उत्तराखंड की शांत वादियों में बसे विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में इस बार आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ने जा रहा है. दुनिया भर में करोड़ों लोगों की श्रद्धा का केंद्र बन चुके बाबा नीम करौली महाराज के पावन धाम का स्थापना दिवस 15 जून को भव्य और दिव्य रूप में मनाया जाएगा. मंदिर समिति और जिला प्रशासन ने इस विशाल आयोजन को लेकर अपनी सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं.
एक लाख से ज्यादा श्रद्धालु आ सकते हैं
एप्पल के संस्थापक स्टीव जॉब्स और मेटा के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग जैसे विश्व प्रसिद्ध लोगों की प्रेरणास्थली रहे बाबा नीम करौली महाराज के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था लगातार बढ़ती जा रही है. यही वजह है कि इस बार पिछले वर्षों की तुलना में कहीं अधिक भीड़ उमड़ने का अनुमान लगाया जा रहा है. मंदिर समिति के मुताबिक स्थापना दिवस पर करीब एक लाख से ज्यादा श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए कैंची धाम पहुंच सकते हैं.

जंगलों के बीच बनेगा आध्यात्मिक ट्रैकिंग रूट
इस बार श्रद्धालुओं के लिए एक खास और अनोखी व्यवस्था भी की जा रही है. प्रशासन और वन विभाग की मदद से जंगलों के बीच से होकर गुजरने वाला ट्रैकिंग रूट तैयार किया जा रहा है. इस प्राकृतिक रास्ते से होकर भक्त पैदल यात्रा करते हुए हरियाली, पहाड़ों और शांत वातावरण के बीच बाबा के धाम तक पहुंच सकेंगे. वन विभाग को ट्रैकिंग रूट की सफाई और मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा मिल सके.
14 और 15 जून को कैंची धाम क्षेत्र में वाहनों की एंट्री बंद
स्थापना दिवस के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है. अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने बताया कि 14 और 15 जून को कैंची धाम क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वैकल्पिक पार्किंग, शटल सेवा और पैदल मार्ग जैसी व्यवस्थाएं की जा रही हैं ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो.

बाबा के भंडारे की तैयारियां शुरू, बनने लगे मालपुए
उधर बाबा के भक्त अभी से कैंची धाम पहुंचने लगे हैं और विशाल भंडारे की तैयारियों में जुट गए हैं. मंदिर समिति के सचिव भय्यू साह के अनुसार इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. मंदिर परिसर में प्रसाद और विशेष रूप से मालपुए बनाने का कार्य भी शुरू हो चुका है. पूरे धाम में भक्ति, सेवा और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है.
प्रशासन अलर्ट मोड पर, सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन और मंदिर समिति पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं. सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात नियंत्रण, पेयजल, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन को लेकर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि बाबा के भक्तों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
बाबा नीम करौली महाराज के प्रति देश-विदेश में बढ़ती आस्था के बीच इस बार कैंची धाम का स्थापना दिवस केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि श्रद्धा, सेवा और आध्यात्मिक ऊर्जा का विराट संगम बनने जा रहा है.