उत्तराखंड के नैनीताल जिले में एक होमस्टे संचालक की बेटी से कथित छेड़छाड़ के मामले में दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. घटना के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों में आक्रोश फैल गया, जिन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया.
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के पिता की शिकायत पर उधम सिंह नगर में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) जितेंद्र प्रसाद और हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शनिवार रात पीड़िता अपनी बहन के साथ एक रिश्तेदार के यहां से लौट रही थी. इसी दौरान पास के एक होमस्टे में ठहरे दोनों पुलिसकर्मियों ने उसके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया और छेड़छाड़ की.
पीड़िता के पिता का आरोप है कि घटना के समय दोनों पुलिसकर्मी नशे की हालत में थे. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और दोनों पुलिसकर्मियों को पकड़ लिया. इसके बाद उन्हें नजदीकी पुलिस चौकी ले जाया गया, जहां लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया.
बताया गया है कि दोनों पुलिसकर्मियों की ड्यूटी 15 जून को आयोजित होने वाले कैंची धाम स्थापना दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगाई गई थी.
विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों का मेडिकल टेस्ट कराया, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के समय उन्होंने शराब का सेवन किया था या नहीं.
भवाली थाना प्रभारी प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ छेड़छाड़ सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.