उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर में भाजपा के विधायक उमेश मलिक के काफिले पर शनिवार को कुछ लोगों ने अचानक हमला बोल दिया. जानकारी के मुताबिक बुढ़ाना विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक उमेश मलिक अपने काफिले के साथ सिसौली में हो रहे जन कल्याण समिति की वर्षगांठ के कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे. उसी दौरान काफी संख्या में लोग इकट्ठा होकर मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए, भाजपा विधायक की गाड़ी पर टूट पड़े.
गुसाई भीड़ ने गाड़ी पर कीचड़ और काला तेल भी फेंका इसके अलावा गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की. हालांकि गनीमत ये रही कि गाड़ी में बैठे भाजपा विधायक बाल बाल बच गए. मामले में 9 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
Protestors attack vehicle of BJP MLA from Budhana, Umesh Malik's car in Muzaffarnagar's Sisauli, where he had gone to attend an event of the Jan Kalyan Samiti
— ANI UP (@ANINewsUP)
बता दें कि काफिले पर हमले की वारदात भौराकलां थाना क्षेत्र के सिसौली गांव में हुई है. जोकि राकेश टिकैत का गांव है. भाजपा विधायक का आरोप है कि हमला करने वाले भाकियू के कार्यकर्ता थे, जिन्होंने मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए उनके काफिले पर हमला कर दिया.
वहीं भाजपा विधायक अपने समर्थकों के साथ भौराकलां थाने में हमलावरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने पहुंच गए. हालात को देखते हुए एहतियातन सिसौली गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. जानकारी के मुताबिक कई थानों की पुलिस फोर्स भी भौराकलां थाने पहुंच गयी.
वहीं घटना के बाद BKU राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने पंचायत बुला ली. बताया जा रहा है कि BKU की इमरजेंसी पंचायत सिसौली किसान भवन में की जा रही है. दूसरी तरफ बीजेपी विधायक उमेश मलिक पर हुए हमले के मामले में केंद्रीय मंत्री संजीव बाल्यान ने खुद हस्तक्षेप किया है. उन्होंने एसपी को चेतावनी देते हुए कहा है कि वो या तो कार्रवाई करें या छोड़ दें.