scorecardresearch
 

हरिद्वार में बारिश के साथ तेज ओलावृष्टि, गाड़ियों के शीशे तक टूटे

उत्तराखंड के हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में तेज बारिश और ओलावृष्टि से नुकसान हुआ है. बड़े-बड़े ओले गिरने से कई गाड़ियों और मकानों के शीशे टूट गए, जबकि सोलर पैनल और फसलों को भी नुकसान पहुंचा है. ओलावृष्टि की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया. बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और मौसम ठंडा हो गया.

Advertisement
X
हरिद्वार में तेज बारिश और ओलावृष्टि से गाड़ियों, मकानों और फसलों को नुकसान हुआ.(Photo-PTI)
हरिद्वार में तेज बारिश और ओलावृष्टि से गाड़ियों, मकानों और फसलों को नुकसान हुआ.(Photo-PTI)

उत्तराखंड के हरिद्वार में शुक्रवार सुबह अचानक मौसम बदल गया. आसमान में काले बादल छा गए और बिजली की कड़कड़ाहट के साथ बारिश शुरू हो गई. शुरुआत में बारिश धीमी थी, लेकिन धीरे-धीरे इसकी रफ्तार बढ़ गई. बारिश के साथ ओले भी गिरने लगे. हरिद्वार शहर से लेकर आसपास के ग्रामीण इलाकों तक काफी देर तक बारिश और ओलावृष्टि हुई. बड़े-बड़े ओले गिरने से कई जगह नुकसान हुआ है.

ओलावृष्टि के चलते कई गाड़ियों के शीशे टूट गए. कुछ मकानों के शीशों को भी नुकसान पहुंचा है. इसके अलावा कई लोगों के सोलर पैनल भी ओले गिरने से क्षतिग्रस्त हो गए. अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. मौसम बदलने के बाद तापमान में गिरावट आई है और ठंडक बढ़ गई है. बारिश और ओले गिरने से ऐसा लग रहा है कि ठंड की शुरुआत होने वाली है.

हरिद्वार के साथ उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में भी तेज ओलावृष्टि हुई. इससे फसलों और कृषि उपज को नुकसान पहुंचा है. किसानों को हुए नुकसान की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया.

मुख्यमंत्री ने ली नुकसान की जानकारी

मुख्यमंत्री शुक्रवार को हल्द्वानी से देहरादून लौट रहे थे. इसी दौरान उन्हें ऊधम सिंह नगर के बाजपुर में ओलावृष्टि और उससे हुए नुकसान की जानकारी मिली. इसके बाद उन्होंने अपना हेलिकॉप्टर प्रभावित क्षेत्र की ओर मोड़ दिया. धामी ने पहले हवाई सर्वेक्षण कर नुकसान का जायजा लिया और फिर जमीन पर पहुंचकर प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया.

Advertisement

मुख्यमंत्री ने प्रभावित किसानों से मुलाकात की और उनकी फसलों को हुए नुकसान के बारे में जानकारी ली. उन्होंने किसानों की समस्याएं भी सुनीं और हर संभव मदद का भरोसा दिया. धामी ने अधिकारियों को फसलों के नुकसान का तुरंत विस्तृत सर्वे करने, नुकसान का आकलन करने और तय समय में किसानों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है.

हरदा ने भी मुआवजे की मांग की

वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी ओलावृष्टि से हुए नुकसान का आकलन करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि हरिद्वार समेत राज्य के कई हिस्सों में ओलावृष्टि से फसलों और सब्जियों को नुकसान पहुंचा है. इसके अलावा गाड़ियों और मकानों के शीशे टूटने से भी लोगों को नुकसान हुआ है. हरीश रावत ने राज्य सरकार से प्रभावित इलाकों में नुकसान का सही आकलन कराने और जिन लोगों को ज्यादा नुकसान हुआ है, उन्हें उचित मुआवजा और सहायता देने की मांग की.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement