9,902 वोट मिले. पुट्टन्ना फिर से विधान परिषद पहुंचने की कोशिश कर रहे थे. इससे पहले वह 2022 और 2024 के चुनावों में रंगनाथ को हरा चुके थे. इस बार नतीजा उनके पक्ष में नहीं रहा और यह सीट JD(S) के खाते में चली गई.

यह भी पढ़ें: 'कांग्रेस कर रही वोट चोरी', BJP विधायक ने कर्नाटक MLC चुनाव में लगाए आरोप

BJP ने बाकी तीन सीटें भी जीतीं

उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में BJP के मौजूदा MLC शशिल जी नामोशी ने कांग्रेस उम्मीदवार शरणप्पा मत्तूर को हराया. नामोशी ने इस सीट से पांचवीं बार जीत दर्ज की. उन्हें 15,596 वोट मिले, जबकि मत्तूर को 12,299 वोट मिले. जीत का अंतर 3,297 वोट रहा.

Advertisement

वहीं दक्षिण-पूर्व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में BJP उम्मीदवार केएम सुरेश ने जीत हासिल की. वहीं पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में पार्टी के मौजूदा MLC एसवी संकनूर ने कांग्रेस उम्मीदवार मोहन लिम्बिकाई को हराया. इस तरह BJP ने अपने कब्जे वाली तीन सीटें बरकरार रखीं, जबकि JD(S) ने कांग्रेस से बेंगलुरु शिक्षक सीट छीन ली.

नतीजों के बाद निखिल कुमारस्वामी ने राहुल गांधी को घेरा

नतीजों के बाद JD(S) के युवा नेता निखिल कुमारस्वामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा. राहुल गांधी चुनावों में वोट चोरी के आरोप लगाते रहे हैं. इसी संदर्भ में निखिल ने कहा कि इन चुनावों में EVM का इस्तेमाल नहीं हुआ, बल्कि बैलेट पेपर से मतदान कराया गया था.

उन्होंने X पर सवाल उठाया कि जब राज्य की मशीनरी कांग्रेस सरकार के हाथ में है और चुनाव बैलेट पेपर से हुए हैं, तो क्या अब कांग्रेस अपनी हार के लिए 'पेपर चोरी' का आरोप लगाएगी? निखिल की यह टिप्पणी कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों पर राजनीतिक हमला थी.

 चारों MLC सीटों पर हार को कांग्रेस के लिए राजनीतिक झटका माना जा रहा है. हालांकि, इन नतीजों से कर्नाटक सरकार की स्थिरता पर सीधे असर पड़ने की उम्मीद नहीं है. विधान परिषद में कांग्रेस की सदस्य संख्या BJP और JD(S) से ज्यादा है.

Advertisement

फिर भी, BJP-JD(S) गठबंधन के लिए यह जीत अहम है. दोनों दलों ने शिक्षकों और स्नातकों के निर्वाचन क्षेत्रों में एकजुट होकर चुनाव लड़ा और चारों सीटें जीत लीं. दूसरी ओर, कांग्रेस को अब यह देखना होगा कि इन नतीजों के बाद वह अपने संगठन और चुनावी रणनीति को किस तरह मजबूत करती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement