scorecardresearch
 

बद्रीनाथ हाईवे बंद, ऋषिकेश में राफ्टिंग पर भी रोक... उत्तराखंड में मॉनसून की बारिश का असर

Uttarakhand Monsoon Rain: उत्तराखंड में मॉनसून की दस्तक के साथ ही बारिश ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है. राज्य के कई जिलों में लगातार बारिश की वजह से जनजीवन प्रभावित है. कई इलाकों में भूस्खलन होने से सड़कें बंद हैं. बद्रीनाथ हाईवे बंद होने से यातायात पर असर पड़ा है.

Advertisement
X
Landslide in Uttarakhand due to Heavy rain (Photo-ITG)
Landslide in Uttarakhand due to Heavy rain (Photo-ITG)

उत्तराखंड में मॉनसून की तेज बारिश ने मुश्किलें खड़ी कर दी हैं. पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं. भूस्खलन की वजह से सड़कें बंद हो रही हैं. बद्रीनाथ हाईवे कई जगहों पर बंद कर दिया गया है. वहीं, सुरक्षा को देखते हुए ऋषिकेश में रिवर राफ्टिंग पर भी रोक लगा दी गई है. 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के निदेशक डॉ. सीएस. तोमर ने बताया कि उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में अब मॉनसून एक्टिव है. पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, चमोली, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और बागेश्वर में रात से बारिश का दौर जारी है. बागेश्वर में मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने 2 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित कर दी है.

बागेश्वर में मूसलाधार बारिश के कारण पहाड़ों से सड़कों पर मलबा आ गया है. 14 ग्रामीण सड़कें मलबा आने से बंद हो गई हैं, जिससे करीब 50 गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है. कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी बाधित है. प्रशासन जेसीबी और मशीनों की मदद से सड़कों से मलबा हटाने में जुटा है.

चमोली जिले में गुलाबकोटी के पास भारी मलबा आने से बद्रीनाथ नेशनल हाईवे बंद हो गया है. सड़क खोलने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है. बद्रीनाथ में बुधवार दोपहर के बाद हुई झमाझम बारिश ने गर्मी से तो राहत दी है लेकिन अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है. बारिश के चलते मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही कम हो गई है. हालांकि, दर्शन जारी हैं.

Advertisement

वहीं, मॉनसून की पहली ही बारिश में बद्रीनाथ मार्ग गुलाबकोटी में बंद होने से यात्रियों की संख्या में जबरदस्त गिरावट देखने को मिल रही है. बता दें कि मॉनसून के मौसम में बद्रीनाथ यात्रा पर मौसम का असर हमेशा पड़ता है. दरअसल, भारी बारिश से जगह-जगह भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है. ऐसे में अब प्रशासन भी यात्रियों को सुरक्षित यात्रा करने की सलाह दे रहा है.

इसके अलावा रुद्रप्रयाग जिले में धारी देवी के पास सिरोबगड़ में ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे भी बंद हो गया है, जिससे चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालु हाईवे पर फंस गए हैं. मौसम खराब होने के कारण केदारनाथ धाम के लिए संचालित सभी आठ हेली सेवाओं पर फिलहाल 5 जुलाई तक रोक लगा दी गई है. जिला प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया गया है. मौसम की स्थिति के आधार पर रोक आगे भी बढ़ाई जा सकती है.

बता दें कि बुधवार तक बागेश्वर में 98 मिमी, देहरादून में 62 मिमी, पिथौरागढ़ में 60 मिमी और चंपावत में 60 मिमी बारिश दर्ज की गई है. राज्य के ज्यादातर इलाकों में अच्छी बारिश हुई है. IMD के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक राज्य के ज्यादातर इलाकों में मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं, कुछ जगहों पर भारी बारिश की उम्मीद है.

Advertisement

गंगा में पानी बढ़ने से राफ्टिंग बंद
इधर, ऋषिकेश में मॉनसून के मद्देनज़र राफ्टिंग गतिविधियों पर प्रतिबंध लागू कर दिया गया है. इसके बावजूद कुछ पर्यटक और राफ्ट संचालक जोखिम उठाकर नदी में उतरते दिखाई दिए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

सोनप्रयाग-मुनकटिया मार्ग पत्थर गिरने से बंद, हटाया जा रहा मलबा 
गुरुवार सुबह 09.44 बजे सेक्टर अधिकारी सोनप्रयाग ने जानकारी दी कि मुनकटिया क्षेत्र में पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के कारण यात्रा मार्ग अवरुद्ध हो गया है.जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मार्ग को जल्द खोलने के लिए संबंधित विभाग की टीमें जेसीबी मशीनों के साथ मलबा और बड़े पत्थर हटाने के काम किया जा रहा है.

पहाड़ों से गिर रहींं चट्टानें
विकासनगर के यमुनोत्री-उत्तरकाशी नेशनल हाईवे पर बुधवार, 1 जुलाई को बारिश के दौरान पहाड़ी से एक विशाल पत्थर चलती कार पर गिर गया. हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन उसमें सवार पूरा परिवार चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया. घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया. पुलिस, एमडीआरएफ और राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि जेसीबी की मदद से सड़क से मलबा और क्षतिग्रस्त वाहन हटाकर यातायात बहाल किया गया.

Advertisement

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है. प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, खासतौर पर पहाड़ी रास्तों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने और मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है.

इसके साथ ही मॉनसून की चुनौतियों से निपटने की तैयारियों के मद्देनजर 2 जुलाई को उत्तराखंड के कई स्थानों पर मॉकड्रिल होगी. जिसमें आपदा प्रबन्धन विभाग  एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के साथ मिलकर तैयारियों को भांपेगा. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement