scorecardresearch
 

हल्द्वानी में बेखौफ स्नैचर्स का आतंक: मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला के कान से नोचे सोने के झुमके, CCTV में कैद हुई वारदात

उत्तराखंड के हल्द्वानी में गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली एक बुजुर्ग महिला से दो स्नैचर्स ने कानों से सोने के झुमके झपट लिए. वारदात मुखानी थाना क्षेत्र के हिम्मतपुर में हुई और पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है. घटना के बाद शहर में कानून-व्यवस्था और सुबह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

Advertisement
X
मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला के कान से नोचे सोने के झुमके (Photo: ITG)
मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला के कान से नोचे सोने के झुमके (Photo: ITG)

उत्तराखंड के हल्द्वानी में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं. अब सुबह की सैर पर निकलने वाले लोग भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे हैं. गुरुवार सुबह मुखानी थाना क्षेत्र के हिम्मतपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकली एक बुजुर्ग महिला को दो स्नैचर्स ने अपना निशाना बना लिया. बदमाश महिला के कानों से सोने के झुमके झपटकर फरार हो गए. पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह बुजुर्ग महिला रोज की तरह हिम्मतपुर इलाके में मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं. इसी दौरान पीछे से आए दो बदमाशों ने उन पर अचानक झपट्टा मार दिया. इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, बदमाश उनके कानों में पहने सोने के झुमके झटककर मौके से फरार हो गए. अचानक हुई इस घटना से महिला घबरा गई और शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग चुके थे.

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में स्नैचिंग की पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है. फुटेज में दो संदिग्ध बदमाश वारदात को अंजाम देते और तेजी से भागते दिखाई दे रहे हैं. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है. आसपास के इलाकों में भी लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके.

Advertisement

पुलिस की गश्त पर उठे सवाल

दिन निकलते ही मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोगों की संख्या काफी रहती है. ऐसे समय में अपराधियों का बेखौफ होकर स्नैचिंग जैसी वारदात को अंजाम देना पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि संवेदनशील इलाकों में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग होती तो इस तरह की घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता था. घटना के बाद हिम्मतपुर और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों में डर का माहौल है. खासकर सुबह और शाम टहलने निकलने वाले बुजुर्गों और महिलाओं ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है. लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से स्नैचिंग और चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे अपराधियों के हौसले बढ़ते नजर आ रहे हैं.

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

मुखानी थाना पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. आसपास के थानों को भी अलर्ट कर दिया गया है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. हल्द्वानी में लगातार सामने आ रही स्नैचिंग की घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है. पहले मोबाइल और चेन स्नैचिंग की घटनाएं सामने आती थीं, लेकिन अब अपराधी बुजुर्ग महिलाओं को भी निशाना बनाने से नहीं हिचक रहे हैं. इससे साफ है कि बदमाशों में पुलिस का खौफ कम होता जा रहा है.

Advertisement

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी है. वहीं शहरवासी उम्मीद कर रहे हैं कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होगी और पुलिस ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करेगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement