scorecardresearch
 

अमेठी पहुंचकर बोलीं स्मृति ईरानी- कांग्रेस को वोट देने वालों के लिए भी करूंगी काम

स्मृति ईरानी ने कहा कि अमेठी में सामाजिक क्रांति आई है. जनता अपने घर से बाहर निकली और बीजेपी के लिए वोट किया. जनता ने साबित कर दिया कि सरकार सिर्फ नामदारों के लिए नहीं बनी. यहां कोई व्यक्ति नहीं जीता है, यह जीत विकास की है.

Advertisement
X
अमेठी में स्मृति ईरानी (फोटो- ANI)
अमेठी में स्मृति ईरानी (फोटो- ANI)

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास व कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी अपने दो दिवसीय दौरे पर शनिवार अमेठी पहुंची. अमेठी के तिलोई में स्मृति ईरानी ने जन कल्याण योजनाओं की शुरुआत की. अमेठी पहुंचने के साथ ही स्मृति ईरानी बरौलिया पहुंचीं. यहां उन्होंने पूर्व ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह के परिजनों से मुलाकात की.

स्मृति ईरानी के साथ गोवा के मुख्यमंत्री डॉ प्रमोद सावंत भी थे. इसके अलावा उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और जिला प्रभारी मंत्री मोहसिन रजा ने भी स्मृति ईरानी के साथ अमेठी में विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत की. गौरतलब है कि पिछले महीने बीजेपी कार्यकर्ता सुरेंद्र सिंह की उनके घर के बाहर हत्या कर दी गई थी.

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने दो दिवसीय अमेठी दौरे के पहले दिन भारतीय जनता पार्टी के विधायक मयंकेश्वर सिंह के घर पर मीटिंग भी की. स्मृति ईरानी ने विभिन्न विकास परियोजना का उद्घाटन और शिलान्यास किया.

Advertisement

इसके बाद तिलोई में जनसभा को संबोधित करते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि अमेठी में सामाजिक क्रांति आई है. जनता अपने घर से बाहर निकली और बीजेपी के लिए वोट किया. जनता ने साबित कर दिया कि सरकार सिर्फ 'नामदारों' के लिए नहीं बनी. यहां कोई व्यक्ति नहीं जीता है, यह जीत विकास की है. अमेठी में लोगों ने जातीय आधार पर वोट नहीं दिया. उन्होंने वोट विकास के लिए दिया है.

उन्होंने कहा कि मैं अमेठी में उन लोगों के विकास के लिए भी काम करूंगी, जिन्होंने कांग्रेस पार्टी को वोट दिया. मैं आपकी सेवा बहन के रूप में करूंगी न कि एक सांसद के रूप में. मैं उन लोगों को बिल्कुल निराश नहीं करूंगी, जिन्होंने विकास के लिए वोट दिया है. अगले पांच साल तक हमारी सरकार- सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के लिए काम करेगी. मैं राज्य सरकार का 8 नई एंबुलेंस देने के लिए शुक्रिया अदा करती हूं.

गरीबों के लिए बनाए जाएंगे शौचालय- केशव प्रसाद मौर्य

 केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि मैं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को गौरीगंज और तिलोई में बेहतर रोड देने के लिए शुक्रिया अदा करती हूं. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लोगों को लाभ मिला. इससे पहले लोगों को अपना सांसद खोजना पड़ता था. मैंने पहले ही गौरीगंज में एक जगह की पहचान कर ली है जहां मेरा घर बनाया जाएगा. कल मैं जिलाधिकारी और एसपी से मुलाकात करूंगी. मैं जिला प्रशासन से 7 दिनों के भीतर लोगों की समस्याओं को हल करने का आग्रह करूंगी.

स्मृति ईरानी के साथ अमेठी पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई. आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. हमारे लिए पार्टी कार्यकर्ता जरूरी है. स्मृति जी अपना घर यहां बनवा रही हैं. यहां PWD गेस्ट हाउस का निर्माण भी करवाया जाएगा. इसके अलावा अवध यूनिवर्सिटी से मान्यताप्राप्त यहां 44 कॉलेज बनाए जाएंगे.

Advertisement
Advertisement