उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में बुधवार शाम उस समय सरेआम हंगामा खड़ा हो गया, जब दो महिला यूट्यूबर्स के बीच सड़क पर तीखी नोकझोंक शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच गाली-गलौज और आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
एक-दूसरे के खिलाफ बनाती हैं वीडियो
मामला काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, महिला यूट्यूबर ज्योति अधिकारी और सुनीता भट्ट के बीच पहले से ही विवाद चला आ रहा है. दोनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक-दूसरे के खिलाफ वीडियो बनाकर आरोप लगाती रही हैं. कई बार वे एक-दूसरे और उनके परिवारों को लेकर भी भद्दे कमेंट करती रही हैं.
बीच बाजार कहासुनी और गाली गलौच
बताया जा रहा है कि बुधवार शाम दोनों का आमना-सामना काठगोदाम इलाके के बाजार में हो गया. इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. कुछ ही देर में विवाद बढ़ता गया और दोनों एक-दूसरे पर आरोप लगाने लगीं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस के दौरान दोनों ने एक-दूसरे को अपशब्द भी कहे और एक-दूसरे के पतियों को लेकर भी गंदी टिप्पणियां कीं.
'तुझे बड़ा इंटरेस्ट आ रहा है मेरे पति में?'
सड़क पर अचानक हुए इस विवाद को देखने के लिए आसपास के लोग रुकने लगे और मौके पर भीड़ जमा हो गई. एक ने कहा 'मेरा पति यहां है तू अपने पति को बुला'. इसपर दूसरी ने कहा- 'तुझे बड़ा इंटरेस्ट आ रहा है मेरे पति में?'माहौल बिगड़ता देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी. सूचना मिलने के बाद काठगोदाम पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन उस समय उनका गुस्सा कम नहीं हुआ.
दोनों को थाने ले आई पुलिस
स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए पुलिस दोनों महिला यूट्यूबर्स को अपने साथ काठगोदाम थाने ले गई. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों के खिलाफ शांति भंग की आशंका के तहत कार्रवाई की गई है.
पहले ही एक मामले में जमानत पर हैं ज्योति अधिकारी
गौरतलब है कि यूट्यूबर ज्योति अधिकारी हाल ही में उस समय चर्चा में आई थीं, जब उन्होंने उत्तराखंड के लोक देवताओं को लेकर कथित रूप से विवादित टिप्पणी की थी. इस मामले में उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था और फिलहाल वह जमानत पर बाहर हैं. फिलहाल पुलिस ने दोनों के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.