scorecardresearch
 

उत्तराखंड में दिल्ली के पर्यटकों का हंगामा, नशे में स्थानीय लोगों को बेरहमी से पीटा, video

टिहरी गढ़वाल में दिल्ली से आए छह पर्यटकों ने नशे की हालत में स्थानीय लोगों से मारपीट की. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी.

Advertisement
X
उत्तराखंड में छह नशे में धुत पर्यटकों ने स्थानीय लोगों की पिटाई की. (Photo: Screen grab)
उत्तराखंड में छह नशे में धुत पर्यटकों ने स्थानीय लोगों की पिटाई की. (Photo: Screen grab)

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में दिल्ली से घूमने आए छह पर्यटकों ने नशे की हालत में स्थानीय लोगों के साथ जमकर मारपीट कर दी. इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग काफी गुस्सा जाहिर कर रहे हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया, जिसके बाद सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

यह घटना टिहरी गढ़वाल के एक पार्किंग इलाके की बताई जा रही है. वायरल वीडियो में कुछ लोग स्थानीय लोगों पर लगातार मुक्के, थप्पड़ और लात बरसाते नजर आ रहे हैं. वीडियो में एक महिला भी दिखाई देती है. वहीं एक युवक कपड़े उतारे हुए बड़े पत्थर को उठाकर स्थानीय व्यक्ति की तरफ फेंकने की कोशिश करता दिखता है. पीड़ित के जमीन पर गिरने के बाद भी उसके साथ मारपीट जारी रहती है. इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी नाराजगी जताई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस

मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्वेता चौबे के मुताबिक, सबसे पहले घायल लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया. इसके बाद आरोपियों की तलाश शुरू की गई. पुलिस ने कुछ ही देर में सभी छह पर्यटकों को पकड़ लिया. सभी आरोपी दिल्ली के रहने वाले हैं. जांच में सामने आया है कि वे यात्रा के दौरान शराब के नशे में थे. इसी हालत में उनका स्थानीय लोगों से विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया.

Advertisement

फिलहाल, पुलिस ने छहों पर्यटकों के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत सार्वजनिक जगह पर नशे में उपद्रव करने के आरोप में कार्रवाई की है. मामले की आगे भी जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि झगड़ा आखिर किस वजह से हुआ. पुलिस ने साफ कहा है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी. लोगों से अपील की गई है कि अगर कहीं भी ऐसी घटना दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.

पुलिस का कहना है कि पर्यटन स्थलों पर आने वाले सभी लोगों से कानून का पालन करने और स्थानीय लोगों के साथ जिम्मेदारी से व्यवहार करने की उम्मीद की जाती है. किसी भी तरह की हिंसा या उपद्रव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement