
भारत में क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि लोगों के लिए एक इमोशन भी है. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर उम्र के लोग इस खेल को बेहद पसंद करते हैं और इसके प्रति खास जुनून देखने को मिलता है. दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम भी भारत में ही है, जिसे नरेंद्र मोदी स्टेडियम के नाम से जाना जाता है. यह गुजरात के अहमदाबाद में स्थित है.
अब कर्नाटक को भारत का दूसरा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम मिलने जा रहा है. मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शनिवार को अनेकल तालुक के सूर्यनगर फेज-4 में इस परियोजना की आधारशिला रखी.

अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार बनने वाले इस स्टेडियम में करीब 80,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी. यह स्टेडियम हाउसिंग डिपार्टमेंट और कर्नाटक हाउसिंग बोर्ड द्वारा विकसित किए जाने वाले एक बड़े स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का हिस्सा होगा. इस परियोजना की घोषणा बेंगलुरु के पास सूर्यनगर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान की गई.
प्रोजेक्ट के लिए 4000 एकड़ जमीन
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बताया कि पूरे विकास प्रोजेक्ट के लिए करीब 4,000 एकड़ जमीन का इस्तेमाल किया जाएगा. इनमें से 75 एकड़ जमीन स्टेडियम के लिए इस्तेमाल होगी, जबकि बाकी जमीन पर हाउसिंग लेआउट और किसानों व अन्य आवेदकों के लिए प्लॉट विकसित किए जाएंगे.
एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी की जीत के जश्न के दौरान हुई हालिया भगदड़ का जिक्र करते हुए सिद्धारमैया ने कहा कि राज्य को खेलों को बढ़ावा देने और बड़ी भीड़ को सुरक्षित रूप से समायोजित करने के लिए बेहतर बुनियादी ढांचे के साथ एक बड़े स्थान की जरूरत है.
हालांकि, इस परियोजना का कुछ किसानों और पर्यावरणविदों ने विरोध किया है. उनका कहना है कि स्टेडियम की लोकेशन कराडिक्कल-महादेश्वर वन्यजीव कॉरिडोर के करीब है.